M.B.Shetty: सबसे खतरनाक स्टंट करने वाले अभिनेता एम बी शेट्टी, रोहित शेट्टी से है खास संबंध

M.B.Shetty: 70 के दशक में फिल्म उद्योग में स्टंट पर काफी जोर दिया जाता था। दर्शक फिल्म एक्शन सीन को देखने के लिए आते थें।

Written By :  Priya Singh
Update: 2022-01-12 11:29 GMT

M.B.Shetty : 70 के दशक में फिल्मों में स्टंट पर काफी जोर दिया जाता था। स्टंट के साथ फिल्म में विलेन की भी बहुत अहमियत होती थी। बिना विलेन के फिल्म की कहानी अधूरी ही मानी जाती थी। उस दौर में एक ऐसा एक्टर बॉलीवुड में आया जिसने अपने स्टंट से बड़े-बड़े दिग्गजों को टक्कर दी थी। इस एक्टर का नाम था एम बी शेट्टी (M.B.Shetty)। एम बी शेट्टी 70 के दशक में मशहूर विलेन की भूमिका निभाते थें। आगे चलकर वो बॉलीवुड के मशहूर स्टंटमैन बनें। बता दें कि एम बी शेट्टी मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के पिता हैं। एम बी शेट्टी ने अपने करियर की शुरुआत फाइट इंस्ट्रक्टर के तौर पर की थी।

रोहित शेट्टी छोटे थें तभी उनके पिता का निधन हो गया

इसके बाद वो एक्शन डायरेक्टर बने और फिर अभिनेता। विदित हो कि एम बी शेट्टी (M.B.Shetty) ने 1957 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने 'द ग्रेट गैंबलर'(The Great Gambler), 'त्रिशूल (Trishul)' 'डॉन' (Don), 'कसमें वादे' जैसी दर्जनों फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जौहर दिखाया। एक्टिंग के अलावा एम बी शेट्टी ने कई फिल्मों में स्टंट कॉर्डिनेटर, फाइट कंपोजर, स्टंट कपोजर और स्टंट मास्टर के तौर पर काम किया। जब रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) काफी छोटे थें, तभी उनके पिता एम बी शेट्टी का निधन हो गया। एम बी शेट्टी के निधन से घर की हालात बिगड़ गई। जीवनयापन का जरिया खत्म हो गया। घर को चलाने के लिए एम बी शेट्टी की पत्नी को बतौर जूनियर आर्टिस्ट फिल्मों में काम करना पड़ा।

माता - पिता ने सुधार के उद्देश्य से एमबी को मुंबई भेजा

बता दें कि एमबी (M.B.Shetty) का जन्म 1931 में मैंगलोर में हुआ था। उनका पूरा नाम मुद्दू बाबू शेट्टी है। एमबी को कम उम्र में ही पढ़ाई में कोई दिलचस्पी नहीं थी। वहीं उनके घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। ऐसे में एमबी के चिंतित माता-पिता ने उन्हें मुंबई भेजने का फैसला लिया। इसके पीछे का मकसद यह था कि वो अपने लड़के को इंसान बनता देखना चाहते थें। उस वक्त एमबी की उम्र महज 9 वर्ष थी। माता-पिता ने सोचा कि मुंबई की गलियों में धकेलने से वो सुधर जाएंगे और किसी नौकरी की तलाश में लग जाएंगे। कुछ ऐसा हुआ भी। एमबी को मुंबई के कॉटन ग्रीन इलाके में टाटा कैंटीन में नौकरी मिल गई। काम बर्तन साफ ​​करना और खाना परोसना था। इसके बदले में उन्हें थोड़ा पैसा और दिन में दो बार भोजन करने को मिल जाता था।

महीने में 85 रुपए कमाते थें एमबी

जैसे-जैसे दिन बीतते गए एमबी (M.B.Shetty) की उम्र बढ़ती गई। वहीं उनकी शारीरिक बनावट में भी बदलाव आना लगा। चौड़ी छाती, चौड़े कंधे मजबूत शरीर ने एमबी को बॉक्सिंग क्लास के बाहर लाकर खड़ा कर दिया। वहां उनकी नजर मशहूर जिम्नास्ट केएन मंडन पर पड़ी। मंडन इस लड़के को अपने पास रखने और उसे प्रशिक्षित करने का फैसला करते हैं। इसके बाद एमबी की बॉक्सिंग कोचिंग शुरू हुई। उन्होंने धीरे-धीरे विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। वो जहां भी जाते थें वहां से इनाम जीतकर लाते थें। इस दौरान उन्होंने कैंटीन में काम करना बंद नहीं किया था। दोनों काम से उन्हें हर महीने 85 रुपये मिल जाया करता था।

निर्देशक भगवान दादा ने एमबी को फाइट सीक्वेंश के लिए बुलाया

एमबी (M.B.Shetty) की ख्याति बॉक्सिंग में फैल रही थी। तभी निर्देशक भगवान दादा उनका एक बॉक्सिंग मैच देखने आए। भगवान दादा उन्हें खेलते हुए देखकर इतने खुश हुए कि उन्होंने अगले दिन एमबी को अपने स्टूडियो में एक शॉर्ट फाइट सीक्वेंस करने के लिए बुलाया। एमबी को उस एक सीन के दो सौ रुपए मिलें। जिस एमबी ने पूरे महीने लगातार काम करके 85 रुपये कमाए, उन्हें चंद घंटों में दोगुने से भी ज्यादा पैसे कमाए। उसी वक्त एमबी ने तय कर लिया कि इस समय से उनका लक्ष्य बॉलीवुड है।

Tags:    

Similar News