×

Mirzapur News: मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर बोले रवि किशन, ब्राह्मण लालची नहीं होता

गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने मां विंध्यवासिनी मंदिर में माता का दर्शन पूजन किया।

Brijendra Dubey
Published on: 26 July 2021 9:34 AM GMT
Ravi Kishan
X

माता के दरबार में पहुंचे सांसद रवि किशन

Mirzapur News: विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे भोजपुरी फिल्म के प्रसिद्ध अभिनेता व गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने यहां माता का दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बसपा और सपा द्वारा ब्राह्मण मतों के लिए ब्राह्मण कार्ड खेलने पर पूछे गए सवाल के जबाब में कहा कि प्रदेश में 13 प्रतिशत ब्राह्मण वोट हैं जो बहुत शक्तिशाली हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में ब्राह्मण अहम भूमिका रखता है। ब्राह्मणों का राज्य और केंद्र की सरकार बनाने में अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बोल रहे है हर जिले में परशुराम की मूर्ति लगवाएंगे। मायावती और सतीश मिश्र बोल रहे हैं ब्राह्मणों के साथ अत्याचार हो रहा। मैं पूछना चाहता हूं कि कौन ब्राह्मण समाज आपके पास आ रहा है और बोला है कि अत्याचार हो रहा है। ब्राह्मण निस्वार्थ होता है, त्यागी होता है, राष्ट्रभक्त, विकास में यकीन रखता है। फ़टी धोती, जनेऊ में जीवन निकाल देता है। यह लालची बिरादरी नहीं है।

उन्होंने कहा, मायावती और अखिलेश लालच का झुनझुना पंडितों को आप न दें।रवि किशन ने सवाल करते हुए पूछा कि मायावती, अखिलेश और राहुल गांधी से ब्राह्मणों के लिए आप लोगों ने क्या किया। जब आप लोगों की सरकार थी, 70 साल से आप लोगों ने ब्राह्मणों के लिए क्या-क्या सुविधाएं दी। ब्राह्मण बच्चों के लिए क्या किया? अचानक आप लोगों को ब्राह्मण दिखने लगे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में ब्राह्मण कार्ड खेलने की सभी दल लालायित नजर आ रहे हैं। इसका एक कारण यह भी है कि सभी जातियों का कार्ड खेला जा चुका है। शायद यही कारण है कि ब्राह्मणों को चुनाव से पहले सभी दलों के लिए ब्राह्मण एकबार फिर से पूज्यनीय हो गए हैं। बसपा की तरफ से सतीश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में ब्राह्मण सम्मेलन का आगाज भी कर दिया गया है।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story