Election 2024 : शाहजहांपुर में पीएम मोदी बोले - आपका वोट सशक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की गारंटी

Lok Sabha Election 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के आंवला में कांग्रेस और सपा पर जमकर प्रहार किया, वह अब शाहजहांपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-04-25 11:34 GMT

PM Modi (Pic:Social Media)

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर शुक्रवार (26 अप्रैल 2024) को मतदान होगा। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरक्षण, राम मंदिर, आतंकवाद और मंगलसूत्र के मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला किया।  

पीएम मोदी ने शाहजहांपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आपका वोट सशक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की गारंटी है। अपने वोट से देश विरोधी मानसिकता वाले लोगों को एक बड़ा संदेश देना है। ये आपका वोट ही है, जो आतंकवाद को काबू में रखेगा, भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि क्रांतिकारियों की ये धरती इतने बड़े राष्ट्र यज्ञ में सबसे आगे खड़ी रहेगी। उन्होंने जनता को इंगित करते हुए कहा कि शाहजहांपुर के लोगों ने तय कर लिया है कि एक बार फिर मोदी सरकार।

समाजवादी ठप योजना का शिकार था ये क्षेत्र

पीएम मोदी ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ये वही क्षेत्र है, जो योगी जी के आने से पहले समाजवादी की सरकार में सब कुछ ठप परियोजना का सबसे बड़ा शिकार था। यहां का सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली व्यववस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून व्यवस्था सबकुछ ठप था। यूपी में योगी जी के आने के बाद उनकी टीम ने समाजवादी पार्टी की ठप योजना योजना विराम लगाते हुए विकास को गति दी।

तीन करोड़ दीदियों को लखपति बनाएंगे

पीएम मोदी ने अपनी सरकार के दस सालों के कार्यकाल के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के तहत जरी और जरदोजी के काम को देश में पहचान मिली है, जिसका लाभ कारीगरों को मिला। उन्होंने उज्जवला और जल जीवन मिशन योजना का भी जिक्र किया। इन योजनाओं से महिलाओं को काफी सहूलियत मिली है। घर-घर जल पहुंचाने का काम प्रदेश में तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगले पांच सालों में हम तीन करोड़ दीदियों को लखपति दीदी बनाएंगे। गांवों में जब इतनी लखपति दीदी हाेंगी तो उनका परिवार आगे बढ़ेगा और उस गांव की अर्थव्यस्था भी तेजी से आगे बढ़ेगी।

राहुल-अखिलेश पर साधा निशाना

उन्होंने राहुल और अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि दो लड़कों की जोड़ी कई बार फ्लाप हो चुकी है, क्या उनसे विकास की कोई उम्मीद कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि युवा, गरीब, महिला और किसानों का विकास पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपने काम का लेखा-जोखा देकर आपसे आपका वोट मांगने आया हूं। सपा और कांग्रेस को कभी अपने कार्यकाल का हिसाब देते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि मोदी एक तरफ मेडिकल कॉलेज भी बना रहा है तो दूसरी ओर अयोध्या में भगवान रामलला का भव्य मंदिर भी बना रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों में आए दिन लखनऊ, अयोध्या और बनारस में बम धमाके होते थे। जो फर्स्ट टाइम वोटर हैं, कांग्रेस के शासनकाल में उनकी उम्र 08 से 10 साल की थी। उन्हें नहीं पता होगा कि उनके शासन काल में क्या होता था। उन्होंने कहा कि पहले बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन पर घोषणाएं हुआ करती थीं कि कोई भी व्यक्ति को लावारिश सामान दिखे तो सूचना दे और उससे छुये नहीं, क्योंकि पहले आए दिन बम धमाके होते थे। 2014 के बाद से एक भी धमाका नहीं हुआ है, क्योंकि ये मोदी ने नहीं किया, ये आपके सही वोट ने किया है।

