Love Crime Cases 2026: प्यार, दबाव या स्वार्थ? मंगेतर ही क्यों बन रही हैं हत्यारी, मौत चुनने के पीछे क्या है मानसिकता

Love Crime Cases India 2026: भारत में बढ़ते लव क्राइम मामलों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर कुछ रिश्ते प्यार से अपराध तक कैसे पहुंच जाते हैं।

Update:2026-06-25 15:33 IST

Love Crime Cases 2026 

Love Crime Cases India 2026: एक बार फिर पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। उनकी मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें लोहागढ़ किले की गहरी खाई में धक्का दे दिया। यह मामला सामने आते ही लोगों को इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद ताजा करा दी, जहां पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। सवाल यह है कि अगर किसी रिश्ते को स्वीकार नहीं करना था, तो शादी से पहले साफ इनकार क्यों नहीं किया गया? आखिर ऐसी कौन सी मानसिकता है, जो किसी को रिश्ता तोड़ने के बजाय हत्या जैसे अपराध तक ले जाती है?

केतन से राजा रघुवंशी तक, एक जैसी दिख रही हैं कई कहानियां

केतन अग्रवाल हत्याकांड कोई अकेला मामला नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें प्रेम संबंधों और शादी के दबाव के बीच हत्या का रास्ता चुना गया। इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड, मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड और 2003 के बेंगलुरु के गिरीश हत्याकांड में भी इसी तरह से रिश्तों के बीच अविश्वास और दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आया। इन घटनाओं में एक समानता यह भी देखी गई है कि आरोपी अपने रिश्ते से बाहर निकलने का सामान्य रास्ता चुनने के बजाय अपराध की ओर बढ़ गए।

शादी से इंकार करने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पाते कुछ लोग?

लखनऊ के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. शाश्वत सक्सेना बताते हैं कि भारतीय समाज में विवाह को आज भी केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों का संबंध माना जाता है। ऐसे में कई युवक और युवतियां अपनी वास्तविक इच्छा परिवार के सामने रखने से डरते हैं। उन्हें लगता है कि शादी तोड़ने पर परिवार की बदनामी होगी, रिश्तेदार सवाल उठाएंगे और समाज में उनकी छवि खराब होगी। यह डर कई बार व्यक्ति को अंदर ही अंदर तनाव और असंतोष की स्थिति में पहुंचा देता है। हालांकि डॉ. सक्सेना स्पष्ट कहते हैं कि सामाजिक दबाव कभी भी हत्या का कारण नहीं हो सकता। लाखों लोग ऐसे दबावों का सामना करते हैं, लेकिन अपराध का रास्ता नहीं चुनते।

जब प्रेम नहीं, स्वार्थ और सुविधा बन जाती है प्राथमिकता

लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मनोचिकित्सा विभाग में डॉ. विवेक अग्रवाल (प्रोफेसर) का कहना है कि ऐसे मामलों में केवल प्रेम संबंध ही वजह नहीं होते। कई बार व्यक्ति अपने भविष्य, आर्थिक लाभ, सामाजिक प्रतिष्ठा या व्यक्तिगत सुविधाओं को प्राथमिकता देने लगता है। उसे लगता है कि यदि सामने वाला व्यक्ति रास्ते से हट जाए तो उसकी सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी।

डॉ. विवेक अग्रवाल के अनुसार यह सोच धीरे-धीरे संवेदनहीनता में बदल जाती है। व्यक्ति अपने फैसले के नैतिक और कानूनी परिणामों को नजरअंदाज करने लगता है और अपराध को समस्या के समाधान के रूप में देखने लगता है।

भावनात्मक परिपक्वता की कमी भी बनती है बड़ी वजह

ये मनोचिकित्सक बताते हैं कि रिश्तों में असहमति या प्रेम का खत्म होना सामान्य बात है, लेकिन हर व्यक्ति इन परिस्थितियों को संभालने की क्षमता नहीं रखता। कुछ लोग भावनात्मक रूप से इतने परिपक्व नहीं होते कि कठिन फैसले ले सकें या अपने परिवार का सामना कर सकें। ऐसी स्थिति में वे झूठ पर झूठ बोलते जाते हैं। जब हालात उनके नियंत्रण से बाहर होने लगते हैं तो वे घबराहट में गलत निर्णय लेने लगते हैं। कई मामलों में अपराध पहले से योजनाबद्ध होता है, जबकि कुछ मामलों में यह तनाव और डर के कारण अचानक लिया गया फैसला भी हो सकता है।

सोशल मीडिया और बदलते रिश्तों ने बढ़ाई हैं जटिलताएं

विशेषज्ञ मानते हैं कि डिजिटल दौर में रिश्तों की प्रकृति तेजी से बदली है। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के कारण पुराने और नए रिश्ते एक साथ चलते रहते हैं। कई बार व्यक्ति एक रिश्ते को खत्म किए बिना दूसरे रिश्ते में प्रवेश कर जाता है। इससे भावनात्मक उलझन और तनाव बढ़ता है। मनोचिकित्सक कहते हैं कि समस्या सोशल मीडिया नहीं है, बल्कि रिश्तों के प्रति ईमानदारी की कमी है। यदि व्यक्ति समय रहते अपनी स्थिति स्पष्ट कर दे तो अधिकांश विवाद और त्रासदियां टाली जा सकती हैं।

परिवारों को भी समझने होंगे चेतावनी के संकेत

मनोचिकित्सकों का कहना है कि शादी से पहले यदि कोई युवक या युवती लगातार रिश्ते को लेकर असहज दिखे, शादी की बात टालता रहे या स्पष्ट उत्साह न दिखाए तो परिवार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। अक्सर परिवार इसे सामान्य झिझक समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे समय में दबाव बनाने के बजाय खुलकर बातचीत करना ज्यादा जरूरी होता है। कई बार एक ईमानदार संवाद किसी बड़ी घटना को टाल सकता है।

‘ना’ कहना अपराध से कहीं बेहतर विकल्प

डॉ. विवेक अग्रवाल कहते हैं कि, प्रेम हो सकता है, प्रेम खत्म भी हो सकता है, लेकिन किसी इंसान की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं है। इसलिए

किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी चीज स्पष्टता और ईमानदारी है। यदि शादी नहीं करनी है तो शुरुआत में ही मना कर देना चाहिए। कुछ समय की नाराजगी और सामाजिक आलोचना उस दर्द से कहीं छोटी है, जो किसी परिवार को अपने बेटे या बेटी को खोने के बाद जिंदगी भर झेलना पड़ता है। केतन अग्रवाल, राजा रघुवंशी, सौरभ राजपूत और गिरीश जैसे मामलों ने यह साबित किया है कि रिश्तों में झूठ, दोहरा जीवन और स्वार्थ आखिरकार विनाश का कारण बनते हैं।

Tags:    

Similar News