×

Uttarakhand News: राज्य में स्पूतनिक-वी वैक्सीन लगनी शुरू, एक क्लिक में जानें पूरा अपडेट

राज्य में कोविड रोधी वैक्सीन स्पूतनिक-वी लोगों को लगायी जानी शुरू हो गयी है।

Ambesh Bajpai
Published on: 22 Aug 2021 4:00 PM GMT
Pushkar Singh Dhami
X

कोविड रोधी वैक्सीन स्पूतनिक-वी के टीकाकरण का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Uttarakhand News: राज्य में कोविड रोधी वैक्सीन स्पूतनिक-वी लोगों को लगायी जानी शुरू हो गयी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में इसका शुभारम्भ किया। इस दौरान 100 लोगों को ये वैक्सीन लगायी गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोविड टीकाकरण तेजी से किया जा रहा है और आगामी दिसम्बर माह तक प्रदेश में शत-प्रतिशत लोगों के टीकाकरण कार्य को पूरा कर लिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में जारी टीकाकरण में केंद्र सरकार का राज्य को पूरा सहयोग मिल रहा है और इस माह राज्य को अभी तक 17 लाख वैक्सीन मिल चुकी हैं। श्री धामी ने कहा कि राज्य में व्यापक स्तर पर टीकाकरण के लिए प्रदेश में दूरस्थ क्षेत्रों तक भी टीकाकरण कैम्प लगाए गए हैं और कोविड की संभावित तीसरी लहर के मद्देनज़र सरकार ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसके साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि टीकाकरण अभियान में लगातार तेजी लाई जा रही है। जिसके तहत बागेश्वर जिला कोविड वैक्सीन की शत प्रतिशत डोज लगाने वाला पहला जनपद बन गया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

अफगानिस्तान में फंसे लोगों के परिजनों के लिए टोल फ्री नंबर जारी

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड के स्थानिक आयुक्त को अफगानिस्तान से वापस आने वाले प्रदेश के लोगों को लेकर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के निरंतर सम्पर्क में रहने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त को अफगानिस्तान से लौटने वाले राज्य के लोगों को निशुल्क उत्तराखण्ड भेजने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिये हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से भी अनुरोध किया है कि जिस किसी भी परिवार के लोग अफगानिस्तान में फंसे हैं और वापस आना चाहते है वे सभी उनके अफ़ग़ानिस्तान के दूरभाष नम्बर उपलब्ध करा दें, ताकि उनसे सम्पर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि ये जानकारी टोल फ्री नम्बर 112 पर भी उपलब्ध करायी जा सकती है।

कोविड गाइडलाइन्स के अनुसार बग्वाल मेले की औचारिकता पूरी

Uttarakhand News: चंपावत जिले के मां बाराही धाम देवीधुरा में आज विश्व प्रसिद्ध पाषाण युद्ध बग्वाल फल-फूलों के साथ सांकेतिक रूप से खेला गया। रक्षाबंधन पर्व पर आयोजित होने वाले आषाडी कौतिक बग्वाल मेले में कोरोना संक्रमण के चलते बीते 2 सालों से बग्वाल नहीं खेली जा सकी थी। इस साल धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के लिए मंदिर कमेटी द्वारा जिला प्रशासन से कोविड गाइडलाइन्स का पालन करते हुए बग्वाल खेलने की अनुमति मांगी थी।

इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने बग्वाली वीरों का एंटीजन व आरटीपीसीआर टेस्ट कराने के बाद ही बग्वाल खेलने की अनुमति प्रदान की। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी कोविड गाइडलाइन के आधार पर चार खाम, सात तोक के लोगों द्वारा सांकेतिक रूप से मंदिर में पूजा अर्चना के बाद लमगड़िया खाम, वालिक खाम, गहरवाल खाम, चम्याल खाम व सात तोक के लोगों द्वारा बग्वाल खेली गयी। उप जिलाधिकारी चंपावत अनिल गर्ब्याल ने बताया कि इस बार बग्वाल कोविड गाइडलाइन्स का पालन करते हुए सांकेतिक रूप से खेली गई और कुल 84 लोगों द्वारा इसमें प्रतिभाग किया गया।

हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का त्योहार


Uttarakhand News: रक्षा बंधन का त्योहार प्रदेश भर में परम्परागत ढंग से हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सौभाग्य, अच्छे स्वास्थ्य तथा खुशहाली के लिए प्रार्थना की। वहीं, भाइयों ने बहनों की सुरक्षा और उन्हें सहयोग देने का संकल्प लेते हुए उपहार प्रदान किये। राज्य सरकार की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा का उपहार दिया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने आवास पर नारी निकेतन से आई बालिकाओं और अन्य माताओं, बहनों से राखी बंधवाई। राज्य में आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर एक दिन का राजकीय शोक के चलते मुख्यमंत्री आवास आयोजित रक्षा बंधन कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया था, फिर भी जो बहनें जानकारी के आभाव में वहां पहुंची मुख्यमंत्री ने उनसे राखी बंधवाई।

विधानसभा का मानसून सत्र कल से, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

Uttarakhand News: उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से शुरू हो रहा है। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निषेधाज्ञा लागू की गई है। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में मॉनसून सत्र की तैयारियों का निरीक्षण किया। कोविड-19 प्रोटोकॉल के चलते सदन में विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सदन में 40 विधायकों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रकाश पंत भवन में स्थित कक्ष संख्या 107 में 30 विधायकों के बैठने की व्यवस्था है, जबकि वर्तमान में 2 विधायकों के पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। सदन की कार्यवाही के ऑडियो वीडियो के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि मीडियाकर्मियों के लिए विधानसभा परिसर में वॉटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की गई है जहां पर सदन की कार्यवाही के लाइव प्रसारण के लिए एलसीडी की व्यवस्था की गई है। इस बीच विधानसभा को जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। हालांकि बैरिकेडिंग के कारण यातायात पर असर पड़ रहा है।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story