नगर विकास व ऊर्जा मंत्री मथुरा में: ए के शर्मा ने की स्वच्छता सन्देश की लॉन्चिंग

मथुरा आए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने अपने दौरे की शुरुआत भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए। ए के शर्मा ने मंदिर पहुंच कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया और भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए।

Nitin Gautam
Published on: 25 July 2022 2:16 PM GMT
Minister AK Sharma in Mathura
X

Minister AK Sharma in Mathura (Image: Newstrack)

उत्तर प्रदेश के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा सोमवार को मथुरा आए। नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री ए के शर्मा द्वारा कान्हा की नगरी मथुरा में नगर निगम का स्वच्छता गीत लांच किया गया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के विषय में भी जानकारी दी।

बांके बिहारी के किए दर्शन

मथुरा आए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने अपने दौरे की शुरुआत भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए। ए के शर्मा ने मंदिर पहुंच कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया और भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए। मंत्री बनने के बाद पहली बार मथुरा आए ऊर्जा मंत्री को मंदिर के सेवायत पुजारी ने भगवान का प्रसादी अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया।

ब्रज में आना मेरा सौभाग्य : नगर विकास मंत्री

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मथुरा दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने रिफाइनरी गेस्ट हाउस में नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के स्वच्छता गीत की भी लॉन्चिंग की। कार्यक्रम में उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व नगर निगम के अधिकारी गण मौजूद रहे। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की भूमि पर आने को अपना सौभाग्य बताया।

बिजली कटौती के नाम पर अफवाह फैला रहे लोग

मथुरा दौरे पर आए कैबिनेट मंत्री ए के शर्मा से जब ब्रज में हो रही बिजली कटौती के विषय में सवाल किया गया तो उसका जवाब देने की बजाय मंत्री जी प्रदेश में ऊर्जा मंत्रालय द्वारा किए जा रहे कार्यो को गिनाते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले 100 दिनों में सबसे ज्यादा बिजली का उत्पादन हुआ है। इसके साथ-साथ बिजली विभाग की कार्यशैली में भी सुधार आया है। बिजली कटौती पर ऊर्जा मंत्री ने कहा प्रदेश में पर्याप्त बिजली मिल रही है कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं।

पुस्तक का किया विमोचन

इससे पहले वृंदावन पहुंचे कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने नगर निगम के उप सभापति राधाकृष्ण पाठक के होटल में उनके भाई गोविंद कृष्ण पाठक द्वारा लिखित पुस्तक वृंदावन एक परिदृश्य का विमोचन किया। पुस्तक के विमोचन के अवसर पर उन्होंने कहा कि वृंदावन आधात्म जगत का मूल है। यहां आना परम सौभाग्य का विषय होता है।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story