×

Varanasi News: भाई की लम्बी उम्र की कामना लेकर बहनों ने भईया दूज पर विधि विधान से किया पूजन

Varanasi News: भाई की लम्बी उम्र की कामना और अच्छे जीवन के लिए भाई-बहन के पर्व भईया दूज को धर्म की नगरी वाराणसी में भी हर्सोल्लास के साथ मनाया गया।

Purushottam Singh
Published on: 14 Nov 2023 10:44 AM GMT
varanasi news
X

वाराणसी में विधि-विधान से मनाया भाई दूज का पर्व (न्यूजट्रैक)

Varanasi News: भाई की लम्बी उम्र की कामना और अच्छे जीवन के लिए भाई-बहन के पर्व भईया दूज को धर्म की नगरी वाराणसी में भी हर्सोल्लास के साथ मनाया गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले पर्व पर सभी आस्थावान बहने अपने घर, मैदान या सरोवर पर एकजुट होकर गोधना कूटने की परम्परा को निभाती नजर आई। इस दौरान कथा-कहानी और पूजनकर बहने मुसर से चने को कूटती है जिसे गोधना कुटना कहा जाता है और फिर वही मिठाई और चना भाइयों को खिलाती हैं। भाई-बहन के इस पर्व का बहनों को पूरे वर्ष इंतज़ार रहता है।

पर्व विशेष पर बहने गोबर से मांडवा बनाकर उसमें अक्षत व हल्दी से चित्र बनाती है। फिर फल, फूल, सुपाड़ी, धूप, रोली व मिठाई रखकर दीप जलाती है। साथ ही यम दूज की कथा भी सुनी जाती है। इसे कई नामों से जाना जाता है। हिंदी भाषी शहरों में इसे यम द्वितीया, भातृद्वितीया, भाई दूज और गोधन आदि नामों जाना जाता है, जबकि महाराष्ट्र में इसे भाव -भीज, बंगाल में भाई फोटा और नेपाल में भाई टीका के रूप में मनाया जाता है। इसके पीछे यूं तो कई पौराणिक कथाएं हैं। पूजनोपरांत भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई व पूजे गए चने खिलाती हैं। दीपावली की रात लाई-चूड़े और मिठाइयों से भरे भड़ेहर उपहार के रूप में भेंट करती हैं। साथ ही उनके दीर्घजीवी होने की कामना करती हैं। किंतु सर्वाधिक प्रचलित है।

यम द्वितीया की कथा

भग छाया (संज्ञा) की कोख से यमराज व यमुना का जन्म हुआ। कहा जाता है भाई यमराज और बहन यमुना में काफी प्रगाढ़ता थी, किंतु समय के साथ ऐसा भी एक दौर आया, जब दोनों एक-दूसरे से काफी दूर हो गए। बहन यमी अपने भाई यमराज को देखने तक के लिए तरस कर रह गईं। उन्होंने भाई यम तक कई बार अपना संदेश भिजवाया, किंतु अपने कार्य-दायित्व में व्यस्त यमराज अपनी बहन से मिलने का समय ही नहीं निकाल पा रहे थे। बहन प्रतीक्षा में रही। इसी बीच कभी एक बार वह बहन के घर मिलने आए, तो हतप्रभ रह गए। बहन यमुना उनसे ऐसे उमड़कर मिली कि यमराज को अपनी गाफिली का गहराई से अनुभव हुआ। उनके भीतर बहन के प्रति दबा हुआ प्रेम उमड़ आया। बहन ने भाई की आरती उतारी, ललाट पर अक्षत-रोली का तिलक लगाया और उनके प्रदीर्घतम मंगलमय जीवन की अनंत कामना की। अभिभूत होकर यम ने यह वरदान दिया कि आज के दिन संसार भर में भाई-बहन के पर्व भातृ द्वितीया के रूप में मनाया जाएगा।

भाई दूज की दूसरी कथा

दूसरी कथा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है। कहते हैं, इसी दिन श्रीकृष्ण नरकासुर को मारने के बाद अपनी बहन सुभद्रा के पास गए थे। प्रसन्नतापूर्वक सुभद्रा ने अपने भाई का पारंपरिक रूप से स्वागत किया और उनकी पूजा-आरती उतारी थी। भाई-बहन का यह मिलन इतना विशिष्ट था कि कालांतर में इसकी स्मृति में भैया दूज पर्व प्रचलित हो गया। इसी प्रकार यह पर्व जैन-संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है। एक अन्य कथा के अनुसार, स्वामी महावीर को इसी दिन निर्वाण की प्राप्ति हुई थी। उनके निर्वाण प्राप्त करने से उनके भाई राजा नंदीवर्धन भावनात्मक रूप से अत्यंत व्यथित और बेचैन हो उठे। उन्हें संभालना किसी के लिए संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उनकी बहन सुदर्शना ने आगे आकर अपने भाई की आहत भावनाओं पर दिलासा का मरहम रखा। उन्होंने कुछ इस तरह उन्हें दिलासा दी कि उनके भाई पर इसका चमत्कारी प्रभाव पड़ा। राजा नंदीवर्धन भावनात्मक रूप से नियंत्रित हो गए। कहते हैं, इसकी याद में तभी से महिलाएं भैया दूज मनाने लगीं। कुल मिलाकर, यह पर्व भाई और बहन दोनों के ही महत्व को रेखांकित करता है और उनके बीच पावन संबंधों में ताजगी और मजबूती देने वाला है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story