×

IIT BHU: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की बढ़ी मुश्किलें, ABVP की शिकायत पर FIR दर्ज

IIT BHU Case: आईआईटी-बीएचयू की छात्रा के साथ हुई छेड़खानी मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई है। ABVP की शिकायत पर लंका थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

aman
Report aman
Published on: 3 Nov 2023 2:14 PM GMT (Updated on: 3 Nov 2023 2:28 PM GMT)
IIT BHU Case
X

अजय राय (Social media)

IIT BHU Varanasi : वाराणसी स्थित आईआईटी-बीएचयू की छात्रा के साथ छेड़खानी मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। छात्रा के साथ हुई छेड़खानी मामले में आरोपियों को सत्तापक्ष के छात्र संगठन से जुड़े होने का बयान देने मामले में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस (Varanasi Commissionerate Police) से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शिकायत की।

ABVP छात्र संघ की तरफ से लंका थाने में अजय राय के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई। जिसके बाद लंका थाना पुलिस ने यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने अजय राय पर धारा- 505 (2) में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अजय राय क्यों आए मुश्किल में?

दरअसल, यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय (UP Congress chief Ajay Rai) के दिए गए बयान पर एबीवीपी के छात्रों ने लंका थाने में शिकायत दी थी। कांग्रेस नेता अजय राय ने बीएचयू-आईआईटी छात्रा से छेड़छाड़ मामले में ABVP पर टिप्पणी की थी। अजय राय ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों को इस मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया था। अजय राय ने ये भी कहा था कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा सभी विश्वविद्यालयों पर हावी हो चुकी है। इसी के बाद ABVP की सदस्य साक्षी सिंह ने अजय राय पर मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी।

क्या कहा था अजय राय ने?

कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ आईपीसी की धारा- 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एबीवीपी के सदस्यों ने लंका थाने में पुलिस को शिकायत दी। जिसमें कहा गया कि, 'अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। ये संगठन देश भर के शिक्षण संस्थानों में कार्य करती है। 2 नवंबर को बीएचयू कैंपस में छात्रा से छेड़खानी की घटना हुई जिसकी अभी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। इसी बीच 3 नवंबर 2023 को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय राय द्वारा बयान दिया गया है कि इस घटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता है।'

अजय राय पर जातीय वैमनस्यता फ़ैलाने का आरोप

वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा है कि, 'अजय राय का ये आरोप पूर्णतः निराधार है। उनकी ये कोशिश अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की छवि को खराब करने की है। इस गंभीर प्रकरण की जांच को प्रभावित करने की नियत से ऐसा कहा गया है। साथ ही, एबीवीपी के सदस्यों द्वारा शिकायत में बताया गया है कि कांग्रेस नेता अजय राय द्वारा आजम खान की गिरफ्तारी का जिक्र कर विश्वविद्यालय परिसर में जातीय और वैमनस्यता फैलाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story