×

Sonbhadra: सपा युवजन सभा के सचिव को जान से मारने की मिली धमकी, तीन BJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज

UP Election 2022: समाजवादी युवजन सभा के विधानसभा सचिव श्वेत सिंह पटेल को कुछ लोगों द्वारा धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।

Kaushlendra Pandey
Report Kaushlendra PandeyPublished By Shreya
Published on: 28 Feb 2022 7:15 AM GMT
Sonbhadra: सपा युवजन सभा के सचिव को जान से मारने की मिली धमकी, तीन BJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज
X

सपा-भाजपा (कॉन्सेप्ट फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मतदान के तिथि (Sonbhadra Election Date 2022) नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार (Election Campaign) के दौरान तल्खी की स्थिति देखने को मिलने लगी है। घोरावल क्षेत्र (Ghorawal Assembly Seat) में एक ऐसे ही मामले में समाजवादी युवजन सभा (Samajwadi Yuvjan Sabha) के विधानसभा सचिव श्वेत सिंह पटेल (Shwet Singh Patel) को कुछ लोगों द्वारा धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।

पीड़ित नेता ने सपा के पक्ष में चुनाव प्रचार न करने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। इसको लेकर एक ऑडियो भी सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल (Viral Audio) होने की जानकारी दी है। सपा नेता का दावा है कि उसे धमकी देने वाले तीनों आरोपी भाजपा कार्यकर्ता (BJP Workers) हैं। पुलिस ने इसके आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह है पूरा घटनाक्रम

घोरावल थाना क्षेत्र के सरवट भगवास गांव के रहने वाले श्वेत सिंह पटेल पुत्र सूर्यमणि सिंह ने रविवार की देर शाम पुलिस को एक तहरीर दी। उसमें बताया कि गत 26 फरवरी 2022 की अर्धरात्रि शाहगंज थाना क्षेत्र (Shahganj Thana Chetra) के टेटी माईनर (Teti Minor) निवासी मनीष केशरी पुत्र जोखन, शाहगंज थाना क्षेत्र के ओड़हथा निवासी सचिन पांडेय पुत्र अज्ञात, शाहगंज निवासी सुशील सिंह उसके घर आए और उसे आवाज देकर बाहर बुलाया।

आरोप है कि बाहर आने पर उसे सपा का प्रचार न करने के लिए कहा गया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए दबाव बनाया गया। सपा नेता का कहना है कि जब उसने एतराज किया तो उसके साथ गाली गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में उक्त लोगों ने उसके मोबाइल पर फोन कर भी भाजपा का प्रचार न करने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

घटना को लेकर हुई सियासत गर्म

सोमवार को जैसे ही लोगों को तीन कथित भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफाईआर की जानकारी मिली, वैसे ही सियासत गरमा उठी। सपा के लोग जहां भाजपा के लोगों पर सत्ता के मद में डूबे होने और चुनाव प्रचार में सत्ता बल का प्रयोग करने का आरोप लगाने लगे वही भाजपा के लोग, इसकी आड़ में मतदाताओं की सहानुभूति जुटाने के लिए चुनावी स्टंट (Election Stunt) बताने लगे। बता दें कि घोरावल का राजनीतिक समीकरण वर्तमान में काफी उलझा हुआ है। जहां एक तरफ सपा का अपना दल कमेरावादी से गठबंधन है।

वहीं, भाजपा का अपना दल सोनेलाल से गठबंधन है। गठबंधन वाली दोनों पार्टियों के बेस वोटर पटेल मतदाता हैं। घोरावल में वर्तमान में जो समीकरण हैं, उस समय पटेल मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। उनका झुकाव भाजपा की तरफ जाता है या सपा की तरफ इस पर भी लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। ऐसे में जैसे ही श्वेत सिंह पटेल की तरफ से तीन कथित भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई वैसे ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।


पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया मुकदमा

इस मामले में जानकारी चाहने पर प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि गांव निवासी श्वेत सिंह पटेल पुत्र सूर्यमणि सिंह की तहरीर पर शाहगंज थाना क्षेत्र के टेटी माइनर बस्ती निवासी मनीष केशरी पुत्र जोखन, ओड़हथा गांव निवासी सचिन पांडेय पुत्र अज्ञात और शाहगंज निवासी सुशील सिंह के खिलाफ 171 (ग), 504 और 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है और तहरीर में उल्लिखित की गई बातों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story