×

Uttarakhand News: सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा, जल्द होगी उच्चस्तरीय बैठक

Uttarakhand News Today: अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जोशीमठ और आस पास के क्षेत्रों को बर्बाद किया है। उत्तराखण्ड में पहले भी कई घटनाएं हुई, जिससे सबक लेना चाहिए था।

Anant kumar shukla
Published on: 22 Jan 2023 2:34 PM GMT
Uttarakhand Samajwadi Party will contest on all Lok Sabha seats
X

Uttarakhand Samajwadi Party will contest on all Lok Sabha seats

Uttarakhand News Today: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज एक दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे के दौरान हल्द्वानी में समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के घर वैवाहिक समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव डा. एस.एन. सचान, उत्तराखण्ड प्रदेश के कोषाध्यक्ष एस.के. राय समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सरकारों ने बर्बाद कर दिया पूरा उत्तरखंड

अखिलेश यादव ने प्रेस से वार्ता में कहा कि उत्तराखण्ड एक समय उत्तर प्रदेश का हिस्सा था। उत्तराखण्ड बनने पर यहां के लोगों को भरोसा था कि विकास होगा और खुशहाली आयेगी। लेकिन यहां की सरकारों ने इस प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। आज उत्तराखण्ड विकास के रास्ते पर जाने के बजाय विनाश की ओर जा रहा है।

पर्यावरणविदों के रिपोर्ट की अनदेखी का नतीजा है जोशीमठ विपदा

उन्होने कहा कि जोशीमठ में जो हो रहा है उसे पूरी दुनिया देख रही है। भाजपा की सरकार हो या कांग्रेस की सरकार पर्यावरण विशेषज्ञों ने सभी सरकारों को सावधान किया था। वैज्ञानिकों की कई रिपोर्ट आयीं, सभी ने अपनी राय दी थी और ये बताया था कि विकास के नाम पर अंधाधुंध काम हुए तो जमीन धंस जाएगी। लेकिन सरकार ने पर्यावरणविदों की राय नहीं मानी। मुनाफे के लिए एनटीपीसी और इस तरह की विद्युत परियोजनाओं को को बढ़ावा दिया। जबकि बिजली उत्पादन के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सकता था।

भाजपा ने किया जोशीमठ को बर्बाद

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जोशीमठ और आस पास के क्षेत्रों को बर्बाद किया है। उत्तराखण्ड में पहले भी कई घटनाएं हुई, जिससे सबक लेना चाहिए था। केदारनाथ की घटना हुई। बड़ी संख्या में लोगों की जान गयी, नुकसान हुआ। जोशीमठ में जो हुआ है उसकी इन्वायरमेंट असेसमेंट रिपोर्ट आयी होगी, जो रिपोर्ट है उसके तहत सरकार, एनटीपीसी और ठेकेदारों ने ध्यान नहीं रखा जिसके कारण नुकसान हुआ।

समाजवादी पार्टी की मांग है कि जोशीमठ में जो नुकसान हुआ है, उसका बाजार भाव के हिसाब से मुआवजा दिया जाय। सरकार सेटलमेंट के लिए अच्छी पॉलिसी बनाएं। प्रभावित लोगों की मदद करें।

यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से बाहर जाएगी। भाजपा उत्तर प्रदेश से केन्द्र की सत्ता में आयी थी और उत्तर प्रदेश से ही केन्द्र की सत्ता से बाहर होगी।

यूके के सभी लोकसभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तराखण्ड में जनता के मुद्दे उठाएगी। पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और ज्यादा मेहनत से काम करेंगे। पार्टी उत्तराखण्ड में मजबूत होगी। जल्दी ही उत्तराखण्ड में प्रदेश स्तर की बैठक भी होगी। 2024 में समाजवादी पार्टी उत्तराखण्ड की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हल्द्वानी के वनभूलपुरा मामले को लेकर उन्होने कहा कि हमें उम्मीद है, कि जो गरीब इतने वर्षों से रह रहे है उन्हीं के पक्ष में फैसला आएगा। हमारी कोर्ट से अपील और निवेदन है कि गरीबों की मदद करें।

भाजपा सरकार के भर्तियों को लेकर खड़े होते रहे सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखण्ड में भर्तियों में बड़े घोटाले हुए हैं। भाजपा सरकार जहां भी है वहां भर्तियों में घोटाले हो रहे हैं। उत्तराखण्ड ने भी उत्तर प्रदेश से पेपर लीक सीखा है। उत्तराखण्ड में भर्तियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी सवाल खड़े होते रहे हैं। भर्तियों में भेदभाव हो रहा है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

अखिलेश यादव के विभिन्न कार्यक्रमों में तेजिन्दर सिंह बिर्क, विधायक अताउर्रहमान, कुलदीप सिंह भुल्लर, अरविन्द यादव, भुवन जोशी, डाॅ0 संतोष, रवि छाबड़ा, शिवराज सिंह राणा, डा. नईम, चन्द्रशेखर यादव की उपस्थिति रही।

यादव पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय के डा. अनिल यादव के घर भी गए। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश परिहार, उज्जवल सिंह, अमित कुमार, हनीफ खां समेत अन्य नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story