×

Mumbai Train Accident: एक रेलवे स्टेशन और बर्बाद तीन जिंदगियां, पति-पत्नी का गुस्सा बना युवक का काल

Mumbai Train Accident Video: शीतल सायन स्टेशन पर उतरने के बाद एमएसआरटीसी कर्मचारी के साथ बहस कर रही थी। इसी बीच राठौड़ को पत्नी पर हमला करते देख अविनाश माने ने हस्तक्षेप किया तो दोनों के बीच भयंकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान माने ने दिनेश को मुक्का मार दिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी पर गिर गया और ट्रेन से कुचलकर उसकी मौत हो गई।

Ashish Pandey
Published on: 18 Aug 2023 9:09 AM GMT (Updated on: 18 Aug 2023 9:09 AM GMT)
X

Mumbai Train Accident Video: अक्सर ट्रेन या बस में सफर करते समय लोग छोटी-छोटी सी बात को लेकर लड़ने झगड़ने लगते हैं। यह लड़ना झगड़ा किसी की जान भी ले सकता है। ऐसा ही हुआ मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर। स्टेशन पर पति-पत्नी ने झगड़े में एक युवक को मुक्का मार दिया जिससे वह रेल की पटरी पर गिर गया और उसी बीच ट्रेन से कुचलकर उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) में कर्मचारी के पद पर तैनात था। मुंबई पुलिस आरोपी दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जाने क्या हुआ था वहां पर

मृतक की पहचान दिनेश राठौड़ (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर एक दंपति और दिनेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी शीतल माने सायन स्टेशन पर उतरने के बाद एमएसआरटीसी कर्मचारी के साथ बहस कर रही थी। इसी बीच राठौड़ को अपनी पत्नी पर हमला करते देख अविनाश माने ने हस्तक्षेप किया तो दोनों के बीच भयंकर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान माने ने कथित तौर पर दिनेश राठौड़ को मुक्का मार दिया, जिससे दिनेश का संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी पर गिर गया और इसी दौरान ट्रेन से कुचलकर दिनेश की मौत हो गई। इस मामले में मुंबई पुलिस ने आरोपी अविनाश माने (31) और उनकी पत्नी शीतल को हिरासत में ले लिया है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। यह पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

Ashish Pandey

Ashish Pandey

Next Story