×

By Poll Results: भाजपा को तीन सीटों पर मिली कामयाबी, घोसी में सबसे बड़ी हार, INDIA गठबंधन को चार पर मिली जीत

By Poll Results: देश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित कर दिए गए। भाजपा ने इनमें से तीन सीटों पर जीत हासिल की है मगर उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर पार्टी को सपा प्रत्याशी के मुकाबले बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Sep 2023 1:47 PM GMT
BJP got success on three seats, biggest defeat in Ghosi, INDIA alliance won on four
X

भाजपा को तीन सीटों पर मिली कामयाबी, घोसी में सबसे बड़ी हार, INDIA गठबंधन को चार पर मिली जीत: Photo- Social Media

By Poll Results: देश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित कर दिए गए। भाजपा ने इनमें से तीन सीटों पर जीत हासिल की है मगर उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर पार्टी को सपा प्रत्याशी के मुकाबले बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। घोसी में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को मात दे दी है। भाजपा ने त्रिपुरा की दो और उत्तराखंड की एक विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है।

केरल में कांग्रेस को कामयाबी हासिल हुई है जबकि झारखंड में एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में झामुमो ने अपनी ताकत दिखाई है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को जीत हासिल हुई है। मजे की बात यह है कि टीएमसी यह सीट बीजेपी से चीन में कामयाब रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इसे इंडिया गठबंधन की जीत बताया है।

घोसी में भाजपा को मिली सबसे बड़ी हार

इस बार के उपचुनाव में पूरे देश की निगाहें घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव पर लगी हुई थीं। इस उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से सपा को समर्थन दिए जाने के बाद इंडिया और एनडीए गठबंधन के बीच मुकाबला माना जा रहा था। इस सीट पर सपा और भाजपा के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही थी मगर सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर बड़ी जीत हासिल की है।

घोसी में मिली इस हार को एनडीए के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। 2024 में होने लोकसभा होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भी इसे बड़ा सियासी संदेश माना जा रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव, रालोद मुखिया जयंत चौधरी और प्रदेश कांग्रेस ने इसे इंडिया गठबंधन की जीत बताया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि इसे सिर्फ सपा प्रत्याशी की ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन की जीत के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले कल में भी यही परिणाम निकलने वाला है।

सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह: Photo- Social Media

बागेश्वर में कांटे के मुकाबले में भाजपा विजयी

उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच शुरुआत से ही कांटे का मुकाबला दिखा। राज्य में इस सीट पर हो रहे हो चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत लगा रखी थी और मतगणना के दौरान इसका असर भी दिखा। कांटे के मुकाबले वाली सीट पर भाजपा की उम्मीदवार पार्वती दास ने कांग्रेस के प्रत्याशी बसंत कुमार को 2810 मतों से हरा दिया।

भाजपा की उम्मीदवार पार्वती दास: Photo- Social Media

अप्रैल 2023 में भाजपा मंत्री चंदन रामदास के निधन के बाद भाजपा ने पार्वती दास ने बागेश्वर से उपचुनाव में चुनाव मैदान में उतारा था। इससे पूर्व 2022 के विधानसभा चुनाव में चंदन रामदास ने लगभग 11 हजार मतों से जीत हासिल की थी।

चंदन रामदास ने कांग्रेस के रंजीत दास को हराया था। इस उपचुनाव के दौरान रंजीत दास कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इस झटके के बाद कांग्रेस ने आप पार्टी के नेता बसंत कुमार को तोड़ कर नुकसान की भरपाई करने की कोशिश की। बसंत कुमार ने ने 2022 के चुनाव में 15768 मत हासिल किए थे। कम अंतर वाला बागेश्वर का उपचुनाव बीजेपी के लिए खतरे की घंटी भी माना जा रहा है।

डुमरी सीट पर झामुमो ने दिखाई ताकत

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर झामुमो ने शानदार जीत हासिल की है। झामुमो प्रत्याशी बेबी देवी ने एनडीए समर्पित आज सखी यशोदा देवी को चुनाव हार दिया है। बेबी देवी की जीत के बाद उनके पुत्र अखिलेश महतो ने जनता को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने में मेरी मां को समर्थन दिया है और इस जीत के बाद अब पिता पूर्व मंत्री स्व जगरनाथ महतो के अधूरे कार्यों को पूरा किया जाएगा। इस जीत के जरिए हेमंत सोरेन की अगुवाई वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने एक बार फिर अपनी पकड़ साबित की है।

कांग्रेस प्रत्याशी एडवोकेट चांडी ओमान: Photo- Social Media

केरल में कांग्रेस प्रत्याशी को मिली जीत

केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस अपनी ताकत दिखाने में कामयाब रही। कांग्रेस प्रत्याशी एडवोकेट चांडी ओमान ने इस विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ सीपीएम को करारा झटका दिया। उन्होंने सीटीएम उम्मीदवार जैक सी थॉमस को 36,000 से अधिक मतों से हराया। थॉमस की इस हार से वाम दलों के गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। वैसे विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में कांग्रेस के साथ वाम दल भी शामिल हैं।

त्रिपुरा की दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा

त्रिपुरा की बॉक्सानगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने 34,146 वोटों से शानदार जीत दर्ज की है। इस विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी तफज्जल हुसैन को 34146 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के मिजन हुसैन को महज 3,909 वोट मिले हैं। इस तरह भाजपा ने इस विधानसभा सीट पर बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी को इस सीट पर 30237 मतों के अंतर से जीत मिली है। भाजपा प्रत्याशी ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली थी और आखिरकार जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

त्रिपुरा की धनपुर सीट पर भी भाजपा प्रत्याशी ने ताकत दिखाते हुए जीत हासिल की है। धनपुर में भाजपा के प्रत्याशी बिंदू देबनाथ 30017 वोट हासिल करने में कामयाब रहे। उन्होंने सीपीएम के कौशिक चंदा को हराया जिन्हें 11146 वोट मिले हैं। इस विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को 18871 मतों से जीत हासिल हुई है। इस सीट पर भी सीपीएम भाजपा को कड़ी चुनौती देने में कामयाब नहीं हो सकी।

पश्चिम बंगाल में दिखा टीएमसी का जलवा

पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी उपचुनाव में टीएमसी ने बीजेपी को हराने के साथ ही अपनी खोई हुई सीट पर फिर कब्जा कर लिया। बीजेपी विधायक बिष्णु पद राय की मौत के बाद यहां चुनाव कराया गया जिसमें टीएमसी ने जीत हासिल की। टीएमसी के निर्मल चन्द्र राय ने कड़े मुक़ाबले में बीजेपी की तापसी राय को हरा दिया।

टीएमसी के निर्मल चन्द्र राय ने कड़े मुक़ाबले में बीजेपी की तापसी राय को हराया: Photo- Social Media

इस जीत के बाद टीएमसी मुखिया और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी पार्टी ने बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस इलाके को भाजपा का गढ़ माना जाता था मगर जनता ने इस बार हमें समर्थन दिया है। उन्होंने इसे इंडिया गठबंधन की जीत बताते हुए कहा कि उत्तरी बंगाल में एक बार फिर हम ताकत दिखाने में कामयाब रहे हैं।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story