×

Assembly Election 2024: ओडिशा में नवीन पटनायक नहीं रच सके इतिहास, 24 साल बाद BJD राज खत्म, दिया इस्तीफा

Odisha Assembly Election 2024: नवीन पटनायक के लिए इससे भी बड़ा झटका तो यह है कि वे अपनी विधानसभा सीट भी नहीं बचा सके।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 5 Jun 2024 8:54 AM GMT
Naveen Patnaik resigns
X

Naveen Patnaik resigns  (PHOTO: social media ) 

Odisha Election Result 2024: ओडिशा के विधानसभा चुनाव में नवीन पटनायक की अगुवाई वाले बीजू जनता दल को करारा झटका लगा है। 24 साल से ओडिशा के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज नवीन पटनायक इस बार के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कोई करिश्मा नहीं दिखा सके। अगर वे इस बार विधानसभा चुनाव जीतते तो सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का इतिहास रच देते मगर ऐसा नहीं हो सका।

नवीन पटनायक के लिए इससे भी बड़ा झटका तो यह है कि वे अपनी विधानसभा सीट भी नहीं बचा सके। उन्हें कांताभांजी विधानसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा है। राज्य की 21 लोकसभा सीटों पर बीजू जनता दल का खाता नहीं खुल सका जबकि विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने अपने दम पर बहुमत हासिल कर लिया है। करारी हार के बाद नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है उन्होंने आज राजभवन जाकर राज्यपाल रघुवर दास को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

विधानसभा चुनाव में लगा करारा झटका

ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा के चुनाव भी कराए गए थे। ओडिशा में विधानसभा की 147 सीटें हैं और इनमें से 78 सीटों पर जीत हासिल करते हुए भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत पा कर लिया है। नवीन पटनायक की अगुवाई वाला बीजू जनता दल 51 सीटों पर सिमट गया है जबकि कांग्रेस को 14 सीटों पर जीत हासिल हुई है।

नवीन पटनायक ने वर्ष 2000 में राज्य की कमान संभाली थी और उसके बाद वे लगातार राज्य के मुख्यमंत्री बने रहे हैं। इस बार भी राज्य में हो रहे विधानसभा और लोकसभा चुनाव में नवीन पटनायक की अगुवाई में बीजू जनता दल ने पूरी ताकत लगाई थी। इस बार भी उन्हें सत्ता का मजबूत दावेदार माना जा रहा था मगर भाजपा ने उन्हें गहरी चोट पहुंचाई है। इस चुनावी हार के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

नहीं हो सका था भाजपा के साथ गठबंधन

ओडिशा में पहले बीजू जनता दल और भाजपा में तालमेल होने की चर्चा थी मगर सीटों का पेंच फंसने के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं हो सका। भुवनेश्वर और दिल्ली में कई दौर की बातचीत के बाद भी दोनों दलों में तालमेल नहीं हो सका था और अब भाजपा ने बीजू जनता दल को पटखनी दे दी है।

लोकसभा चुनाव में भी मिली करारी शिकस्त

बीजू जनता दल को विधानसभा ही नहीं बल्कि लोकसभा चुनाव में भी करारा झटका लगा है। ओडिशा में लोकसभा की 21 सीटें हैं और भारतीय जनता पार्टी ने इनमें से 20 सीटों पर जीत हासिल कर ली है जबकि एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। बीजू जनता दल को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है।

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजू जनता दल ने 12 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि भाजपा को 8 सीटों पर जीत मिली थी। विधानसभा चुनाव के दौरान बीजू जनता दल ने 112 और भाजपा ने 23 सीटों पर कब्जा किया था।

पीएम मोदी ने किया ओडिशा की जीत का जिक्र

चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद बुधवार को भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसीलिए जय जगन्नाथ का उद्घोष किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा में मिली इस कामयाबी का विशेष तौर पर जिक्र किया था और कहा था कि ओडिशा में हम पहली बार अपने दम पर सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी अपने संबोधन में ओडिशा में मिली जीत का जिक्र किया था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story