नीतीश के साथ भी ऐसा ही होगा.. धनखड़ के इस्तीफे के बाद तेजस्वी ने की भविष्यवाणी

Tejashwi Yadav: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही का संचालन अच्छे से किया। ऐसे में आखिर उसी रात को उनका इस्तीफा देना हैरानी की बात है।

Update:2025-07-22 16:46 IST

Tejashwi Yadav

Tejashwi Yadav: देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को अचानक दिया गया इस्तीफा सियासत में किसी भूचाल से कम नहीं है। धनखड़ के इस्तीफा देने के बाद से ही हलचल मची हुई है। संसद के मानसून सत्र के पहले ही आखिर ऐसा क्या हुआ जो जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। यह सवाल हर किसी को परेशान कर रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को स्वास्थ्य कारणों और चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए इस्तीफा सौंपा। जिसे स्वीकार भी कर लिया गया है। अब उनके उत्तराधिकारी की तलाश की जा रही है।

जल्द ही नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं विपक्ष उपराष्ट्रपति के इस्तीफे को लेकर लगातार हमलावर बना हुआ है। बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर हैरत जताया है। साथ ही उन्होंने धनखड़ की इस्तीफे को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिस तरह आज जगदीप धनखड़ का इस्तीफा हुआ है। उसी तरह से बिहार में चुनाव होने के बाद नीतीश कुमार से भी इस्तीफा लिया जाएगा।

सत्र से पहले भी दे सकते थे इस्तीफाः तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही का संचालन अच्छे से किया। ऐसे में आखिर उसी रात को उनका इस्तीफा देना हैरानी की बात है। उन्होंने कहा कि अब सवाल यह उठता है कि उन्होंने इस्तीफा दिया गया या फिर लिया गया है। अगर स्वास्थ्य की बात है तो वह मानसून सत्र शुरू होने के पहले भी इस्तीफा दे सकते थे। चर्चाएं यह हैं कि इस्तीफा लिया गया है। इसका कारण क्या है या नहीं। यह तो वही बेहतर बता सकते हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह अचेत अवस्था में हैं, उनके स्वास्थ्य को लेकर भी खबरें मिलती रहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर जगदीप धनखड़ इस्तीफा दे सकते हैं तो फिर सवाल यह उठता है कि ऐसी क्या मजबूरी है कि नीतीश कुमार को भाजपा बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा बना रही है। हमें लगता है कि जो उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ हुआ, वही बिहार में चुनाव होने के बाद नीतीश कुमार के साथ होगा। जो महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के साथ हुआ। वही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ होगा।

Tags:    

Similar News