Varanasi News : नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप में मची भगदड़, कई लोग दबे, पुलिस लाठीचार्ज

Varanasi News : वाराणसी के नाटी इमली में भारत-मिलाप में आज भगदड़ मच गई।

Anshuman Tiwari
Published on: 13 Oct 2024 12:09 PM GMT (Updated on: 13 Oct 2024 12:50 PM GMT)
Varanasi News : नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप में मची भगदड़, कई लोग दबे, पुलिस लाठीचार्ज
X

Varanasi News : वाराणसी में नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप में आज भगदड़ मच गई। शुरुआती जानकारी में भगदड़ के दौरान कई लोगों के दबे होने की बात सामने आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान के साथ पहुंचे कुछ यादव बंधुओं को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस और नोकझोंक शुरू हो गई। बहस के तीखी होने के बाद धक्कामुक्की शुरू हो गई और भगदड़ मच गई। भगदड़ में कई लोग दब गए। घटना के बाद लोगों के जूते-चप्पल इधर-उधर बिखरे हुए थे। पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के बाद हालात बेकाबू हो गए।

बता दें कि नाटी इमली का भारत मिलाप विश्वविख्यात रहा है। चित्रकूट रामलीला समिति की ओर से होने वाले इस आयोजन में लाखों लोगों की भीड़ जुटती रही है। इस मेले में पूर्व काशी नरेश भी परंपरागत रूप से हिस्सा लेते रहे हैं। पूर्व काशी नरेश अनंत नारायण सिंह आज भी इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे।

इस कारण पैदा हुआ विवाद

वाराणसी में नाटी इमली के भरत मिलाप की काफी मान्यता रही है और इसे देखने के लिए वाराणसी ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी भारी भीड़ जुटती रही है। इसे वाराणसी के लक्खा मेलों में शुमार किया जाता है। काशी की प्राचीन चित्रकूट रामलीला समिति की ओर से इसका आयोजन किया जाता है। केवल पांच मिनट की लीला देखने के लिए लोगों का भारी जमावड़ा लगता है।

भरत मिलाप के पूर्व भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान की एंट्री के दौरान कुछ विवाद पैदा हो गया। जानकारों का कहना है कि विमान के साथ पहुंचे कुछ यादव बंधुओं को पुलिस ने रोक दिया जिसे लेकर बहस शुरू हो गई। दरअसल बैरिकेडिंग पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने सिर्फ पुष्पक विमान और उसके साथ के लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी। रथ के साथ चल रहे यादव बंधुओ ने इसका विरोध किया।

विरोध के बाद मची भगदड़

पुलिस की ओर से रोके जाने के के बाद विवाद बढ़ गया। इसी बीच प्रदेश के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल के बेटे की भी पुलिस से तीखी तकरार हुई। रथ के साथ चल रहे यादव बंधु बल्ली हटाने की जिद पर अड़ गए। पीछे की ओर से भीड़ का दबाव बढ़ने पर आगे के लोग गिर गए और भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ लोग भगदड़ में दब भी गए। भीड़ के बेकाबू होने के बाद पुलिस की ओर से लाठीचार्ज भी किया गया। इस दौरान कई लोगों को हल्की चोटें आने की खबर है।

चारों भाइयों का दर्शन करने को जुटती है भीड़

हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासन के लोगों ने हालात को काबू में कर लिया। पिछले करीब 481 साल से हो रही इस रामलीला में यादव बंधु अपनी परंपरागत वेशभूषा में हिस्सा लेते रहे हैं। इस संक्षिप्त रामलीला में गले मिलने के बाद चारों भाई लोगों को दर्शन देते हैं और चारों भाइयों का दर्शन करने के लिए काफी लोगों की भीड़ जुटती है। मान्यता है कि मेघा भगत को इसी चबूतरे पर भगवान श्रीराम का दर्शन हुआ था जिसके बाद यहां भरत मिलाप की शुरुआत हुई। आज के भरत मिलाप के दौरान काशी राज परिवार के अनंत नारायण सिंह परंपरा के अनुसार हाथी पर सवार होकर चारों भाइयों का दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story