Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने आंध्र में नौ और झारखंड में दो प्रत्याशी घोषित किए, गोड्डा में निशिकांत दुबे से भिड़ेंगे प्रदीप यादव

Congress Candidate List: कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की एक और सूची जारी करते हुए 11 उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस सूची में गोड्डा लोकसभा सीट से पार्टी ने उम्मीदवार बदल दिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-21 15:50 GMT

Congress Candidate List (Pic: Social Media)

Congress Candidate List: कांग्रेस तमाम राज्यों में बाकी बची सीटों पर तेजी से अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में पार्टी ने आज देर रात 11 और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। इन उम्मीदवारों में आंध्र प्रदेश की 9 और झारखंड की दो सीटें शामिल हैं। कांग्रेस ने झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से दीपिका सिंह पांडे की जगह अब प्रदीप यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की ओर से निशिकांत दुबे को इस सीट पर उम्मीदवार बनाया गया है। ऐसे में अब इस सीट पर रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

आंध्र प्रदेश की नौ सीटों पर प्रत्याशी घोषित

कांग्रेस ने झारखंड की राजधानी रांची की महत्वपूर्ण लोकसभा सीट से यश्विसनी सहाय को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ से होगा। इसके अलावा कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश की नौ लोकसभा सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। कांग्रेस की ओर से आंध्र प्रदेश की श्रीकाकुलम सीट से पेदादा परमेशवर राव, विजयनगरम से बोब्बिली श्रीनु, अमलापुरम (एससी) से जंगा गौथम, मछलीपट्टन से गोलू कृष्णा, विजयवाड़ा से वल्लुरु भार्गव, ओंगोल सीट से एडा सुधाकर रेड्डी, नांदयाल से जंगीति लक्ष्मी नरसिम्हा यादव, अनंतपुर से मल्लिकार्जुन वज्जला, हिन्दुपुर से समद शाहीन को प्रत्याशी बनाया गया है।


पहले की थी छह प्रत्याशियों की घोषणा

आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 25 सीटें हैं और इन सभी सीटों पर एक ही चरण में 13 मई को मतदान होने वाला है। कांग्रेस ने नौ अप्रैल को आंध्र प्रदेश की 6 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इसके साथ ही पार्टी ने राज्य की 12 विधानसभा सीटों पर भी अपने प्रत्याशी घोषित किए थे। अब पार्टी ने आज 9 और लोकसभा सीटों पर अपने पत्ते खोल दिए हैं। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव मैदान में उतरी है जबकि दूसरी ओर भाजपा ने चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी और जनसेना पार्टी के साथ गठबंधन किया है।

सात चरणों में पूरी होगी मतदान प्रक्रिया

देश में इस बार लोकसभा चुनाव सात चरणों में होने वाला है जबकि आंध्र प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए भी मतदान होगा। मतदान का पहला चरण 19 अप्रैल को संपन्न हो चुका है जबकि दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होने वाला है। एक जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट वाराणसी समेत कई लोकसभा सीटों पर आखिरी चरण में मतदान होगा और 4 जून को चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे।

Tags:    

Similar News