×

Varanasi News: गंगा फिर उफान पर, वाराणसी में 24 घंटे में बढ़ा डेढ़ मीटर जलस्तर, गंगा आरती छत पर

Varanasi Water Level of Ganga Increased : 18 अगस्त के बाद से मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जाहिर की है। वर्षा से एक बार फिर गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। खतरा अभी भी बरकरार है।

aman
Written By aman
Published on: 18 Aug 2022 10:43 AM GMT
varanasi news water level of ganga increased by one and a half meters in 24 hours below warning point
X

वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा घाट डूबे 

Varanasi News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। तेजी से बढ़े जलस्तर की वजह से गंगा किनारे रहने वालों की सांसें अटकी हुई है। हालांकि, उफनती गंगा बुधवार को थोड़ी नरम पड़ी। जिससे गंगा किनारे के लोगों ने राहत की सांस ली। आपको बता दें कि, मंगलवार देर रात गंगा में 80 मिली प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर बढ़ा था।

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर की वजह से वाराणसी में तटों के आसपास रह रहे लोगों की चिंताएं बढ़ने लगी। ये अलग बात है कि बुधवार सुबह गंगा का जलस्तर घटकर 30 मिली प्रति घंटा पर आ गया। इससे तटों के किनारे रहने वाले और शहरवासियों ने राहत की सांस ली। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि, अभी जलस्तर भले ही कम हुआ हो मगर खतरा अभी भी टला नहीं है। आपको बता दें कि, बीते 24 घंटों में गंगा के जलस्तर में 1.62 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

तेजी से बढ़ा गंगा का जलस्तर, गंगा आरती का स्थान बदला

गंगा में बढ़े जलस्तर का अनुमान आप इसी से लगा सकते हैं कि मंगलवार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच यानी 12 घंटों के भीतर ही पानी 1.56 मीटर बढ़ गया था। अचानक इतनी तीव्र गति से जलस्तर से बढ़ने से वाराणसी घाट की सभी सीढ़ियां डूब गईं। घाटों का आपस में संपर्क खत्म हो गया। बढ़े जलस्तर का असर शाम को होने वाली गंगा आरती पर भी दिखा। मंगलवार की शाम गंगा आरती का स्थल बदलकर छत पर ले जाना पड़ा।

धुकधुकी में बीती रात

वाराणसी में गंगा के जलस्तर के बढ़ने का सिलसिला कल रात तक जारी रहा। तेज आवाज के साथ बढ़ते पानी के स्तर से लोगों के अंदर डर साफ देखा जा रहा था। किसी तरह धुकधुकी में रात बीती। रात गहराने के साथ जलस्तर वृद्धि का सिलसिला और तेज हो गया। 80 मिली प्रति घंटा की रफ़्तार से बढ़ते जलस्तर की ऊंचाई बुधवार सुबह तक करीब 12 घंटों में 1.28 मीटर बढ़कर 66.90 मीटर तक पहुंच गई।

बारिश की संभावना, अभी खतरा टला नहीं

मगर, बुधवार सुबह से जलस्तर में कमी दर्ज की गई। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। जलस्तर में वृद्धि की रफ़्तार भले ही कम हुई हो। मगर, गुरुवार यानी 18 अगस्त के बाद से मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जाहिर की है। वर्षा से एक बार फिर गंगा का जलस्तर बढ़ सकता है। खतरा अभी भी बरकरार है। जानकार बताते हैं कि, गंगा नदी के जलस्तर बढ़ने की यही गति रही तो 18 अगस्त को इसका प्रवाह वरुणा और असी में भी पलट प्रवाह के रूप में देखा जा सकता है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि, वाराणसी में राजघाट पर बाढ़ का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर है। अर्थात वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र 3.02 मीटर ही नीचे रह गया है। आने वाले दिनों में लोगों को संभलकर रहना होगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story