×

Sonbhadra News: पौधों की अनोखी बारात, त्रिदेव ने की अगुवाई, मंत्री-प्रशासनिक अधिकारी-जनप्रतिनिधि बने बाराती

Sonbhadra News: राजा शारदा महेश इंटर कालेज में हरिशंकरी पौध के रोपण के साथ बारात का समापन किया गया। वहीं, इस दौरान लोगों को रोपण के लिए पौधे भी वितरित किए गए।

Kaushlendra Pandey
Published on: 22 July 2023 9:30 AM GMT (Updated on: 22 July 2023 3:50 PM GMT)

Sonbhadra News: पूरे प्रदेश में एक साथ चलाए गए 30 करोड़ के पौधों के रोपण के अभियान के क्रम में सोनभद्र में शुक्रवार को पौधों की अनोखी बारात निकाली गई। रामलीला मैदान से निकली बारात की जहां ब्रह्मा, विष्णु, महेश ने अगुवाई की। वहीं, जनसामान्य के साथ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बारात का हिस्सा बने। राजा शारदा महेश इंटर कालेज में हरिशंकरी पौध के रोपण के साथ बारात का समापन किया गया। वहीं, इस दौरान लोगों को रोपण के लिए पौधे भी वितरित किए गए। जिला मुख्यालय पर निकली यह बारात लोगों के लिए खासा आकर्षण का केंद्र बनी रही।

एक दिन में सवा करोड़ पौधों के रोपण का चला अभियान

पूरे प्रदेश में शुक्रवार को चलाए जा रहे एक साथ 30 करोड़ पौधों के रोपण के अभियान के क्रम में सोनभद्र में एक दिन में सवा करोड़ पौधों के रोपण का अभियान चलाया गया। इसके लिए सुबह नौ बजे के करीब कलेक्ट्रेट के पास राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़, कमिश्नर डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी, डीएम चंद्रविजय सिंह ने आयुष वन का रोपण कर अभियान की शुरूआत की। वहां के बाद, पौधरोपण अभियान से लोगों को जोड़़ने और पौधों के रोपण के लिए लोगों को प्रेरित करने के निमित्त राबटर्सगंज नगर में पौधों की अनोखी बारात निकाली गई। मंत्रोच्चार के बीच जहां रामलीला मैदान में ब्रह्मा, विष्णु, महेश का पूजन किया गया। वहीं, ब्रह्मा, विष्णु, महेश की रूपसज्जा वाले बच्चों को रथ पर सवार कर नगर में पौधों की बारात निकाली गई। इस बारात में राज्त्रमंत्री संजीव कुमार गोंड़, एसपी डॉ. यशवीर सिंह, सीडीओ सौरभ गंगवार, विधायक सदर भूपेश चौबे, कमिश्नर डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी, डीएम चंद्रविजय सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, डीएफओ सुरेशचंद्र पांडेय, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधों का रोपण जरूरी बताते हुए, इसके लिए लोगों को प्रेरित किया गया।

बता दें कि सोनभद्र में 1.23 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य सरकार की तरफ से दिया गया है। इसमें 60 लाख पौधों के रोपण की जिम्मेदारी वन विभाग, 63 करोड़ पौधों के रोपण की जिम्मेदार ग्राम पंचायत, मनरेगा, संस्थाओं सहित अन्य को सौंपी गई है। इसके अलावा वन विभाग ने लक्ष्य से 24 लाख ज्यादा यानी 84 लाख पौधरोपण की तैयारी की है। कुल मिलाकर सोनभद्र 1.47 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य बनाया गया है। उसमें 85 फीसद पौधे, यानी करीब सवा करोड़ पौधों के रोपण के लिए शुक्रवार को अभियान चलाया गया। शेष पौधों के रोपण के लिए स्वतंत्रता दिवस पर अभियान चलाया जाएगा।

गांवों में चला ग्राम वन रोपण अभियान

गांवों में ग्राम वन रोपण और अमृत सरोवरों पर पौधरोपण का अभियान चलाया गया। ग्राम वन रोपण के संरक्षण के लिए चारों तरफ जंगली यानी इमारती पौधों का रोपण करते हुए, बीच में फलदार पौधों का रोपण किया गया। इसके रख-रखाव में कोई दिक्कत न आने पाए, इसके लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को जिम्मेदारी सौंपी गई। डीएम चंद्रविजय सिंह ने बताया कि इसके रखरखाव के लिए महिला स्वयं सहायता समूह की सक्रियता बनी रहे, इसके लिए उन्हें मनरेगा मद से एक निश्चित धनराशि भी प्रदान किए जाने की योजना बनाई गई है।

सोनभद्र ने बनाया पौधरोपण का नया रिकार्ड, रोपे गए सवा करोड़ पौधे

आखिरकार सोनभद्र ने पौधरोपण का नया रिकार्ड बनाने में कामयाबी पा ही ली। सुबह से लेकर शाम तक जहां इसको लेकर पूरे जिले में अभियान चलाया गया। वहीं, अभियान को गति देने में भी पूरे दिन मंत्री, जनप्रतिनिधि, मण्डलायुक्त, डीएम, एसपी, डीएफओ सहित अन्य अफसर जुटे रहे। पौधों की बारात के साथ ही ग्राम वन और आयुष वन रोपण के जरिए अभियान को उत्सव का रूप देने के साथ ही, लोगों को जागरूक करने की मुहिम चलती रही। देर शाम मिले पौधरोपण के आंकड़ों में सोनभद्र में महज एक दिन में एक करोड़ 24 लाख 81 हजार पौधों के रोपण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही सोनभद्र में एक दिन में पौधों के रोपण का एक नया रिकार्ड बन गया। बता दें कि इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक एक करोड़ सात लाख पौधों के रोपण का रिकार्ड सोनभद्र के नाम दर्ज था।

Kaushlendra Pandey

Kaushlendra Pandey

Next Story