×

Meerut News: उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले- कुछ लोगों ने ठान लिया है कि हमें भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करना है

Meerut News: भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि आज जब अपना भारत बहुत ऊपर जा रहा है, कुछ लोगों ने ठान लिया है कि हमें भारत की प्रतिष्ठा को कुंठित, धूमिल करना है।

Sushil Kumar
Published on: 11 March 2023 4:05 PM GMT (Updated on: 11 March 2023 5:12 PM GMT)
Vice President Jagdeep Dhankhar said – some people have decided that we have to tarnish the reputation of India
X

मेरठ: उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बोले- कुछ लोगों ने ठान लिया है कि हमें भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करना है

Meerut News: भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि आज जब अपना भारत बहुत ऊपर जा रहा है, कुछ लोगों ने ठान लिया है कि हमें भारत की प्रतिष्ठा को कुंठित, धूमिल करना है। उनमें से एक को आंखों के सामने देखा। मैं राज्यसभा का सभापति हूं। लोकसभा बहुत बड़ी पंचायत है, जिनमें आज तक माइक ऑफ नहीं हुआ है और कोई बाहर जाकर बोलता है कि इस देश में माइक ऑफ होता है। यह कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं।

यूपी में रहने वाले भाग्यशाली!

उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि नागरिकों को निर्भीक होकर अपनी बात कहना चाहिए। अगर आपको संसद में व्यवस्था चाहिए। आप चाहें कि आपका सांसद वहां ठीक कार्य करे। संसद को अंदर बहस हो। उस मन्दिर के अन्दर किसी भी प्रकार के गतिरोध ना हो। जब आप इन मामलो में दखल देंगे, प्रोत्साहन नहीं देंगे। निश्चित रुप से सब रास्ते पर नहीं आएंगे। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि जो भी उत्तर प्रदेश में रह रहा है भाग्यशाली है। उत्तर प्रदेश का योगदान देश के विकास में जबरदस्त हो रहा है। आगे होगा और भारत का भविष्य 2047 तक हम में से कुछ लोग उस समय नहीं होंगे। मेरे मन में कोई शंका नहीं है कि उस समय भारत विश्व गुरु होगा। उस समय भारत दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति होगा और यह दुनिया के लिए सबसे बड़े फायदे की चीज है। क्योंकि हमारी संस्कृति हमें एक ही ज्ञान देती है, वसुधैव कुटुम्बकम् ।

बेहतरीन है कानून व्यवस्था

उप-राष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति की भी जमकर सराहना की। कहा कि आज जो सुनने को मिल रहा है, वह मन को प्रसन्न करता है। उन्होंने कहा कि आज विकास की गंगा इस राज्य में बह रही है। लॉ एंड ऑर्डर के मामले में उत्तर प्रदेश आज उत्तम प्रदेश है। आज के दिन कानून अपना काम कर रहा है। आपके मुख्यमंत्री को एक नया नाम तक दे दिया गया है।

प्रतिमा का अनावरण सौभाग्य की बात

इससे पहले उन्होंने कहा कि धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा का अनावरण करूं, इतनी मेरी हैसियत नहीं है। ऐसा क्यों हो पाया यह बदलते हुए भारत की तस्वीर है। इस अमृतकाल को जितना हम याद कर रहे हैं उसकी नींव 2014 में जब नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने तब पड़ी और इन सब को मुमकिन करने के लिए आपके उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया। इस अमृतकाल में मुझे यह परम सौभाग्य मिला है कि मैने ऐसे व्यक्ति की प्रतिमा का अनावरण किया है, जिसने 1857 की क्रांति में स्वाधीनता संग्राम में बड़ी भूमिका निभाई। इन क्रांतिकारी धन सिंह कोतवाल का कार्य क्षेत्र बहुत लंबा था। उनको यह करने की आवश्यकता नहीं थी। आराम से रह सकते थे। कितना बड़ा जज्बा था। कितनी बड़ी राष्ट्रभक्ति उनमें थी। और क्या काम किया। आठ सौ से ज्यादा लोग जो बंदी थे, उनको छुड़ाया। पूरे देश के अंदर एक नई चिंगारी उत्पन्न हुई। हमें उन महापुरुषों, स्वतन्त्रता सैनानियों को जिनमें धन सिंह जी प्रमुख हैं याद नहीं करना है, उनका अनुकरण करना है।

