×

Uttarakhand News: धामी सरकार का एलान, महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग की ब्रांड एंबेसडर होंगी वंदना कटार‍िया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वन्दना कटारिया को राज्य महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ब्रांड एम्बेसेडर बनाने की घोषणा की है।

Ambesh Bajpai
Report Ambesh BajpaiPublished By Ashiki
Published on: 8 Aug 2021 3:53 PM GMT
Pushkar Singh Dhami
X

तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार देते पुष्कर सिंह धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वन्दना कटारिया को राज्य महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ब्रांड एम्बेसेडर बनाने की घोषणा की है। देहरादून में आज 22 महिलाओं को तीलू रौतेली व 22 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित करने के दौरान उन्होंने यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने मातृ शक्ति को नमन करते हुए अगले साल से तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 51 हजार रूपये करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण से लेकर प्रत्येक क्षेत्र में हमारी मातृ शक्ति की बड़ी भूमिका रही है। धामी ने कहा कि आज हमें अपने आंगनबाड़ी केन्द्रों को और अधिक मजबूत करना होगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि आज वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती है और यह दिन प्रदेश की महिलाओं को सम्मानित करने का सबसे अच्छा दिन है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली ने जिस वीरता का परिचय दिया, आज यह हमारे सामने एक इतिहास है।


परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री अरविन्द पाण्डेय

वहीं कैबिनेट मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने आज हरिद्वार जिले में टोक्यो ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाली भारतीय महिला हाकी टीम की खिलाड़ी वन्दना कटारिया के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने ओलंपिक में महिला हॉकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर वंदना कटारिया को हरिद्वार जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत वर्ष 2020-21 का ब्राण्ड एम्बेस्डर घोषित किया। उन्होंने कहा कि वन्दना ने अपने प्रतिभाशाली खेल के दम पर पूरे विश्व में देश और राज्य का नाम रोशन किया है और वे उदयीमान खिलाडियों और बच्चों के लिए प्रेरणाश्रोत है। राज्य की खेल नीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सहित अन्य प्रतिर्स्पधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को राज्य की सरकारी सेवाओं में नौकरी देने की व्यवस्था की गयी है।

आईटीबीपी पासिंग आउट परेड कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राजधानी देहरादून के मसूरी स्थित आईटीबीपी एकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड में प्रतिभाग किया और सलामी ली। इस दौरान उन्होंने सभी सफल 53 प्रशिक्षणार्थियों को बधायी देते हुए कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें आईटीबीपी जैसे उत्कृष्ट बल में सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश के वीर सैनिकों ने आजादी के बाद हर संघर्ष में शौर्य का परिचय दिया है। उन्होंने बल के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज उन्हीं की शहादत के चलते हम सुरक्षित महसूस करते है।


आईटीबीपी के हिमवीर हमेशा मातृभूमि की सुरक्षा, अपने ध्येय वाक्य शौर्य दृढता, कर्म निष्ठा के साथ करते है। हिमालय में माउन्टेन क्लाईमबिंग हो या रीवर राफ्टिंग जैसे साहसिक खेल-कूद या फिर सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों के लिये कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन, प्रत्येक क्षेत्र में इस बल ने न केवल अमिट छाप छोड़ी है, बल्कि अन्य बलों के लिए उदाहरण भी प्रस्तुत किये है। उन्होंने कहा कि बल के हिमवीरों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं एवं दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को बेहद तत्परता एवं कुशलता के साथ किया है। मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता की ओर से उनके इस अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरे समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

Ashiki

Ashiki

Next Story