×

Dev Deepawali 2022: काशी में देव दीपावली की जोरदार तैयारियां, घाटों पर ही नहीं पूरे शहर की होगी भव्य सजावट

Dev Deepawali 2022:देव दीपावली के मौके पर केवल गंगा के घाटों पर ही नहीं बल्कि पूरे शहर में भव्य सजावट की तैयारियां हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 4 Nov 2022 5:58 AM GMT
varanasi dev deepawali 2022
X

varanasi dev deepawali 2022 (photo: social media )

Dev Deepawali 2022: काशी के विश्वप्रसिद्ध उत्सव देव दीपावली की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। तैयारियों को पूरा करने के लिए अब मात्र तीन दिन का समय बचा है। इस कारण तैयारियों में काफी तेजी आ गई है। देव दीपावली के मौके पर काफी संख्या में पर्यटकों के काशी आने की संभावना के मद्देनजर किसी भी मोर्चे पर कोई कसर बाकी न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

देव दीपावली का उत्सव राष्ट्रीय पर्व की तर्ज पर मनाने की तैयारियां की गई हैं। देव दीपावली के मौके पर केवल गंगा के घाटों पर ही नहीं बल्कि पूरे शहर में भव्य सजावट की तैयारियां हैं। देव दीपावली के जरिए पर्यटकों के मन में काशी की वैभवशाली छवि पेश की जाएगी। सरकारी भवनों के साथ ही शहर की दुकानों पर भी भव्य सजावट की तैयारियां की गई हैं।

एयरपोर्ट से ही मिलेगी देव दीपावली की झलक

देव दीपावली पर काशी की भव्य छवि पेश करने के लिए प्रशासन की ओर से समस्त शहरवासियों का सहयोग मांगा गया है। काशी के लोग पहले भी देव दीपावली उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेते रहे हैं। इस मौके पर तमाम लोग अपने घरों को भी दीयों की लड़ियों से सजाते हैं। देव दीपावली की भव्यता देखने के लिए इस साल बाहर से आने वाले पर्यटकों का एयरपोर्ट पर डमरू दल की ओर से जोरदार स्वागत किया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे से ही देव दीपावली का उत्साह दिखने लगेगा।

कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने छह और सात नवंबर को एयरपोर्ट भवन पर भव्य सजावट कराने का निर्देश जारी किया है। एयरपोर्ट पर भव्य रंगोली बनाने के साथ रंगोली सेल्फी प्वाइंट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बाहर से आने वाले पर्यटक एयरपोर्ट पर रंगोली सेल्फी प्वाइंट पर अपनी तस्वीरें खिंचा सकते हैं।

रेलवे स्टेशनों पर बनाई जाएगी भव्य रंगोली

देव दीपावली के उत्सव को और भव्यता प्रदान करने के लिए काशी के सभी रेलवे स्टेशनों पर भी जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के अलावा बनारस रेलवे स्टेशन, काशी रेलवे स्टेशन, सिटी रेलवे स्टेशन, सारनाथ और शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी भव्य रंगोली बनाई जाएगी। इस बाबत भी कमिश्नर की ओर से निर्देश जारी किया गया है।

गंगा के उस पार रेती पर दीयों से भव्य रंगोली बनाई जाएगी। गंगा के उस पार दीपों की भव्य सजावट के लिए प्राइमरी स्कूल के शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके साथ ही स्कूली बच्चों और आम लोगों की मदद भी ली जाएगी।

पूरे शहर की होगी भव्य सजावट

एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और गंगा घाटों के साथ ही पूरे शहर में भव्य सजावट की तैयारी है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से देव दीपावली का उत्सव राष्ट्रीय पर्व की तर्ज पर मनाने का फैसला किया गया है। इसलिए देव दीपावली के मौके पर सरकारी भवनों पर बिजली की लड़ियों और फसाड लाइटिंग की सजावट की जाएगी।

कमिश्नर ने शहर भर के व्यापारियों से भी अपील की है कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों पर भी भव्य सजावट की जाए ताकि बाहर से आने वाले लोगों के मन में काशी की भव्य छवि पेश की जा सके। काशी की सभी गलियों, घरों और त्योहारों को 6 और 7 नवंबर को भव्य तरीके से सजाने की तैयारियां चल रही हैं। इसके साथ ही शहर के मुख्य मार्गों को भी देव दीपावली के मौके पर दीपों से सजाया जाएगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story