हरियाणा में #Padmaavat प्रतिबंध, अमिश ने किया समर्थन

Update: 2018-01-16 09:56 GMT

चंडीगढ़ : हरियाणा की भाजपा सरकार ने राज्य में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' की रिलीज पर रोक लगा दी है। यह निर्णय मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हरियाणा मंत्रिमंडल की एक बैठक में लिया गया।

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के बारे में ट्वीट किया। यह फिल्म दुनियाभर में 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही है।

विज ने ट्वीट किया, "फिल्म पद्मावती/पद्मावत हरियाणा में प्रतिबंधित।"

विज ने फिल्म की रिलीज का मुद्दा उठाया और कहा कि राज्य में राजपूत समुदाय फिल्म के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि पूरे मंत्रिमंडल ने हरियाणा में फिल्म की स्क्रीनिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए उन्हें समर्थन दिया है।

राज्य में अक्टूबर 2014 से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।

ये भी देखें :MP, गुजरात और राजस्थान के बाद अब इस राज्य में भी बैन हुई ‘पद्मावत’

अमिश त्रिपाठी ने 'पद्मावत' का समर्थन किया

पौराणिक कथाओं के विद्वान अमिश त्रिपाठी ने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' का समर्थन किया है। त्रिपाठी ने कहा कि यह फिल्म राजपूत वीरता व भारत की संस्कृति को सकारात्मक तरीके से पेश करती है। त्रिपाठी ने फिल्म के रिलीज होने से पहले सोमवार को हुई स्क्रीनिंग में फिल्म को देखा।

उन्होंने ट्वीट किया, "यह एक ऐसी फिल्म है जो राजपूत वीरता का गुणगान करती है। यह रानी पद्मावती का सम्मान करती है। यह हमारी संस्कृति के बारे में सकारात्मक बातें पेश करती है। मेरा मानना है कि यह संजय लीला भंसाली की बेहतरीन फिल्मों में से एक है।"

भंसाली प्रोडक्शंस व वायकॉम18 मोशन पिक्चर्स की फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होनी है। इसमें दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह व शाहिद कपूर ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। यह सूफी कवि मलिक मोहम्मद जायसी के काव्य 'पद्मावत' महाकाव्य पर आधारित है।

भंसाली प्रोडक्शंस की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शोभा संत ने अमिश त्रिपाठी को 'ईमानदार राय' के लिए धन्यवाद दिया है।

Tags:    

Similar News