×

पीड़ित युवती ने लगाई आगरा पुलिस से गुहार, बोली- 'करा दो मेरे चांद का दीदार'

aman
By aman
Published on: 19 Oct 2016 10:03 AM GMT
पीड़ित युवती ने लगाई आगरा पुलिस से गुहार, बोली- करा दो मेरे चांद का दीदार
X

agra-1

आगरा: करवा चौथ के मौके पर जहां विवाहिता पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना कर रही है, वहीं एक ऐसी भी पत्नी है जो हाथों में मेहंदी और मांग में सिंदूर लगाए पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है। महिला रो-रोकर अधिकारियों से पति से मिलाकर करवाचौथ का व्रत पूरा करवाने की गुहार लगा रही है।

इस पीड़ित महिला का कहना है कि उसने पति के लिए करवा चौथ का व्रत रखा है। ऐसे में यदि उसकी पति से मुलाकात नहीं हुई तो वह कैसे व्रत तोड़ेगी।

क्या है मामला?

-मूल रूप से मोदीनगर, गाजियाबाद की रहने वाली कामना की शादी 2013 में संजय पांचाल से हुई थी।

-संजय से कामना को एक बेटा हुआ। दोनों का जीवन सुखमय चल रहा था।

-अचानक एक एक्सिडेंट में संजय को गंभीर चोटें आईं और वो बिस्तर पर रहने लगा।

-एक दौर वो भी आया जब कामना का परिवार आर्थिक तंगी से गुजरने लगा।

-इस दौरान कामना ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और गाजियाबाद में एक इन्वर्टर कंपनी में नौकरी करनी शुरू कर दी।

आगे की स्लाइड्स में पढ़ें पूरी खबर ...

agra-2

ऐसे आई मयंक के झांसे में

नौकरी के दौरान कामना की मुलाकात आगरा के मयंक सोनी से हुई। इसी बीच 2014 में कामना के पति का देहांत हो गया। अकेलापन झेल रही कामना को मयंक ने प्रेमजाल में फंसा लिया और शारीरिक संबंध बनाए। कामना के जोर देने पर मयंक ने उससे शादी कर ली। फिर तहसील से शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया।

मयंक ने भेजा नोटिस

कामना के अनुसार मयंक ने उसे गाजियाबाद में किराए का फ्लैट दिलाया। वह वहां आता-जाता रहता था। शादी के बाद परिजन भी निश्चिंत थे। कामना का जीवन एक बार फिर ठीक-ठाक चलने लगा था। तभी अचानक 5 मार्च को कामना को कोर्ट का नोटिस मिला। जिसमें कहा गया था कि वह मयंक की पत्नी नहीं है, जबरन उसे पति बता रही है।

agra-4

मयंक ने की मार-पीट

नोटिस मिलते ही कामना के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। कामना ने मयंक से बात करने की कोशिश की तो उसने बात से मना कर दिया और फोन उठाना भी छोड़ दिया। कामना ने बताया एक बार वो आगरा आकर मयंक के ऑफिस भी गई। इस दौरान मयंक ने उससे बहस और मारपीट भी की।

परिजनों ने भी छोड़ा साथ

कामना ने बताया की मयंक इस समय आगरा की एक कंपनी में बतौर इंजीनियर काम कर रहा है। वह आगरा में ही रह रहा है। उसके यहां भी कई लड़कियों से संबंध हैं। इस समय कामना एक ब्यूटी पार्लर में काम कर अपना जीवन चला रही है। इस घटना के बाद परिजनों ने भी उसका साथ छोड़ दिया।

agra-5

पुलिस अधिकारियों से लगाई गुहार

बुधवार को कामना पहले एसपी सिटी सुशिल धुले के पास पहुंची। वो नहीं मिले। फिर आईजी सुजीत पांडे से मुलाक़ात की। आईजी ने उसे उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

न्याय का इंतजार

कामना ने बताया की कल रात 12 बजे से वो व्रत पर है। अगर उसकी पति से मुलाक़ात नहीं हुई तो वो क्या करेगी। कैसे व्रत तोड़ेगी। फिलहाल कामना को सिर्फ आश्वासन ही मिला है। अब देखना है क्या उसे न्याय मिल पायेगा या नहीं।

agra-3

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story