हर घर में लहरा रहा तिरंगा: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धन सिंह कोतवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा धन सिंह गुर्जर कोतवाल ने देश के लिए खुद को कुर्बान किया है। उन्होंने कहा कि यहां का औघड़नाथ मदिंर 1857 की क्रांति का प्रमुख केंद्र था। वहां झांसी में लक्ष्मीबाई हुंकार भर रही थी। कोई कोना ऐसा नहीं बचा था, जिसने 1857 की क्रांति में अपना योगदान न दिया हो। उन्होंने कहा कि 1947 में भले ही हमने जन्म नहीं लिया होगा, लेकिन आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव बना रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में हर घर में तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि गुलामी को समाप्त करना है। पुलिस ट्रेनिंग क्षमता को तीन गुणा बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि आज साइबर क्राइम के थाने हर जगह स्थापित हो रहे हैं। पुलिस की क्षमता विस्तार को बढ़ाने के लिए राज्य स्तर पर अनेक कदम उठाए गए हैं। कार्यक्रम में राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने 1857 की क्रांति के वीर सपूतों को नमन किया।

पंचायत से लेकर केंद्र तक मजबूत है लोकतंत्र: उपराष्ट्रपति

शहर में 11 मार्च को आयुर्वेद महाकुंभ तथा ओडीओपी प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ ने कहा कि हमारे देश में पंचायत से लेकर केन्द्र तक लोकतंत्र मजबूत है। एक वह समय था जब एक काला अध्याय इमरजेंसी के रूप में आया था। अब वो संभव नहीं है। आज के दिन भारत की सोच को बदलना पड़ेगा, जो सोचा नहीं था, जिसकी कल्पना नहीं की थी, वो सब आज भारत में हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में हर विषय पर भारत क्या सोचता है, इसका इंतजार किया जाता है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इन्वेस्टर मीट के परिणाम से देखिए भारत बदल रहा है। हम लोग मजबूत लोकतंत्र देश बन गए हैं। हमारी अलग विचारधारा होती है, इसके बाद भी देश मजबूत हो रहा है। दुनिया के पटल पर देखिए योग से पूरे विश्व के स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जा रहा है। मोटे अनाज को फिर से महत्व दिया गया है। जगदीप धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता कर्फ्यू लगाया, वैक्सीन बनाई। 220 करोड़ डोसेज बनीं, जिसका बड़ी ताकतें मुकाबला नहीं कर सकतीं। उस काल में आयुर्वेद का महत्व देखा गया।

‘संसद में न हो बवाल’

उपराष्ट्रपति ने कहा कि संसद भवन में आचरण अच्छा होना चाहिए। बवाल नहीं होना चाहिए। जो लोग भड़काना चाहते हैं। छोटी दृष्टि को ध्यान में रख कर फालतू की बात बोलते हैं। उनपर अंकुश लग्न चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त हो गई है। मन बड़ा प्रफुल्लित होता है जब देश-विदेश के लोग यूपी के बारे में वो टिप्पणी करते हैं जो पहले सुनने को नहीं मिलती थी।

कोविड में जाना आयुर्वेद का महत्व : राज्यपाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष मंत्रालय बेहतरीन कार्य कर रहा है। इससे पहले सम्मेलन कानपुर में हुआ था। ऋषि और साधुओं ने आयुर्वेदिक पद्धति को बढ़ावा दिया था। उन्होंने कहा कि आयुर्वेदिक प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। चरक संहिता, सुश्रति का योगदान पुराना है। आयुर्वेदिक की तरफ लोगों का रूझान हो रहा है। कोविड काल में इसे काफी समझा गया। हिमालय जड़ी बूटियों से भरा पड़ा है। भारत पूरे विश्व को इस पद्धति से उपचार दे सकता है।

दुनिया में छाएगा आयुर्वेद: योगी

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आयुर्वेद पूरे विश्व में छाने के तैयार है। आयुर्वेद का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को नैक में ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने पर सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से सीसीएसयू ने नैक में ए प्लस प्लस ग्रेड लेकर पूरे विश्व में नाम रोशन किया है। उसी तरह आयुर्वेद विश्वविद्यालय भी मेहनत करें और उपलब्धि हासिल करें। भारत की परंपरागत चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के विकास में प्रधानमंत्री का विशेष योगदान है। इसके लिए आयुष मंत्रालय बनाया गया। 21 जून को पूरी दुनिया योग दिवस मनाती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story