TRENDING TAGS :
UP Budget: योगी ने किया आधी आबादी पर फोकस, महिला शक्ति को आगे बढाने पर जोर
UP Budget 2025: सीएम योगी सरकार का 9वां बजट पेश हुआ। बजट में सरकार के उठाए गए कदम छात्राओं और उनके अभिभावकों को शिक्षा की ओर निश्चित ही अग्रसर करेगा।
UP Budget Session 2025
UP Budget 2025: वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तुत उत्तर प्रदेश के बजट में प्रदेश की आधी आबादी यानि महिलाओं के लिए कई योजनाएं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की स्थिति बेहतर करने के लिए सरकारी खजाना खोल दिया है। प्रदेश की तरक्की के साथ ही राजनीतिक रूप से भी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह बड़ा प्रयास है।
मेधावी छात्राओं को स्कूटी
करीब 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के इस बजट को पेश करते हुए जब प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने की बात कही तो पूरा सदन तालियों से गूंज उठा। सरकार के इस कदम से मध्य और निम्न वर्ग की छात्राओं की उम्मीदों को पंख लगना स्वाभाविक ही है। सरकार का यह कदम छात्राओं और उनके अभिभावकों को शिक्षा की ओर निश्चित ही अग्रसर करेगा।
उज्जवला योजना के तहत दो सिलेंडर मुफ्त
इसके साथ ही योगी सरकार ने उज्जवला योजना के तहत दो सिलेंडर मुफ्त देने का प्रावधान भी बज़ट में किया है। इससे मध्य और कमजोर वर्ग की महिलाओं को काफी सहूलियत होगी। भोजन बनाने में आने वाली कठिनाइयां तो दूर होंगी ही गृहणियों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा, जो आज भी हमारे देश में एक बड़ा मुद्दा है।
पुत्रियों के सामूहिक विवाह योजना के लिए धनराशि
प्रदेश सरकार ने सभी वर्गों की पुत्रियों के सामूहिक विवाह योजना के लिए 550 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित करने की बात भी कही बज़ट में कही है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति की निर्धन पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान स्वरूप दी जाने वाली धनराशि का प्रावधान भी किया है। यह धनराशि 100 करोड़ रुपए की है। सरकार के इस फैसले से समाज के सभी वर्गों के कमजोर तबके के लोगों की मदद होगी और बेटियों का विवाह करने में उनको मदद मिलेगी।
पूर्व दशम और दशमोत्तर कक्षाओं में पढ़ाई के लिए बजट
सरकार ने अनुसूचित जाति के छात्र और छात्राओं के पूर्व दशम (दसवीं कक्षा से पहले) और दशमोत्तर (दसवीं कक्षा के आगे) कक्षाओं में पढ़ाई के लिए 968 करोड़ के बजट आवंटन का प्रस्ताव किया है। इसके साथ ही समान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए भी इसी प्रकार के बजट का प्रावधान किया है।
निराश्रित महिला पेंशन योजना
प्रदेश सरकार ने बजट में निराश्रित महिला पेंशन योजना के लिए 2980 करोड़ रुपए की धनराशि का प्रस्ताव किया है। इस धनराशि से निराश्रित महिलाओं का बहुत भला होगा इसमें संदेह नहीं है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगल योजना
प्रदेश की योगी सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगल योजना के लिए 700 करोड़ रुपए की धनराशि रखी है। इस योजना के तहत राज्य में जन्मी हर गरीब और मध्यम वर्ग की बालिका को जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई पूरी होने तक कई किश्तों में कुल 15,000 रूपए दिए जाते हैं। इस योजना से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की अवधारणा को बल मिलेगा।
कामकाजी महिलाओं के लिए श्रमजीवी महिला छात्रावास बनेंगे
इसके साथ ही प्रदेशभर में श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाने के लिए भी 190 करोड़ का बजट दिया है। अपने घर से दूर काम करने वाली महिलाओं के लिए रहने की समस्या दूर करने में सरकार का यह कदम बहुत अच्छा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय के लिए अधिक बजट
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय के लिए 971 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे प्रदेश भर में बच्चों की बेहतरी के लिए काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। कुल मिलाकर वित्त वर्ष 2025-26 के उत्तर प्रदेश सरकार के बजट में महिलाओं के लिए कई योजनाएं लाई गई हैं। सरकार का मकसद प्रदेश की आधी आबादी को विकास का भागीदार बनाना और उनकी ताकत बढ़ाना है। इसके साथ ही ऐसा देखा गया है कि आधी आबादी को जो सरकार अपने साथ कर लेती है उसकी राजनीतिक ताकत भी बढ़ती है, और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे बखूबी समझते भी हैं।