×

Nuclear Weapons: जानिए किसके पास कितने हैं परमाणु हथियार

Nuclear Weapons: दुनिया भर में कुल 13,080 परमाणु हथियार मौजूद थे। इनमें से 3,825 परमाणु हथियार सेनाओं के पास हैं और 2,000 हथियार हाई अलर्ट की स्थिति में रखे गए हैं।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Deepak Kumar
Published on: 4 March 2022 10:04 AM GMT (Updated on: 4 March 2022 10:09 AM GMT)
Nuclear Weapons
X

जानिए किसके पास कितने हैं परमाणु हथियार। (Photo- Social Media) 

Nuclear Weapons: दुनिया में विभिन्न देशों के पास आज इतने परमाणु हथियार हैं कि पूरी दुनिया को तबाह किया जा सकता है। स्टॉकहोम अंतरराष्ट्रीय शांति शोध संस्थान यानी सीपरी हर साल दुनिया भर में हथियारों के बारे में रिपोर्ट तैयार करती है। सीपरी के मुताबिक 2021 की शुरुआत में दुनिया भर में कुल 13,080 परमाणु हथियार मौजूद थे। इनमें से 3,825 परमाणु हथियार सेनाओं के पास हैं और 2,000 हथियार हाई अलर्ट की स्थिति में रखे गए हैं, यानी कभी भी इनका उपयोग किया जा सकता है।

9 देशों के पास है तबाही का सामान

सीपरी के मुताबिक दुनिया के कुल 9 देशों के पास परमाणु हथियार हैं। यानी ये देश अपने हाथ में बर्बादी की चाभी थामे हुए हैं। इन देशों में अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, इजरायल और उत्तर कोरिया के नाम शामिल हैं। वैसे, दुनिया में परमाणु हथियारों की कुल संख्या में कमी आ रही है। इसकी वजह ये है की अमेरिका और रूस ने अपने परमाणु हथियारों के जहीरे में कटौती की हुई है।

उत्तर कोरिया (North Korea) : डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया यानी उत्तर कोरिया ने 2006 में पहली बार नाभिकीय परीक्षण किया था। अनुमान है कि वर्तमान में उसके पास 40-50 परमाणु हथियार मौजूद हैं।

इजरायल (Israel) : इजरायल के पास फिलहाल 90 परमाणु हथियार होने की बात कही जाती है लेकिन उसने परमाणु हथियारों की कहीं तैनाती नहीं की है। ये भी पता नहीं है कि इजरायल ने अपना परमाणु परीक्षण कब और कहाँ किया था। बताया जाता है कि इजरायल में परमाणु हथियार के डेवलपमेंट का काम शिमोन पेरेज नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर में किया गया है। इजरायल ने बहुत समय तक इसे छिपाए रखा था।

भारत (India) : भारत के परमाणु हथियारों के जखीरे में कुल 156 हथियार हैं। इन सभी को रिजर्व में रखा गया है यानी भारत ने परमाणु हथियारों की तैनाती नहीं की है। भारत ने पहली बार नाभिकीय परीक्षण 1974 में पोखरण में किया था।

पाकिस्तान (Pakistan) : पाकिस्तान के पास कुल 165 परमाणु हथियार मौजूद हैं। पाकिस्तान ने भी अपने परमाणु हथियारों की तैनाती नहीं की है और उन्हें रिजर्व में रखा है। पाकिस्तान ने 1998 में पहली बार नाभिकीय परीक्षण किया था।

ब्रिटेन (Britain) : ब्रिटेन के पास कुल 225 परमाणु हथियार हैं। इनमें से 120 परमाणु हथियारों को ब्रिटेन ने तैनात कर रखा है जबकि 105 हथियार उसने रिजर्व में रखे हैं। ब्रिटेन ने पहला बार नाभिकीय परीक्षण 1952 में किया था।

फ्रांस (France) : फ्रांस ने 1960 में पहली बार नाभिकीय परीक्षण किया था और फिलहाल उसके पास 290 परमाणु हथियार मौजूद हैं। फ्रांस ने 280 परमाणु हथियारों की तैनाती कर रखी है और 10 हथियार रिजर्व में रखे हैं।

चीन (China) : चीन ने 1964 में पहली बार नाभिकीय परीक्षण किया था और अब उसके पास कुल 350 परमाणु हथियार मौजूद हैं। उसने कितने परमाणु हथियार तैनात किए हैं और कितने रिजर्व में रखे हैं इसके बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है। ये भी कहा जाता है कि चीन के पास कहीं ज्यादा संख्या में परमाणु हथियार मौजूद हैं।

अमेरिका (America) : दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या के लिहाज से अमेरिका दूसरे नंबर पर है। अमेरिका ने 1,800 परमाणु हथियार तैनात कर रखे हैं जबकि 2,000 हथियार रिजर्व में रखे गए हैं। इनके अलावा अमेरिका के पास 1,760 और भी न्यूक्लियर वार हेड हैं। अमेरिका ने 1945 में पहली बार नाभिकीय परीक्षण किया था। इसके बाद से वह कई परीक्षण कर चुका है।

रूस (Russia) : परमाणु हथियारों के मामले में रूस टॉप पर है। उसके पास दुनिया में सबसे ज्यादा 6,255 परमाणु हथियार हैं। रूस ने इनमें से 1,625 हथियारों को तैनात कर रखा है जबकि 2,870 परमाणु हथियार रिजर्व में रखे हैं। रूस के पास नयूक्लियर वॉर हेड की संख्या 1,760 है। रूस के हथियारों की संख्या 2020 के मुकाबले थोड़ी बढ़ी है। रूस ने 1949 में परमाणु हथियार बनाने की क्षमता हासिल की थी और तभी उसने पहला परीक्षण किया था।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story