Priyanka Gandhi Vadra: वायनाड में प्रियंका गांधी के लिए खाली मैदान नहीं छोड़ेगी भाकपा, उम्मीदवार उतारने का ऐलान, कांग्रेस पर कसा तंज

Priyanka Gandhi Vadra: वायनाड लोकसभा सीट एलडीएफ में शामिल भाकपा के पास है और पार्टी इस सीट पर प्रियंका गांधी के खिलाफ अपना प्रत्याशी मैदान में जरूर उतारेगी।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-06-18 14:28 GMT

 प्रियंका गांधी और बिनॉय विश्वम ( Photo - Social Media )

Priyanka Gandhi Vadra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वायनाड लोकसभा सीट खाली करने के बाद पार्टी ने इस सीट पर प्रियंका गांधी को उपचुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। राहुल गांधी ने इस बार भाकपा की एनी राजा को हराकर इस सीट पर जीत हासिल की थी और अब प्रियंका गांधी को भी भाकपा की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में शामिल भाकपा ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। भाकपा के प्रदेश महासचिव बिनॉय विश्वम ने कहा कि हमारी पार्टी इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि वायनाड लोकसभा सीट एलडीएफ में शामिल भाकपा के पास है और पार्टी इस सीट पर प्रियंका गांधी के खिलाफ अपना प्रत्याशी मैदान में जरूर उतारेगी।

प्रियंका गांधी को वॉकओवर नहीं देगी भाकपा

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाकपा प्रत्याशी के चुनाव लड़ने के संबंध में किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं होना चाहिए। वैसे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा की ओर से ऐसा कुछ भी नहीं किया जाएगा जो भारतीय जनता पार्टी के लिए अनुकूल हो, लेकिन इतना निश्चित है कि हम वहां कांग्रेस के लिए खाली मैदान नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को भी किसी भी चुनाव क्षेत्र में अपना उम्मीदवार चुनने की पूरी आजादी है।इसके साथ ही भाकपा नेता ने कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने पहले ही वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने की रणनीति तैयार कर रखी थी तो ऐसी स्थिति में पार्टी को राहुल गांधी को दक्षिण भारत के चुनाव मैदान में नहीं उतारना चाहिए था। अब कांग्रेस प्रियंका गांधी को यहां से चुनाव लड़ाने जा रही है मगर हम कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेंगे।


राहुल गांधी ने इस बार हासिल की थी बड़ी जीत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 में पहली बार वायनाड सीट पर चुनाव लड़ा था और इस सीट पर जीत हासिल की थी। हालांकि 2019 में उन्हें अमेठी लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2024 में उन्होंने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर चुनाव लड़ा था और इस बार उन्हें दोनों सीटों पर जीत हासिल हुई है।वायनाड लोकसभा क्षेत्र में राहुल गांधी ने भाकपा की वरिष्ठ नेता एनी राजा को बड़े अंतर से हराया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को 6,47,445 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर रहने वाली भाकपा की एनी राजा को 2,83,023 वोट मिले थे जबकि तीसरे नंबर पर रहने वाले भाजपा के के सुरेंद्रन को 1,41,045 वोट मिले थे। इस तरह राहुल गांधी ने इस लोकसभा क्षेत्र में 3,64,422 वोटों से बड़ी जीत हासिल करते हुए विरोधियों को करारा झटका दिया था। राहुल गांधी की इस लोकसभा क्षेत्र में पहले ही जीत तय मानी जा रही थी।


कांग्रेस नेतृत्व ने लिया बड़ा फैसला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को ऐलान किया था कि राहुल गांधी इस बार रायबरेली लोकसभा सीट बरकरार रखेंगे जबकि वायनाड लोकसभा सीट छोड़ देंगे। इस सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस नेतृत्व ने प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।प्रियंका गांधी लंबे समय से सियासी मैदान में सक्रिय हैं मगर वे पहली बार चुनाव लड़ने जा रही हैं।


कांग्रेस की ओर से तैयार की गई रणनीति के मुताबिक राहुल गांधी उत्तर भारत में कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे जबकि प्रियंका गांधी दक्षिण भारत में पार्टी को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगी। हालांकि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों ने ऐलान किया है कि वे दोनों लोकसभा क्षेत्रों का पूरा ख्याल रखेंगे।

Tags:    

Similar News