BJP 1st List: भाजपा ने पहली सूची में महिलाओं और OBC को साधा, 47 प्रत्याशी 50 से कम उम्र वाले, कई नए चेहरों पर जताया भरोसा

BJP 1st List: भाजपा की ओर से आज घोषित उम्मीदवारों में 34 केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से 47 ऐसे चेहरे उम्मीदवार घोषित किए गए हैं जिनकी उम्र 50 साल से कम है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-02 19:25 GMT

 भाजपा ने पहली सूची में महिलाओं और OBC को, 47 प्रत्याशी 50 से कम उम्र वाले, कई नए लोगों को बनाया प्रत्त्याशी: Photo- Social Media

BJP 1st List: देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की पहली सूची पर सबकी निगाहें लगी हुई थीं। भाजपा ने आज शाम देश की 195 लोकसभा सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए। भाजपा की पहली सूची में कई चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं तो कई मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं। भाजपा की ओर से आज घोषित उम्मीदवारों में 34 केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से 47 ऐसे चेहरे उम्मीदवार घोषित किए गए हैं जिनकी उम्र 50 साल से कम है।

'अबकी बार 400 पार’ के नारे को हकीकत में बदलने के लिए महिलाओं और ओबीसी वर्ग को साधने का प्रयास किया गया है। पार्टी की पहली सूची में 28 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि 57 उम्मीदवार पिछड़ा वर्ग से जुड़े हुए हैं। अनुसूचित जाति से 27 और अनुसूचित जनजाति से 18 चेहरों को पहली सूची में प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी की पहली सूची में कई खास चेहरे भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ भोजपुरी स्टार पवन सिंह को उतारा गया है जबकि सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को भी पार्टी ने चुनाव लड़ने का मौका दिया है।

सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज: Photo- Social Media

महिला उम्मीदवारों को बढ़ावा

2014 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भाजपा महिला मतदाताओं पर विशेष रूप से फोकस करती रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी महिला मतदाताओं पर विशेष रूप से फोकस करते रहे हैं और भाजपा को इसका सियासी लाभ भी मिलता रहा है। हाल में संसद में नारी वंदन विधेयक पारित किए जाने के बाद भाजपा सियासी मैदान में महिला चेहरों को बढ़ाने पर जोर देती रही है। भाजपा की पहली सूची में भी इसकी झलक देखने को मिली है। पार्टी की ओर से पहली सूची में 28 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने अमेठी लोकसभा क्षेत्र से एक बार फिर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को उतारने का ऐलान किया है जबकि उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से चर्चित अभिनेत्री हेमा मालिनी को एक बार फिर मौका दिया गया है। नई दिल्ली संसदीय सीट से भाजपा की दिवंगत दिग्गज नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति तो लालगंज सीट से नीलम सोनकर को टिकट दिया गया है। झारखंड की कोडरमा सीट से अन्नपूर्णा देवी तो हाल में भाजपा में शामिल होने वाली गीता कोड़ा को सिंहभूमि से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है। सियासी जानकारों का मानना है कि पार्टी ने महिला मतदाताओं के समीकरण को एक बार फिर साधने का प्रयास किया है।

ओबीसी और दलित समीकरण साधा

लोकसभा चुनाव और देश की विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की बड़ी जीत में ओबीसी मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही है। भाजपा की पहली सूची से साफ हो गया है कि पार्टी ने पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के जरिए ओबीसी वर्ग का समर्थन हासिल करने की बड़ी कोशिश की है। पिछड़ा वर्ग से जुड़े हुए 57 नेताओं को पार्टी ने पहली सूची में शामिल किया है। भाजपा की ओर से जातीय समीकरण साधने का यह प्रयास बड़ा असर दिखने वाला साबित हो सकता है।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से जुड़े हुए प्रत्याशियों को भी प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया है। पहली सूची में घोषित 195 उम्मीदवारों में 27 अनुसूचित जाति से जुड़े हुए हैं जबकि अनुसूचित जनजाति से जुड़े हुए 18 चेहरों को भी पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनाया गया है। जानकारों का मानना है कि इसके जरिए पार्टी ने इन दोनों वर्गों का समर्थन हासिल करने का बड़ा प्रयास किया है।

युवा चेहरों पर जताया भरोसा

भाजपा की पहली सूची में एक उल्लेखनीय बात युवा चेहरों पर भरोसा जताना भी है। पहली सूची में पार्टी की ओर से घोषित 195 उम्मीदवारों में 47 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 साल से कम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के अन्य सभी शीर्ष नेता युवा मतदाताओं पर खास जोर देते रहे हैं। पीएम मोदी का हमेशा इस बात पर जोर रहा है कि युवाओं को राजनीति के मैदान में आने का मौका मिलना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से खींची गई इस लाइन को आगे बढ़ाते हुए पार्टी ने युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। लोकसभा चुनाव में इसका बड़ा सियासी असर दिखने की संभावना है और पार्टी को आगे की राजनीति के लिए मजबूत अच्छे चेहरे भी मिल जाएंगे।

भोजपुरी स्टार पवन सिंह: Photo- Social Media

बिहारी बाबू के खिलाफ पवन सिंह को उतारा

पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट पर भाजपा ने बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा को घेरने का प्रयास किया है। शत्रुघ्न सिन्हा इस सीट से मौजूदा सांसद हैं। हालांकि टीएमसी ने अभी उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है मगर उनका चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। भाजपा ने बिहारी बाबू को चुनौती देने के लिए भोजपुरी स्टार पवन सिंह को इस सीट पर चुनाव मैदान में उतार दिया है। अब इस सीट पर दिलचस्प सियासी जंग होने के आसार हैं।

शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से उतारा

भाजपा की पहली सूची में एक उल्लेखनीय नाम मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का है। शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। विदिशा को शिवराज का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है और वे इस संसदीय सीट से कई बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।

मध्य प्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत में शिवराज सिंह चौहान की बड़ी भूमिका मानी गई थी मगर उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था। अब पार्टी ने उन्हें लोकसभा की सियासी जंग में उतारा है और माना जा रहा है कि भाजपा के चुनाव जीतने पर उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है।

शुभेंदु अधिकारी: Photo- Social Media

शुभेंदु अधिकारी के भाई को मिला टिकट

भाजपा ने अपनी पहली सूची में छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने दुर्ग से विजय बघेल, रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद से रुपकुमारी चौधरी, कांकेर से भोजराज नाग को मैदान में उतारा है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल से 20 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री जान बारला का अलीपुरद्वार से टिकट काट दिया गया है। पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के भाई सोमेंदु को कांथी से चुनाव मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने बंगाल में चार विधायकों को भी टिकट दिया है जबकि बंगाल में भाजपा के दिग्गज नेता सुकांत मजूमदार भी लोकसभा की सियासी जंग में टीएमसी को चुनौती देंगे।

पहली सूची में सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार

पार्टी की पहली सूची में सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार का नाम शामिल है। भाजपा ने केरल की मल्लपुरम लोकसभा सीट से डॉ अब्दुल सलाम को प्रत्याशी बनाया है। राजधानी दिल्ली में मीनाक्षी लेखी का टिकट कट गया है जबकि सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज टिकट पाने में कामयाब रही हैं।

शिवराज सिंह चौहान के अलावा दो और पूर्व सीएम भी टिकट पाने में कामयाब रहे हैं। असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव देब को तो त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट से टिकट दिया गया है।

Tags:    

Similar News