×

UP Nikay Chunav 2023: गिरीश यादव ने सपा पर साधा निशाना, बोले- सपा का वीआईपी कल्चर बीजेपी सरकार ने किया खत्म

Amethi News: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने सपा सरकार पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व की सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सपा सरकार में आठ जिले वीआईपी थे जहां चैबीस घंटे बिजली मिलती थी।

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 5 May 2023 10:14 PM GMT
UP Nikay Chunav 2023: गिरीश यादव ने सपा पर साधा निशाना, बोले- सपा का वीआईपी कल्चर बीजेपी सरकार ने किया खत्म
X
UP Nikay Chunav 2023 (Pic: Newstrack)

Amethi News: यूपी निकाय चुनाव को लेकर अपने चुनावी दौरे पर पहुंचे खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश यादव ने सपा सरकार पर जम कर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व की सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सपा सरकार में आठ जिले वीआईपी थे जहां चैबीस घंटे बिजली मिलती थी। अन्य क्षेत्रों में बिजली नहीं मिलती थी। बीजेपी सरकार ने वीआईपी कल्चर खत्म कर दिया। आज हर जगह बिजली मिल रही है।
जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश यादव शुक्रवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी कैंडिडेट से जरा आप लोग पूछिए कि उनकी सरकार में बिजली कितने घंटे आती थी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि आखिर नहीं आती थी तो क्यों नहीं आती थी।

उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में वीआईपी कल्चर हावी था। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने वीआईपी कल्चर खत्म कर दिया। उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि इटावा, मैनपुरी, सैफई, आजमगढ़ सहित 8 जिले वीआईपी घोषित कर दिए थे। सपा सरकार में उन जिलों में 24 घंटे बिजली रहती थी। आखिर अमेठी में क्यों बिजली नहीं मिलती थी। आज योगी की सरकार में आप लोगों को पर्याप्त बिजली मिल रही है। उन्होंने योगी और मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जनता को योगी और मोदी पर विश्वास हो गया है।

उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं से जनता खुश है। अमेठी की सभी सीटों पर जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से खुश जनता ने मन बना लिया है। इस बार अमेठी की सभी सीटों पर कमल का फूल खिलेगा। बीजेपी का परचम लहराएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में बीजेपी का परचम लहराएगा। ओवरब्रिज निर्माण से नाराज व्यापारियों के सवाल पर उन्होंने कहा की सभी व्यापारियों से बातचीत कर जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर स्थाई समाधान निकाला जाएगा।

बहु प्रतीक्षित ओवर ब्रिज के निर्माण होने से कुछ व्यापारियों की नाराजगी चल रही थी। नाराज व्यापारियों ने प्रभारी मंत्री से मिलकर अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रभारी मंत्री गिरीश यादव ने व्यापारियों को आश्वाशन दिया की प्रशासन एवं सरकार से समन्वय स्थापित कर स्थाई समाधान निकाला जाएगा। किसी भी व्यापारी को कोई दिक्कत नहीं होगी। वहां पर मौजूद व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने अमेठी नगर पंचायत के कटरा राजा हिम्मत सिंह वार्ड में चुनावी जनसभा को संबोधित कर बीजेपी कैंडिडेट के लिए वोट मांगा। इस दौरान बीजेपी नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने व्यापारियों को विश्वास दिलाया की जिस तरह पन्द्रह वर्षों से नगर वासियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई। आगे भी किसी भी नागरिक के साथ कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि नगर के सभी नागरिकों की समस्या मेरी समस्या है।

Surya Bhan Dwivedi

Surya Bhan Dwivedi

Next Story