×

Mathura News: कान्हा की नगरी में आने वाले भक्तों को होगा काशी का एहसास

Mathura News: सावन के महीने में भूतेश्वर चैराहे पर शिव चिन्हों का किया लोकार्पण, योगी कृष्ण की नगरी में आने वाले भक्तों को महायोगी शिव के भजनों का होगा श्रवण, जिलाधिकारी ने भूतेश्वर तिराहे पर भगवान शिव के प्रतीक चिन्हों का किया लोकार्पण।

Mathura Bharti
Published on: 25 July 2023 6:26 AM GMT
X

Mathura News; कान्हा की नगरी में अभी तक आने वाले भक्तों को राधे राधे के स्वरों का श्रवण होता था, लेकिन अब कान्हा की नगरी में आने वाले भक्तों को शिव शक्ति का एहसास होगा। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर सावन के सोमवार के दिन जिला अधिकारी पुलकित खरे ने भूतेश्वर तिराहे पर भगवान शिव के प्रतीक चिन्हों जैसे शिव की जटाओं में दिखने वाला चंद्रमा, डमरू और त्रिशूल को प्रतिबिंबित कर रहे चिन्हों का लोकार्पण किया।
सावन के महीने में प्रसिद्ध भूतेश्वर मंदिर के समीप स्थित भूतेश्वर तिराहे पर शिव शक्ति को जाग्रत करते इन चिन्हों के लोकार्पण से शिव भक्तों में एक अलग ही खुशी दिखाई दे रही थी।

इस मौके पर जिलाधिकारी पुलकित खरे, एसएसपी शैलेश पांडेय, नगर आयुक्त अनुनय झा और महापौर विनोद अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित थे।
शिव धुनों के साथ शिव चिन्हों का लोकार्पण करने के बाद जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि जनसहयोग से इस तिराहे का सौंदर्यीकरण करीब 15 लाख रुपए की लागत से करवाया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि तिराहे का सौंदर्यीकरण जनपद व तिराहे को और आकर्षित बनाता है एवं इससे तिराहे को एक नई पहचान मिलेगी।

शहर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना भूतेश्वर तिराहा-

अब आप मथुरा के भूतेश्वर तिराहा पर आएंगे तो भगवान भोलेनाथ के प्रतीक चिन्हों से रुबरु होंगे। भूतेश्वर तिराहे पर भगवान भोलेनाथ जी के प्रतीक चिन्हों का प्रदर्शन किया गया है, जिसमें डमरू, त्रिशूल, नाग, अर्धचंद्र आदि को शामिल किया गया है। विशाल चिन्ह तिराहे को एक नया स्वरूप देने का कार्य कर रहा है। इससे तिराहे की सुंदरता बढ़ी है।

जिलाधिकारी ने उद्घाटन करते हुए जानकारी दी कि भूतेश्वर महादेव जी शहर के कोतवाल कहलाते हैं और यहां दर्शन करने से केदारनाथ जी जैसा फल मिलता है, ऐसी इस भूतेश्वर महादेव जी की मान्यता है। भूतेश्वर महादेव जी को लेकर कई तरह की पौराणिक मान्यताएं भी हैं। मंदिर में समय-समय पर भगवान शंकर जी ने विभिन्न रूप धारण कर अपने प्रिय आराध्य श्री कृष्ण की लीलाओं का दिव्यदर्शन किया था।

कान्हा की नगरी मथुरा भी शिवमयी हो गई है। भूतेश्वर महादेव मथुरा कृष्ण जन्मभूमि के दक्षिण में महादेव जी का मन्दिर है। इसमें ऐतिहासिक शिवलिंग एवं पाताल देवी के विग्रह हैं। भूतेश्वर महादेव का शिवलिंग नाग शासकों द्वारा स्थापित किया गया। भूतेश्वर महादेव जी मथुरा के रक्षक सुप्रसिद्ध चार महादेवों में पश्चिम दिशा के क्षेत्रपाल माने जाते हैं। डीएम ने कहा कि ब्रज की संस्कृति और विरासत अक्षुण्य रहे, इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्यों का खाका तैयार किया जा रहा है।

चैराहों और तिराहे के विकास कार्यों का खाका तैयार किया जा रहा है और आगे आने वाले समय में कृष्ण नगरी दिव्य और भव्य दिखाई देगी।
उधर, नगर निगम के महापौर ने कहा कि मथुरा वृंदावन को स्मार्ट सिटी बनाने में यह अच्छा कदम है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व गोवर्धन चैरे पर सौंदर्यीकरण का काम किया था जो श्रद्धालुओं के साथ साथ जनपदवासियों के लिए गौरवांवित करने वाला है।

Mathura Bharti

Mathura Bharti

Next Story