×

UP Weather Today: कड़ाके की ठंड के बीच नवाबी शहर, ताजनगरी में होगी बारिश, जानिए यूपी में आज और कल कैसा रहेगा मौसम

UP Weather Update: यूपी में ठंड-शीतलहर के बीच बारिश की संभावना जाहिर की जा रही है। आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। प्रदेश के कई इलाकों में अब खिली धूप निकल रही है।

aman
Report aman
Published on: 1 Feb 2024 1:47 AM GMT
UP Weather Update
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में फरवरी की शुरुआत के साथ मौसम का बदला मिजाज भी नजर आ रहा है। बर्फीली ठंड से राहत मिलने से पहले मौसम करवट ले रहा है। लखनऊ मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में बरसात की संभावना जाहिर की है। विभाग ने यूपी में गरज-चमक के साथ बौछार की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में जनवरी का तीसरा और चौथा हफ्ता बेहद ठंडा रहा। प्रदेश में ठंड और शीतलहर ने लोगों को खासा प्रभावित किया। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि, आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से राहत मिल सकती है। फरवरी में मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। इससे पहले बुधवार को भी अधिकांश इलाकों में खिली धूप नजर आई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। लखनऊ मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इस वजह से फरवरी महीने की शुरुआत बरसात के साथ होने की संभावना है।

यूपी के इन जिलों में बारिश की संभावना

राजधानी लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने फरवरी की शुरुआत में बारिश की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि, पश्चिमी यूपी के कई जिलों जैसे- मेरठ (Meerut), बिजनौर (Bijnor), मुरादाबाद (Moradabad), बदायूं (Badaun), बुलंदशहर (Bulandshahr), सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, ज्योतिबाफुले नगर, सीतापुर, हरदोई, खैरी, बहराइच, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती जिलों में बादलों की गर्जना और चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में 2 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई है। बताया जा रहा है कि, आने वाले तीन-चार दिनों में ठंड का असर कम हो जाएगा। बारिश के बाद लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी।

नवाबी शहर में भी रिमझिम बारिश

मौसम विभाग की तरफ से दी जा रही जानकारी के अनुसार, गुरुवार (01 फरवरी) को राजधानी लखनऊ में बारिश की संभावना है। शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विभाग का कहना है, गुरुवार को लखनऊ में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां नजर आ रही हैं। 02 फरवरी को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शुक्रवार को राजधानी में बारिश का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन सुबह के वक्त घना कोहरा दिखाई दे सकता है।

कानपुर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। साथ ही, सुबह के वक्त कोहरा और कुहासा देखने को मिलेगा। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दिन आसमान साफ रहेगा।

ताजनगरी में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, ताजनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। आगरा में भी गरज के साथ बरसात हो सकती है। शुक्रवार (02 फरवरी) को आगरा में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story