×

Lalit Upadhyay: यूपी पुलिस में डीएसपी बने ओलंपियन ललित उपाध्याय,अब जल्द शादी करने की तैयारी

Lalit Upadhyay: ललित उपाध्याय काशी के रहने वाले हैं और यूपी पुलिस में डीएसपी बनने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 14 Dec 2022 6:52 AM GMT
Lalit Upadhyay
X

Varanasi Lalit Upadhyay became DSP in UP Police (photo : Newstrack) 

Lalit Upadhyay: टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस ने डीएसपी नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपाध्याय को यूपी पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्ति का पत्र सौंपा।

ललित उपाध्याय काशी के रहने वाले हैं और यूपी पुलिस में डीएसपी बनने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। यूपी पुलिस में नियुक्ति के बाद अब ललित उपाध्याय के घर जल्दी शहनाई भी गूंजने वाली है। ललित के पिता सतीश उपाध्याय ने ललित की यूपी पुलिस में नियुक्ति के बाद जल्द ही उनकी शादी करने की बात कही है।

सीएम योगी ने ललित को सौंपा नियुक्ति पत्र

टोक्यो में आयोजित किए गए ओलंपिक के दौरान भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबे समय बाद पदक जीतने में कामयाबी हासिल की थी। कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में ललित उपाध्याय भी शामिल थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ओडिशा में 13 से 29 जनवरी तक होने वाली विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता की ट्रॉफी के अभिनंदन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विश्वकप की मेजबानी को भारत के लिए गर्व का विषय बताया और उम्मीद जताई कि भारतीय टीम विश्वकप प्रतियोगिता के दौरान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में कामयाब रहेगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय हॉकी टीम के शानदार खिलाड़ी ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस में डीएसपी पद पर नियुक्ति पत्र भी सौंपा।

नियुक्ति के बाद शादी के लिए तैयार हुए ललित

ललित उपाध्याय काशी के रहने वाले हैं और यूपी पुलिस में डीएसपी पद पर नियुक्ति मिलने के बाद ललित के वाराणसी में शिवपुर स्थित भगतपुर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। बेटे की यूपी पुलिस में अफसर पद पर नियुक्ति के बाद बेहद खुश नजर आ रहे पिता सतीश उपाध्याय ने कहा कि परिवार में पहली बार किसी को उत्तर प्रदेश पुलिस में काम करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि ललित लंबे समय से शादी करने से इनकार करते रहे हैं मगर यूपी पुलिस में नियुक्ति के बाद उन्होंने शादी के लिए हां कर दी है।

ललित उपाध्याय के शादी के लिए तैयार होने के बाद परिवार में इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है। परिवार के लोगों का कहना है कि जल्द ही घर में शहनाई गूंजने वाली है। ललित के पिता ने कहा कि लंबे समय से परिवार के लोग ललित की शादी का इंतजार कर रहे हैं और अब इंतजार की घड़ी समाप्त होने वाली है।

पीएम मोदी और योगी की नीति की सराहना

यूपी पुलिस में नियुक्ति के बाद ललित उपाध्याय भी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने की उत्तर प्रदेश सरकार की नीति का की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब उत्तर प्रदेश के किसी खिलाड़ी को डीएसपी के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों नियुक्ति का पत्र पाकर मेरा पूरा परिवार काफी उत्साहित है। उन्होंने लखनऊ में तैनाती की इच्छा भी जताई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश का खेल निदेशालय खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की कोशिश में जुटा हुआ है और इससे खिलाड़ियों का हौसला काफी बुलंद हुआ है। प्रदेश में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी ठोस तरीके से काम किया जा रहा है।

कई पुरस्कार जीत चुके हैं ललित

हॉकी की दुनिया में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ललित उपाध्याय को अर्जुन पुरस्कार और लक्ष्मण अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। भारतीय हॉकी टीम में फॉरवर्ड की भूमिका में खेलने वाले ललित उपाध्याय कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। वे टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के भी अहम सदस्य थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story