×

विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार युवाओं को देगी बड़ा तोहफा, 74,000 पदों पर जल्द भर्ती

योगी सरकार अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। दरअसल, जल्द ही 74 हज़ार पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

Shreedhar Agnihotri
Report Shreedhar AgnihotriPublished By Shreya
Published on: 3 July 2021 8:42 AM GMT
Yogi Adityanath
X

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Teachers Recruitment: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) अध्यापकों को एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। जल्द ही शिक्षकों 74 हज़ार पदों पर भर्तियां (Teachers Recruitment) की जाएंगी। जिनमे 30,000 पदों पर भर्तियां अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से की जानी हैं, जबकि उप्र उच्चतर शिक्षा चयन आयोग द्वारा 17,000 पदों पर भर्ती की जाएंगी। इसी तरह माध्यमिक शिक्षकों के 27000 पदों को भरा जाना है।

इन भर्तियों के लिए राज्य सरकार (UP Government) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उप्र लोक सेवा आयोग (UPPSC), उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC), उप्र उच्चतर शिक्षा चयन आयोग (UPHESC) तथा उप्र माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड (UPSESSB) के अध्यक्षों के साथ इन आयोगों एवं बोर्ड के तहत विभिन्न पदों पर होने वाली भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा है कि भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाए।

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा कि भर्ती की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और इसके लिए सम्पन्न की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि खराब छवि वाले विद्यालयों को परीक्षा केन्द्र (Exam Center) बिल्कुल न बनाया जाए। उन्होंने बड़ी परीक्षाओं को मण्डल स्तर पर और छोटी परीक्षाओं को जनपद स्तर पर आयोजित करने के सम्बन्ध में गम्भीरता से विचार करने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भर्तियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के समय अभ्यर्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए अधिक दूरी न तय करनी पड़े। उन्होंने कहा कि हर हाल में यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षाएं नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से आयोजित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने सभी आयोगों एवं बोर्ड के अध्यक्षों से समय से भर्तियां करने को कहा है। उन्होंने कहा कि शासन से जुड़े मामलों में सम्बन्धित अध्यक्ष मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधे सम्पर्क कर समस्या का तुरन्त समाधान कराएं, ताकि भर्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ायी जा सके। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 30,000 पदों पर भर्तियां की जानी हैं, जबकि उप्र उच्चतर शिक्षा चयन आयोग द्वारा 17,000 पदों पर भर्ती की जाएंगी। इसी प्रकार उप्र माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा 27,000 पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story