×

International Women's Day 2022: पूरे पांच दिन तक होगा महिला दिवस का आयोजन, 5 व 6 मार्च को 'ब्रेक द बायस' इवेंट का आयोजन

International Women's Day 2022: महिला दिवस को मानने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के तहत महिला दिवस 5 से 11 मार्च तक जिला स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 4 March 2022 3:31 PM GMT
Womens Day 2022
X

Women's Day 2022। (Photo- Social Media)  

International Women's Day 2022: हर बार की तरह इस बार भी आठ मार्च को महिला दिवस (Women's Day 2022) को मानने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लेकिन इस बार आजादी के अमृत महोत्सव (Amrit Mahotsav) के तहत महिला दिवस 5 से 11 मार्च तक जिला स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत स्थानीय स्तर पर सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए पंचायत व नगरीय स्थानीय स्वशासन की महिला प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।

महिला दिवस पर 5 से 11 मार्च तक होंगे ये कार्यक्रम

  • कार्यक्रम के तहत पहले 2 दिन 5 व 6 मार्च को 'ब्रेक द बायस' इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सोशल मीडिया कैम्पेन के जरिए प्रदेश की ऐसी महिलाओं की कहानियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा जो समाज की रूढ़ियों व पूर्वाग्रहों से संघर्ष कर खुद सफल जीवनयापन कर रहीं हैं और दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं।
  • 7 मार्च को 'वूमन ऑफ टुमारो' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत किशोरियों व महिलाओं के साथ उनकी शिक्षा व स्वावलंबन की चुनौतियों पर चर्चा आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्यालय, कालेज, विश्वविद्यालय, आंगनबाड़ी, महिला शरणालय, बालिका गृहों व संरक्षण गृहों आदि के स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
  • 8 मार्च को मेगा इवेंट 'अनंता' का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज में बदलाव के लिए प्रयासरत महिलाओं की प्रेरक कहानियों को जनपद स्तर पर टीवी, रेडियो, एफएम, कम्युनिटी रेडियो, टाक शो, गोष्ठियों, अखबार आदि के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की ऐसी महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
  • 9 मार्च को 'गो पर्पल' सोशल मीडिया कैम्पेन चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारियों के साथ-साथ कोई भी व्यक्ति महिलाओं के प्रति सम्मान दर्शाने व लैंगिक समानता में अपनी भागीदारी निभाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर पर्पल (बैगनी) कपड़ों, कैप, आर्म रिस्ट बैंड के साथ वाली फ़ोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगे। महिला कल्याण विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इस गतिविधि में अनिवार्य रूप से भाग लेना है। इसके लिए गो पर्पल हैशटैग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • 10 मार्च को 'हेल्थ वाच' कार्यक्रम के जरिए महिलाओं व किशोरियों की प्रमुख स्वास्थ्यगत समस्याओं और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  • 11 मार्च को 'सुरक्षा वारियर्स' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पंचायती राज, स्वास्थ्य, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, ग्रामीण विकास, पुलिस व महिला कल्याण विभाग के समन्वय से परिसरों, ग्रामों, कस्बों, मोहल्लों, रास्तों, क्षेत्र विशेष में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिहाज से 'जोखिम वाले स्थलों' की पहचान की जाएगी । इसके अलावा इन्हीं क्षेत्रों से सुरक्षा वारियर्स के रूप में लोगों की पहचान भी की जाएगी।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story