Assembly Election Result: अरुणाचल की 39 सीटों पर वोटों की गिनती पूरी, भाजपा का 34 पर कब्जा
Assembly elections: प्रदेश में विधानसभा की 60 सीटें हैं, जिनमें से 50 सीटों पर मतदान हुआ और 10 सीटों पर पहले ही निर्विरोध ही भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं।;
Arunachal Pradesh (Pic:Newstrack)
Assembly elections: अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। यहां विधानसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले गए थे। प्रदेश में विधानसभा की 60 सीटें हैं, जिनमें से 50 सीटों पर मतदान हुआ और 10 सीटों पर पहले ही निर्विरोध ही भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं। प्रदेश की दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान की गिनती 4 जून को ही होगी। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 39 सीटों पर मतगणना पूरी हो गई है जिसमें से 34 सीटों पर भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है। यहां पर भाजपा सरकार बनाने जा रही है।
भाजपा ने 34 सीटों पर दर्ज की जीत
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा 34 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 11 सीटों पर आगे चल रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अभी तक खाता भी नहीं खोल सकी है और सिर्फ एक सीट पर आगे है। एनपीपी दो, पीपीए दो सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है।
चांगलांग की दोनों सीटों पर जीते भाजपा उम्मीदवार
चांगलांग उत्तर सीट से भाजपा के तेसाम पोंगते 2002 मतों से जीत गए हैं। पोंगते ने एनपीपी के दिहोम कितनया को हराया। वहीं चांगलांग दक्षिण सीट से भाजपा के हामजोंग तांघा ने जीत दर्ज की। तांघा ने 1482 वोटों से एनपीपी के तिंपु नेमु को हराया।
10 सीटों पर निर्विरोध जीते उम्मीदवार
अरुणाचल प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। इनमें मुक्तो सीट से सीएम पेमा खांडू, बोमडिला से डोंगरू सियोंगजु, ईटानगर से तेजी कासो, सागाली से रातु तेची, जिरो हापोली सीट से हेज अप्पा, ताली सीट से जिके ताको, तलिहा सीट से न्यातो दुकम, रोइंग सीट से मुतचु मिथी, हायुलियांग सीट से सांगलु पुल और चाउखाम सीट से चोना मीन निर्विरोध जीत गए हैं।
अभी सीटों का ऐसा है समीकरण
भाजपा के पास इस राज्य में 43 सीटें हैं। छह सीटों के साथ जनता दल इस राज्य में दूसरा सबसे बड़ा दल है। नेशनल पीपुल्स पार्टी और कांग्रेस के खाते में तीन-तीन विधानसभा सीटें हैं, जबकि तीन विधायक निर्दलीय हैं। पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल और जनता दल (सोशलिस्ट) के पास एक-एक सीट है। गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश की वर्तमान विधानसभा का कार्यकास दो जून को खत्म हो रहा है।