Van Mahotsav: 4 जुलाई को एक ही दिन 25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित

Van Mahotsav: योगी सरकार ने इस वर्ष वन महोत्सव के दौरान 1 जुलाई से 7 जुलाई के बीच 30 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है। इस वर्ष 4 जुलाई को एक ही दिन 25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 1 July 2021 11:04 PM IST (Updated on: 1 July 2021 11:05 PM IST)
Yogi government has set a target of planting 30 crore trees
X

वृक्षारोपण करते योगी आदित्यनाथ (फोटो-सोशल मीडिया)

Van Mahotsav: उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष वन महोत्सव के दौरान 1 जुलाई से 7 जुलाई के बीच 30 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा है। इस वर्ष 4 जुलाई को एक ही दिन 25 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रकृति और पर्यावरण के जितने अधिक सान्निध्य में हम सभी रहते हैं, विभिन्न प्रकार के रोगों से लड़ने की उतनी अधिक क्षमता हमारे पास होती है। जब भी हमने प्रकृति के विपरीत आचरण किया और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ किया, उसका दुष्परिणाम पूरी जीव सृष्टि को भुगतना पड़ा।

प्रकृति और पर्यावरण के समन्वय के महत्व का अनुमान हम वर्तमान में लगा सकते हैं, पूरी दुनिया विगत सवा वर्ष से कोरोना महामारी से जूझ रही है। चूंकि मनुष्य इस जीव सृष्टि का सर्वश्रेष्ठ प्राणी माना गया है, वह ही सर्वाधिक इसकी चपेट में भी आया है।

पीपल भगवान विष्णु का प्रतिनिधित्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन महोत्सव का कार्यक्रम हमारे लिये केवल वृक्ष लगाने तक ही सीमित नहीं है, अपितु प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारे दायित्व के निर्वहन का अवसर है। उन्होंने कहा कि पीपल का पवित्र पौधा लगाकर वन महोत्सव का शुभारम्भ किया गया है। पीपल भगवान विष्णु का प्रतिनिधित्व करता है। भगवान बुद्ध कोे इस वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त हुआ था, इसलिए यह बोधि वृक्ष भी कहलाया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है, इसलिए वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने प्रतिवर्ष वृक्षारोपण के एक सुनिश्चित अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। वृक्षारोपण के इस अभियान को पूरा करने के लिए प्रत्येक वर्ष वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

प्रदेश में सरकार बनने के बाद वर्ष 2017 में 5 करोड़ वृक्षारोपण तथा वर्ष 2018 में 11 करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य को पूरा किया गया। वर्ष 2019 में राज्य सरकार ने प्रदेश की आबादी के बराबर एक ही दिन में निर्धारित 22 करोड़ वृक्षों के रोपण के लक्ष्य को पूरा किया। विगत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एक दिन में प्रदेश में 25 करोड़ से अधिक वृक्ष लगाये गये।

वृहद अभियान

मुख्यमंत्री ने सभी से रविवार को, कोरोना महामारी से बचाव के निर्धारित प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए, वृक्षारोपण महा अभियान के साथ जुड़ने की अपील की। राज्य सरकार 30 करोड़ पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ सभी प्रदेशवासियों को इस वृहद अभियान से जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में ग्राम पंचायतों में पौधे रोपित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश में वृक्षारोपण के लक्ष्य को प्राप्त किया गया। पिछले 4 वर्ष के दौरान जिन पौधों का रोपण किया गया, उसमें से 75 से 90 प्रतिशत पौधे जीवित और पूरी तरह सुरक्षित हैं। बहुत अच्छी वाटिकाएं और पेड़ आज वहां उगे हुए दिखायी देते हैं। इससे प्रदेश में वन का आच्छादन बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 100 वर्ष से अधिक आयु के वृक्षों को हेरिटेज वृक्ष के रूप में संरक्षित करने का एक अभियान चलाया जा रहा है। गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में गंगा उद्यान लगाने की कार्यवाही की जा रही है। एक्सप्रेस-वे और हाईवे को इस बार वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षों को लगाने के बाद इनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए थर्ड पार्टी आडिट कराने की व्यवस्था की गई है।

Shreedhar Agnihotri
ABOUT THE AUTHOR

Shreedhar Agnihotri

shreedhar@newstracksite.vocalwire.com
Vidushi Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Vidushi Mishra

vidushimishra1995.vm@gmail.com
Next Story