×

Bageshwar Bypoll Result: उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार,पार्टी प्रत्याशी पार्वती दास को मिली जीत

Bageshwar Bypoll Result: भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले ही कड़ा मुकाबला माना जा रहा था। भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को हराकर भाजपा ने पिछले करीब 20 वर्षों से इस सीट पर अपना कब्जा बनाए रखा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Sep 2023 11:04 AM GMT
BJP candidate Parvati Das wins on Bageshwar seat of Uttarakhand
X

उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को मिली जीत: Photo- Social Media

Bageshwar Bypoll Result: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बनाए रखने में कामयाब रही है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले ही कड़ा मुकाबला माना जा रहा था। आज मतगणना के दौरान भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच शुरुआत से ही कांटे का मुकाबला दिखा। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को 2810 मतों से हराने में कामयाब रहीं। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इस सीट पर 11,000 मतों से जीत हासिल की थी। भाजपा ने पिछले करीब 20 वर्षों से इस सीट पर अपना कब्जा बनाए रखा है।

भाजपा ने दिवंगत नेता की पत्नी को उतारा

कुमाऊं मंडल की बागेश्वर विधानसभा सीट पर 5 सितंबर को हुए मतदान के दौरान 55.44 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। धामी मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्री चंदन रामदास का इस साल अप्रैल में निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया था। भाजपा ने चंदन रामदास की पत्नी पार्वती दास को चुनाव मैदान में उतारा था।

इससे पूर्व 2022 के विधानसभा चुनाव में चंदन रामदास ने इस सीट पर लगभग 11 हजार मतों से जीत हासिल की थी। चंदन रामदास ने कांग्रेस के रंजीत दास को हराया था। इस उपचुनाव के दौरान रंजीत दास कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इस झटके के बाद कांग्रेस ने आप पार्टी के नेता बसंत कुमार को तोड़ कर नुकसान की भरपाई करने की कोशिश की। बसंत कुमार ने 2022 के चुनाव में 15,768 मत हासिल किए थे।

दलबदलू को टिकट देना कांग्रेस को पड़ा महंगा

विधानसभा उपचुनाव के दौरान कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। भाजपा और कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार और चुनाव से ऐन पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे और इस उपचुनाव के दौरान दलबदलू बसंत कुमार को टिकट देना कांग्रेस के लिए महंगा पड़ गया। हालांकि उन्होंने भाजपा को कड़ी चुनौती देने में कामयाबी हासिल की।

तीसरे राउंड के बाद लगातार बढ़त बनाए रखी

बागेश्वर उपचुनाव के लिए मतगणना का काम आज सुबह 8:00 बजे शुरू हुआ। पहले राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार 754 वोटों से आगे चल रहे थे। दूसरे राउंड में पार्वती देवी बसंत कुमार से आगे निकल गईं। वहीं तीसरे राउंड में बीजेपी कांग्रेस प्रत्याशी से एक वोट आगे थी। भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार बसंत कुमार पर बढ़त बनाए रखी।

धीरे-धीरे उन्होंने निर्णायक बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की। भाजपा नेताओं ने इस जीत पर पार्टी प्रत्याशी पार्वती दास को बधाई दी है। 2024 की जंग से पहले भाजपा प्रत्याशी की यह जीत सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है मगर कम अंतर से मिली इस जीत को पार्टी के लिए खतरे की घंटी भी माना जा रहा है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story