Lok sabha Election 2024: ममता बनर्जी फिर चोटिल, हेलिकॉप्टर में चढ़ते समय लड़खड़ाकर गिरीं

Lok sabha Election 2024: ममता बनर्जी दुर्गापुर में हेलिकॉप्टर में चढ़ रही थीं कि इसी दौरान उन्हें यह चोट लगी। वह हेलिकॉप्टर के भीतर ही गिर गईं।

Update: 2024-04-27 08:53 GMT
CM Mamata Banerjee (Social media)

Lok sabha Election 2024: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर चोटिल हो गई हैं। ममता बनर्जी को यह चोट शनिवार को दुर्गापुर में हेलिकॉप्टर में चढ़ने के दौरान लगी। वह हेलिकॉप्टर के भीतर ही गिर गईं। वह दुर्गापुर से आसनसोल जा रही थीं। उन्हें वहां टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन में एक विशाल रैली को संबोधित करना था।

ममता बनर्जी जब हेलिकॉप्टर के अंदर जा रही थीं। उसी समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ा कर हेलिकॉप्टश्र के अंदर ही गिर गईं। उनके पैर में हल्की चोट आई है। उनके सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उनकी मदद की। मिली जानकारी के मुताबिक बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कुछ देर बाद दुर्गापुर से आसनसोल के लिए रवाना हो गईं। टीएमसी सूत्रों ने बताया कि उनकी चोट बहुत गंभीर नहीं है और वह आसनसोल में पार्टी की चुनावी रैली में शामिल होंगी।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ( 69) 14 मार्च 2024 को कोलकाता स्थित अपने घर में गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गईं थीं। उस समय उनके माथे पर गंभीर और गहरी चोट आई थी। इसके बाद भतीजे अभिषेक बनर्जी उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले गए, जहां उन्हें कुछ टांके लगे थे।

इस साल जनवरी में सिर पर चोट लगी थी

ममता को इस साल जनवरी में सिर पर चोट लगी थी। दरअसल, वह 24 जनवरी को सड़क मार्ग से बर्धमान से कोलकाता लौट रही थीं। इसी बीच तेज बारिश हो रही थी। धुंध की वजह से अचानक कार के ब्रेक लगाने से ममता का सिर टकरा गया था, जिससे हल्की चोट आई थी।

2023 में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग में घायल हुई थीं

ममता बनर्जी को 27 जून 2023 को विदेश यात्रा के दौरान बाएं घुटने में चोट लग गई थी। इसी घुटने में उन्हें साल 2023 की शुरुआत में हेलिकॉप्टर से उतरते समय भी चोट लगी थी। उनके घुटनों की जांच एसएसकेएम अस्पताल में की गई। जांच में ममता के बाएं पैर के घुटने के लिगामेंट में चोट का पता चला था। साथ ही उनके बाएं कूल्हे के जोड़ में भी चोट के निशान थे। अस्पताल में उन्हें भर्ती होने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने अपना इलाज घर पर ही करवाया था।

2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान पैर में चोट लग गई थी

10 मार्च 2021 को ममता नंदीग्राम में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान घायल हुई थीं। उस समय उनके पैर में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम हॉस्पिटल में तीन दिन तक एडमिट रहना पड़ा। डॉक्टरों ने उनके पैर पर प्लास्टर चढ़ाया था। इसके बाद ममता ने व्हीलचेयर पर बैठकर ही विधानसभा चुनाव प्रचार किया था।

Tags:    

Similar News