×

Uttarakhand: रुड़की में दर्दनाक हादसा, ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से 6 मजदूरों की मौत, सात जख्मी

Uttarakhand: गांव के ईंट भट्ठे में कच्ची ईंटों को पकाने के दौरान ये दर्दनाक हादसा हो गया।

Krishna Chaudhary
Published on: 26 Dec 2023 5:11 AM GMT (Updated on: 26 Dec 2023 5:47 AM GMT)
Uttarakhand collapse of brick kiln wall
X

Uttarakhand collapse of brick kiln wall  (photo: social media )

Uttarakhand: उत्तराखंड के रूड़की में बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक ईंट भट्ठे की दीवार अचानक ढ़ह गई, जिसकी चपेट में आकर 6 मजदूरों की मौत हो गई। इसके अलावा 7 श्रमिक घायल भी हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलौर कोतवाली थानाक्षेत्र के लहबौली गांव की है। आज सुबह गांव के ईंट भट्ठे में कच्ची ईंटों को पकाने के दौरान ये दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया। दीवार के मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिनमें से पांच दम तोड़ चुके थे। एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाकी सात घायलों को अलग-अलग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद भी मौके पर पहुंचे।

कैसे हुआ हादसा ?

लहबोली गांव सवानी ब्रिक फील्ड नामक एक ईंट भट्ठा है, जहां करीब सौ से अधिक श्रमिक काम करते हैं। हादसे के दौरान भट्टे पर कच्ची ईंटों की भराई का काम चल रहा था। घोड़ा बुग्गी से श्रमिक ईंटों को भट्ठे के अंदर ले जाकर उनकी दीवार बना रहे थे। इसी बीच कच्ची ईंटों की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। बड़ी संख्या में मजदूर कच्ची ईंटों के मलबे में दब गए। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। भट्ठे पर काम कर रहे अन्य मजदूर फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ मजदूर हाथ से ही मलबे को हटाने में लग गए। इसके बाद जेसीबी की मदद से अंदर दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

हादसे में हताहत हुए कुछ मजदूर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे। जिन पांच मृतकों की शिनाख्त हुई है, वो हैं – मुकुल, साबिर, बाबूराम, अंकित एवं जग्गी। पुलिस ने सभी शवों को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story