TRENDING TAGS :
सावधान! उत्तर प्रदेश के इस शहर में 40 हजार ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने की तैयारी, आपका भी हो सकता है
Driving License Cancellation: उत्तर प्रदेश के मेरठ में करीब 40,000 ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने की तैयारी, हेलमेट न पहनने, ट्रिपल राइडिंग और ओवर स्पीडिंग पर लगातार चालान। जानिए ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ की कार्रवाई।
Driving License Cancellation: अगर आप दोपहिया वाहन चलाते हैं तो हेलमेट जरूर पहनिए। हेलमेट न लगाने की वजह से यूपी में हर महीने हजारों चालान काटे जा रहे हैं। खासकर वेस्ट यूपी के मेरठ में हर महीने चालान की संख्या और बढ़ जाती है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब भी हेलमेट पहनने की आदत नहीं डाल पा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि जब तक लोग नियम नहीं मानेंगे, चालान लगातार होते रहेंगे। कई ऐसे वाहन चालक हैं जिन पर बार-बार चालान हो चुका है। इनमें से करीब 40 हजार लोगों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने उन चालकों की सूची बनाई है जिनका पांच से ज्यादा बार चालान हो चुका है और फिर भी वे यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। यह सूची आरटीओ को भेजी जा चुकी है और अब इनके लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। पिछले दो महीने में ट्रैफिक पुलिस और आईसीसीसी कंट्रोल सेंटर की टीम ने करीब चार हजार चालान किए। इनमें रॉंग साइड गाड़ी चलाने, हेलमेट न पहनने, ट्रिपल राइडिंग, बिना लाइसेंस वाहन चलाने और ओवर स्पीडिंग जैसे मामले शामिल रहे।
क्या कहा ट्रैफिक पुलिस ने?
मेरठ के एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाती है। शहर में बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और अन्य उल्लंघनों पर लगातार चालान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन चालकों पर बार-बार चालान हो रहा है, उनकी सूची तैयार कर आरटीओ को भेज दी गई है।
एआरटीओ प्रवर्तन का बयान
एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कर्दम ने जानकारी दी कि करीब 40 हजार चालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनसे लाइसेंस की जानकारी मांगी गई है। आगे की प्रक्रिया के तहत जिन चालकों ने बार-बार नियम तोड़े हैं, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे।


