शर्मनाक! पंजाब पुलिस ने महिला को गाड़ी की छत पर बांधकर घुमाया

Update: 2018-09-27 04:33 GMT

अमृतसर: पंजाब पुलिस अपनी हरकतों की वजह से अक्सर सुर्ख़ियों में बनी रहती है। लेकिन इस बार तो उसने कुछ ऐसा कर दिया जिससे पूरी मानवता शर्मसार हो गई। ये मामला एक महिला को गाड़ी की छत पर बांध कर घुमाने का है। बताया जा रहा है कि पुलिसवालों ने अमृतसर के मजीठा कस्बे में एक आरोपी की पत्नी को गाड़ी की छत पर बांधकर काफी देर तक शहर में घुमाया। खाकी के जुल्मो-सितम का सिलसिला यहीं नहीं थमा। बाद में पुलिसवाले उसे सड़क के किनारे फेंककर चले गए। इस घटना का एक विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद से पुलिस के इस कारनामे की आलोचना हो रही है।

ये है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ पुलिस मजीठा के चविंडा देवी गांव में एक युवक को गिरफ्तार करने गई थी। आरोप है कि जब वह घर पर नहीं मिला तो पुलिस ने उसकी पत्नी के साथ अभद्रता की। इस दौरान पुलिसकर्मियों की महिला से नोकझोंक हो गई।

महिला का आरोप है कि पुलिस बिना किसी वजह के उसके पति को गिरफ्तार करने घर पहुंची थी। उसने जब इसका विरोध किया तो पुलिसवालों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। कहासुनी के बाद पुलिसकर्मी महिला को अपने साथ ले गए और अपनी गाड़ी की छत पर बांध दिया। इसके बाद उन्होंने उसे पूरे गांव में घुमाया।

पुलिस की इस मनमानी के बीच गांव के लोग भी जुट गए। बताया जा रहा है कि पीड़िता गाड़ी से गिर भी गई थी, जिससे उसे चोटें आई हैं। आखिर में लोगों के गुस्से को भांपते हुए पुलिसकर्मी पीड़िता को छोड़कर चले गए। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें...दाल में कुछ काला है ! पंजाब पुलिस को लेकर अखाड़े में खट्टर और सिद्धू

Tags:    

Similar News