2014 से पहले मोबाइल फोन, अर्थव्यवस्थाएं और सरकारें सब थीं हैंग मूड पर, जनता ने बदल दिए आउटडेटेड फोन; मोबाइल कांग्रेस में बोले मोदी

India Mobile Congress 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2023 के 7वें संस्करण का उद्घाटन किया।

Report :  Viren Singh
Update: 2023-10-27 06:18 GMT

India Mobile Congress 2023 (सोशल मीडिया) 

India Mobile Congress 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2023 के 7वें संस्करण का उद्घाटन किया है। इसका कार्यक्रम का आयोजन भारत मंडपम में किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यहां टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 5जी, 6जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी प्रौद्योगिकियों प्रोडक्ड की लगाई प्रदर्शनी भी दिखे। रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के अध्यक्ष आकाश अंबानी प्रधानमंत्री मोदी को नई तकनीक की जानकारी देते हुए नजर आए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हाल ही में गूगल ने भारत में अपने पिक्सल फोन के निर्माण की घोषणा की है। सैमसंग के फोल्ड 5 मोबाइल फोन और एप्पल के आईफोन 15 का निर्माण भारत में शुरू हो चुका है। हमें गर्व है कि दुनिया मेड इन इंडिया मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही है।

2G स्पेक्ट्रम आवंटन पर क्या हुआ यह कौन नहीं जानता ?

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि हर कोई जानता है यूपीए सरकार के दौरान 2G स्पेक्ट्रम आवंटन को लेकर क्या क्या हुआ है। हमारी सरकार के दौरान 4जी का विस्तार हुआ लेकिन हम पर कोई दाग नहीं लगा। मोदी ने कहा कि हम न केवल देश में 5G का विस्तार कर रहे हैं, बल्कि 6G तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। मुझे विश्वास है कि भारत 6जी तकनीक में दुनिया का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि हर दिन प्रौद्योगिकी में बदलाव के साथ हम कहते हैं कि भविष्य यहीं और अभी है।

लोगों ने आउटडेटेड सरकार को छोड़ दिया

मोदी ने कहा कि आप 10-12 साल पुराने समय को याद करिए जब आउटडेटेड मोबाइल फोन की स्क्रीन बार-बार हैंग कर जाती थी, चाहे आप कितना भी स्वाइप कर लें या बटन दबा ले, कुछ असर नहीं होता था। यही स्थिति उस समय केंद्र में मौजूद कांग्रेस सरकार की थी। वह दौर भारत की अर्थव्यवस्था और सरकार का हैंग होने वाला दौर था। तब हालत इतनी बिगड़ गई थी कि रि स्टार्ट करने, बैटरी चार्ज करने या बैटरी बदलने से भी कोई फायदा नहीं होता था। मोदी ने कहा कि 2013 में देश की जनता ने आउटडेटेड सरकार को छोड़ दिया और हमें सेवा करने का अवसर दिया। इस बदलाव से क्या हुआ ये दिखता है। उस समय हम मोबाइल फोन के इंपोर्टर थे। आज हम एक्सपोर्टर हैं। आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल मैन्युफैक्चर्रस हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में पीएम मोदी देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित 100 '5जी यूज केस लैब्स' को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।


जियो ने कराया घरों और व्यवसायों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट का अनुभव

रिलायंस जियो देश के दूरदराज के इलाकों को कनेक्ट करने के लिए ‘जियो स्पेस फाइबर’ नाम की एक नई टेक्नोलॉजी लेकर आया है। ‘जियो स्पेस फाइबर’ सैटेलाइट बेस्ड गीगा फाइबर टेक्नोलॉजी है, जो उन दुर्गम इलाकों को कनेक्ट करेगा, जहां फाइबर केबल से ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाना मुश्किलों भरा काम है। यह सर्विस पूरे देश में अत्यधिक किफायती कीमतों पर उपलब्ध होगी। रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के अध्यक्ष आकाश अंबानी ने कहा, जियो ने भारत में लाखों घरों और व्यवसायों को पहली बार ब्रॉडबैंड इंटरनेट का अनुभव कराया। जियोस्पेसफाइबर के साथ हम अभी तक अनकनेक्टिड लाखों लोगों को कवर करेंगे। ऑनलाइन सरकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन सेवाओं तक, जियोस्पेसफाइबर हर किसी को, हर जगह कनेक्ट कर सकेगा।

भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन मित्तल ने भी रखे विचार

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2023 के कार्यक्रम को भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन और भारती एयरटेल के संस्थापक सुनील भारती मित्तल ने भी संबोधित किया है। मित्तल ने पीएम से पहले अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आईएमसी 2023 के लिए दो स्तंभ बहुत महत्वपूर्ण हैं। पहला था डिजिटल इंडिया...आपने JAM ट्रिनिटी का नारा बुलंद किया जो जनधन, आधार और मोबाइल पर आधारित था उसकी चर्चा दुनिया भर में हो रही है। चाहे विश्व बैंक हो, UN हो, WTO हो, अफ़्रीकी संघ हो, यूरोपीय राष्ट्र हो, G20 हो, OECD देश हों, या BRICS हों, सबका एक ही नारा है, भारत ने जो डिजिटल बुनियादी ढांचा तैयार किया है, वह विश्व अर्थव्यवस्था को गति दे सकता है। खासकर उन देशों में जहां बुनियादी ढांचे की कमी है। दूसरा सबसे महत्वपूर्ण है मेक इन इंडिया।

आईएमसी 2023 यह है थीम

आईएमसी 2023 की इस बार थीम ‘ग्लोबल डिजिटल इनोवेशन’ है। इसका लक्ष्य 5जी, 6जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित प्रौद्योगिकियों के डेवलपर, निर्माता और निर्यातक के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करना है। यह आयोजन भारत की विशिष्ट आवश्यकताओं और वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप अनुप्रयोग विकास को बढ़ावा देकर 5जी प्रौद्योगिकी की क्षमता पर पकड़ बनाने पर केंद्रित है। इसमें सेमीकंडक्टर उद्योग, हरित प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा से संबंधित चर्चाएं भी शामिल होंगी।


इतने दिन चलेगा कार्यक्रम

इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2023 आज यानी 27 अक्टूबर से शुरू हुआ है, जो 29 अक्टूबर तक चलेगा। इस कार्यक्रम में 22 देशों के 1 लाख से अधिक प्रतिभागियों के हिस्सा बनने की उम्मीद है। इसमें करीब 5,000 सीईओ स्तर के प्रतिनिधि, 230 प्रदर्शक, 400 स्टार्टअप और विभिन्न हितधारक शामिल हैं। यह एशिया का सबसे व्यापक दूरसंचार, मीडिया और प्रौद्योगिकी मंच है और यह दूरसंचार और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में प्रगति को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। इस दौरान आईएमसी स्टार्टअप्स, निवेशकों और स्थापित व्यवसायों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 'एस्पायर' नाम से एक स्टार्टअप कार्यक्रम शुरू करेगी।

Tags:    

Similar News