बम धमाकों में आए दिन बेगुनाहों की होती थी मौत

उन्होंने कहा कि बम धमाकों में आए दिन बेगुनाह लोग मरते थे, लेकिन आपके एक वोट ने इनकी जिंदगी को बचा लिया। उन्होंने सोनिया गांधी का नाम लिए बिना उन पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वह आतंकियों को लेकर आंसू बहाती थीं। उन्होंने कहा आतंकियों को जेल से छुड़वाने के लिए सबूत खोजे जाते थे। क्या ऐसे लोगों के साथ आपका भविष्य सुरक्षित है? क्या आपकी रोजी-रोटी सुरक्षित है? इसके बावजूद ये लोग सुधरने को तैयार नहीं है।

पीएम मोदी ने राम मंदिर के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने कई सालों तक राम मंदिर न बन पाए, इसलिए ये अड़ंगा लगाते थे। सपा सरकार में राम भक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं, कांग्रेस ने कोर्ट में कई साल तक विरोध किया, भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाते थे, ये सब पाप करते थे। इनके पापों को माफ करते हुए राम मंदिर के ट्रस्टियों ने इन्हें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा  का निमंत्रण दिया था, इन्होंने इसको भी ठुकरा दिया। इस राम नवमी पर पहली बार भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए, उसी  समय सपा वाले कह रहे थे कि राम मंदिर जाने वाले भक्त तो पाखंडी होते हैं। क्या ऐसे लोगों की राजनीति चलनी चाहिए क्या? ऐसे लोग एक भी वोट के हकदार हैं क्या?

आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस पर प्रहार किया 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पहचान रही है कि इन्हें जब कोई कुकृत्य करना होता है तो देश के संविधान के नाम पर हो हल्ला करना शुरू कर देते हैं। 70 के दशक में ऐसे ही नारे लगाकर कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाया था, देश को जेल बना दिया था, देश के लाखों लोकतंत्र प्रेमियों को सलाखों के पीछे डाल दिया था। अब एक बार फिर कांग्रेस ने अपनी फ्लाप फिल्म जारी की है। इसमें सिर्फ दो डॉयलॉग है - एक, मोदी जीत जाएगा तो तानाशाही आ जाएगी और दूसरा - मोदी जीत जाएगा तो आरक्षण चला जाएगा। ऐसा झूठ चलाते रहते हैं, लेकिन आपने देखा होगा जैसे ही कांग्रेस की इस फिल्म का ट्रेलर उनके घोषणा पत्र में दिखाई दिया, तो कांग्रेस का असली चेहरा सबके सामने आ गया। 

आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर बरसे मोदी

पीएम ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में आरक्षण का कर्नाटक मॉडल लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के गरीब लोगों को इनके कर्नाटक मॉडल को समझना होगा। इनके कर्नाटक मॉडल से मैं तो डर ही गया तो आपका क्या होगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, यहां ओबीसी कोटे में से मुस्लिमों की सभी जातियों को आरक्षण दे दिया गया है। रातोंरात ओबीसी को लूट लिया गया है। कर्नाटक में ओबीसी को बरबाद करने वाले मॉडल को क्या देश स्वीकार कर सकता है? उन्होंने कहा कि उनके आरक्षण के हक की रक्षा करेंगे या नहीं? उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस वाले केंद्र सरकार में थे, तब 2011 में भी पिछड़ों का हिस्सा कम करके धर्म के नाम पर बांटने का आदेश जारी किया था। कांग्रेस के उस आदेश पर न्यायालय ने रोक लगा दी थी। 

उन्होंने कांग्रेस पर संविधान को बदलने का अरोप लगाते हुए कहा कि वह आपका आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को देकर उन्हें खुश करने की साजिश में लगी हुई है और समाजवादी पार्टी इसमें उनका सहयोग कर रही है। सत्ता पाने के लालच में पीठ पीछे खेल खेलने का काम किया जा रहा है, इसे आप कैसे सहन कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News