×

Agra News : संदिग्ध हालात में महिला की मौत, सगी बहन ने भाई पर लगाया मां की हत्या करने का आरोप

Agra News :बहन पूजा ने संपत्ति की लालच में मां की हत्या करने का लगाया आरोपी। पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Rahul Singh
Published on: 22 July 2023 12:52 PM GMT
Agra News : संदिग्ध हालात में महिला की मौत, सगी बहन ने भाई पर लगाया मां की हत्या करने का आरोप
X

Agra News : आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में महिला की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है। महिला की बेटी सगे भाई पर मां की हत्या का आरोप लगा रही है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना सदर थाना क्षेत्र के लालकुर्ती चैकी इलाके सोहल्ला की है। महिला की मौत के बाद मोहल्ले में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

सदर थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके सोहल्ला में सुबह लोगों की नींद खुली तो सनसनी फैल गई। लोगों को पता लगा कि पड़ोस में रहने वाली 55 वर्षीय मीरा देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मीरा देवी अपने बेटे सूरज और बहू के साथ रह रही थीं। मीरा देवी की मौत होने की जानकारी मिलते ही उनकी बेटी पूजा भी मौके पर पहुंच गई। पूजा ने मां का शव देखा तो उसकी चीख निकल गई। मां के चेहरे पर चोट के ताजे निशान थे जबकि पैर पर पुरानी चोट के निशान मौजूद थे। मृतका मीरा देवी के पैर पर पट्टी बंधी हुई थी।

मां की हालत देखने के बाद पूजा ने पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो पूजा ने सगे भाई सूरज पर मां की हत्या करने का आरोप लगा दिया और मौके पर हंगामा कर दिया। मौके की नजाकत को समझते हुए पुलिस ने मृतका मीरा देवी के शव का पंचनामा भरा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की बेटी पूजा का आरोप है कि संपत्ति पाने की लालच में भाई ने उसकी मां की हत्या कर दी है। पूजा का आरोप है कि उसका भाई सूरज संपत्ति के लिए मां को प्रताड़ित करता था। वहीं पुलिस पूछताछ में सूरज ने बताया है कि उसकी मां मीरा देवी सोते समय चारपाई पर से नीचे गिर गई थी। इस वजह से मां के चेहरे पर चोट लग गई।

आरोप और प्रत्यारोप के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संपत्ति को लेकर भाई बहनों के बीच आपस में विवाद चल रहा है। सूरज और उसकी बहनों के बीच लंबे समय से मुकदमे बाजी भी चल रही थी। पुलिस उपायुक्त आगरा शहर सूरज राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की सही वजह साफ हो पाएगी। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rahul Singh

Rahul Singh

Next Story