TRENDING TAGS :
Lucknow News: प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने पर राज्य कर्मचारियों ने सीएम योगी को दी बधाई: कर्मचारियों के कल्याण के लिए उठाए गए कदम: जेएन तिवारी
प्रदेश सरकार ने सेवा सुरक्षा और सुशासन की नीति पर चलते हुए 8 वर्षों का सफल सफर पूरा किया है। इस सफलता पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के माध्यम से मुख्यमंत्री को बधाई दी है।
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने सेवा सुरक्षा और सुशासन की नीति पर चलते हुए 8 वर्षों का सफल सफर पूरा किया है। इस सफलता पर प्रदेश के लाखों कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के माध्यम से मुख्यमंत्री को बधाई दी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने सोमवार को लखनऊ में परिषद के पदाधिकारियों से ऑनलाइन बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के ईमेल आईडी पर पत्र भेजकर उन्हें बधाई संदेश भेजा और सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
योजनाओं का प्रचार-प्रसार और कर्मचारियों का योगदान
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सबसे सफल और लोकप्रिय योजनाओं में से एक है, जिसके तहत युवाओं को 5 लाख रूपए तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही श्रमिकों के लिए कई योजनाएं जैसे विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, और कई अन्य योजनाएं चल रही हैं। इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार में प्रदेश के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कर्मचारियों के कल्याण के लिए उठाए गए कदम
परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। महंगाई भत्ते का नियमित भुगतान, कोविड संकटकाल के दौरान कर्मचारियों और पेंशनर्स को निर्बाध वेतन भुगतान, तथा संविदा कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ देने जैसे फैसलों से राज्य कर्मचारियों को लाभ हुआ है। इसके अलावा, 5 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मियों के लिए न्यूनतम वेतन निर्धारण करके उन्हें शोषण से मुक्त किया गया है।
जनपद स्तर पर प्रचार-प्रसार और विचार गोष्ठी
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जेएन तिवारी ने जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा चलाई गई योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। साथ ही 26 मार्च को प्रत्येक जनपद मुख्यालय पर विचार गोष्ठी आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें प्रदेश सरकार की सेवा सुरक्षा एवं सुशासन के 8 वर्षों के दौरान कर्मचारियों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
लखनऊ में विशेष कार्यक्रम
लखनऊ में डीपीए सभागार लखनऊ विश्वविद्यालय में देढ़ बजे से इस विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वहीं इस ऑनलाइन बैठक में संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष निरंजन कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नारायण जी दुबे, महामंत्री अरुणा शुक्ला सहित सैकड़ों पदाधिकारी शामिल हुए।