×

MP Video Viral: यहां हैंडपंप उगल रहा आग और पानी, एमपी के एक गांव में दहशत

Madhya Pradesh Video: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां के एक गांव में एक हैंडपंप पानी के साथ – साथ आग उगल रहा है।

Krishna Chaudhary
Published on: 25 Aug 2022 1:15 PM GMT
X

हैंडपंप उगल रहा आग और पानी 

Madhya Pradesh Video: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले (Chhatarpur District) से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां के एक गांव में एक हैंडपंप पानी के साथ – साथ आग उगल (hand pump spewing fire) रहा है। मामला बकस्वाहा से 10 किलोमीटर दूर कछार गांव का है। बात जैसे ही आसपास फैली बड़ी संख्या में लोग ये नजारा देखने पहुंच गए। इसी दौरान कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब काफी वायरल हो रहा है।

गांववालों ने बताया कि गांव में दो हैंडपंप हैं। जिनसे वे पानी भरते हैं। इनमें से एक हैंडपंप बुधवार को खुद – बखुद आग और पानी उगलने लगा है। इससे गांव वाले दहशत में हैं। उनका कहना है कि कहीं जमीन के नीचे कोई हलचल तो नहीं हो रही। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी है।

हैंडपंप वाली जगह को खराब मानते हैं ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि इस हैंडपंप से पानी और आग उगलने की ये कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी ऐसा हो चुका है। तब प्रशासन ने उसका हैंडल, अंदर का पंप और पाइप निकालकर छोड़ दिया था। अब अक्सर इसमें से आग और पानी निकलते रहता है। लोग अब वहां जाने से डरने लगे हैं। गांववाले हैंडपंप वाली जगह को खराब मानने लगे हैं।

हैंडपंप से आग निकलने की वजह

विशेषज्ञ हैंडपंप से आग निकलने की घटना को कोई चमत्कारी घटना नहीं मानते हैं। उनका कहना है कि बोर से मीथेन गैस निकलने की वजह से ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। उनके मुताबिक, अवसादी चट्टानों में पेड़ – पौधों के अवशेष अवसाद के साथ दलदली क्षेत्र में जमा होते हैं। वहां भौतिक – रासायनिक प्रक्रिया से मीथेन गैस का निर्माण होता है। यह गैस गर्म होने से या जलने से घनत्व में कम होती है। जिससे इस गैस के नीचे स्थित भूजल भी ऊपर की ओर उठता है।

मामले के बारे में और डिटेल जानकारी मंगवाई: तहसीलदार

तहसीलदार झाम सिंह (Tehsildar Jham Singh) का कहना है कि उन्हें अभी इसकी जानकारी प्राप्त हुई है। इसके बारे में और डिटेल जानकारी मंगवाई गई है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव के लोग पानी की कमी से परेशान हैं।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story