×

नूपुर शर्मा पर सुलगा देशः देखें किन राज्यों मे चले पत्थर और हुई हिंसा, यहां लगा कर्फ्यू

Protest Against Nupur Sharma Comment: नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान को लेकर देश के कई राज्यों में जमकर प्रदर्शन हुए और पत्थरबाजी को अंजाम दिया गया।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Jun 2022 1:54 PM GMT
X

Nupur Sharma comment on Muhammad: बीजेपी से निलंबित की गई पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) के पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद बयान (Prophet Muhammad Row) पर पूरा देश सुलग उठा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज (Jume Ki Namaz) के बाद देश के अधिकांश राज्यों में विरोध-प्रदर्शन देखा गया।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, झारखंड, कर्नाटक, कश्मीर, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में लोग नमाज के बाद सड़कों पर उतर आए। सबसे विस्फोटक स्थिति झारखंड और उत्तर प्रदेश में नजर आई। यहां उपद्रवियां ने जमकर बवाल काटा। तो आइए पैगंबर मोहम्मद को लेकर देशभर में हुए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं –

उत्तर प्रदेश में पीएसी की ट्रक फूंकी

उत्तर प्रदेश के कई जिले शुक्रवार को जुमे की नमाज (Jume Ki Namaz) के बाद अचानक सुलग उठे। बीते शुक्रवार यानि तीन जून को जिस तरह कानपुर में बवाल (Kanpur Violence) काटा गया, उसी तरह प्रयागराज और सहारनपुर में इस शुक्रवार को हिंसा की गई। जुमे की नमाज के बाद बाराबंकी, मुरादाबाद, उन्नाव, देवबंद समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। लेकिन इन दो जिलों (प्रयागराज और सहारनपुर) में जमकर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी हुई।

प्रयागराज में उपद्रवियों ने पीएसी की ट्रक फूंक डाली। यहां हुए पथराव में डीएम, एसएसपी, एडीजी, आईजी घायल हुए हैं। हालत इतने बिगड़ गए कि एडीजी को बंदूक उठानी पड़ी। पुलिस को हालत को नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कुछ जवान घायल भी हुए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

झारखंड में भड़की हिंसा 1 की मौत

उत्तर प्रदेश के बाद झारखंड की राजधानी रांची में पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी को लेकर सबसे अधिक बवाल देखा जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भड़की भयानक हिंसा में एक किशोर की मौत भी हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव और आगजनी की। इसमें पुलिस के कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उपद्रवियों ने रांची के मेन रोड एरिया स्थित एक महावीर मंदिर पर भी पत्थरबाजी की है, जिसके विरूद्ध हिंदू संगठन भी सड़कों पर उतर गए हैं।

इतनी ही नहीं इस दौरान उपद्रवियों ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन पर भी हमला कर दिया। उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गई। किसी तरह पुलिस उन्हें वहां से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने में कामयाब रही। नितिन बीजेपी कोटे से नीतीश सरकार में पथ निर्माण मंत्री हैं। जबरदस्त तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है। उपद्रव का केंद्र बिंदु माने जाने वाले रांची के मेन रोड एरिया में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

बंगाल में रेल और सड़क मार्ग जाम करने की कोशिश

पश्चिम बंगाल के दो बड़े शहर राजधानी कोलकाता और हावड़ी में जुमे के नमाज के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध – प्रदर्शन किया। लोगों ने नूपुर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दुकानों को जबरन बंद करवाने की कोशिश की गई, जिसपर बवाल खड़ा हो गया। प्रदर्शन को उग्र होता देख, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, फिर हवाई फायरिंग भी की। कुछ उपद्रवियों ने हावड़ा में रेल और सड़क मार्ग को अवरूद्ध करने की कोशिश की, जिसके कारण कुछ समय के लिए दक्षिण पूर्व रेल सेवा ठप हो गई। जानकारी के मुताबिक, एनएच 16 से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया है।

(फोटो साभार- ट्विटर)

दिल्ली में जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दिल्ली के जामा मस्जिद के बाहर करीब 300 लोग हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शकारियों ने मांग की है कि नूपुर शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। दिल्ली पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर वहां से हटा दिया है। पुलिस के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है। वहीं इस विरोध प्रदर्शन पर जामा मस्जिद के इमाम ने कहा कि हमारी तरफ से प्रोटेस्ट का कोई कॉल नहीं था। हम नहीं जानते हैं कि विरोध करने वाले कौन लोग हैं। मुझे लगता है कि वे ओवैसी के लोग हैं।

कर्नाटक में नूपुर के पुतले को फांसी से लटकाया

पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर कर्नाटक के कुछ जिलों से विरोध – प्रदर्शन की खबरें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, कलबुर्गी जिले में नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए हैं। वहीं बेलगावी जिले में शुक्रवार को फोर्ट रोड पर एक मस्जिद के पास बिजली के तार से नूपुर शर्मा का पुतला लटका मिला। इस पर बवाल होने से पहले ही पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर इसे तुरंत हटा दिया।

तेलंगाना में मक्का मस्जिद के बाहर प्रदर्शन

तेलंगाना की राजधानी और एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी का गढ़ माने जान वाले हैदराबाद में भी प्रदर्शनकारियों ने जुमे की नमाज के बाद जमकर बवाल काटा। हैदराबाद स्थित मक्का मस्जिद के बाहर प्रदर्शनकारियों ने नूपुर शर्मा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें वहां से हटाया। मक्का मस्जिद इलाके में पुलिस और सीआऱपीएफ की तैनाती की गई है।

एमपी-महाराष्ट्र में प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि भोपाल की बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नूपुर शर्मा का खुलकर समर्थन किया है। एमपी के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से भी विरोध प्रदर्शन की खबरें हैं। खबर के मुताबिक, राज्य के नवी मुंबई, पनवेल, सोलापुर, औरंगाबाद में प्रदर्शन हुए हैं। इन प्रदर्शनों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए हैं। हालांकि, यहां से किसी तरह की हिंसा की खबर सामने नहीं आई है।

पंजाब के लुधियाना में प्रदर्शन

पंजाब के लुधियाना में नूपुर शर्मा के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन देखा गया। लुधियाना जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी के आह्वान पर जुमे के बाद प्रदर्शनकारी जुटे थे। इन्होंने नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल का पुतला फूंकते हुए कहा कि पैगंबर की शान में गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

कश्मीर में भी प्रदर्शन

हाल के दिनों में आतंकवादियों द्वारा टारगेटेड किलिंग के कारण चर्चा में रहे कश्मीर में भी जुमे की नमाज के बाद कई हिस्सों में प्रदर्शन देखे गए। श्रीनगर समेत केंद्र शासित प्रदेश के अन्य भागों में प्रदर्शनकारी पोस्टर लेकर नूपुर शर्मा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कई पोस्टर ऐसे भी दिखे, जिसमें पैगंबर मोहम्मद का अपमान करने वालों का सिर काटकर लाने की बात कही गई थी।

दोस्तों देश दुनिया से जुड़ी किसी भी खबर को सबसे पहले जानने के लिए फालो करें Google News पर करें हमें ।

Shreya

Shreya

Next Story