गांजा पीकर फ्लाइट में पहुंचा एयर इंडिया का पायलट? खड़ा तक नहीं हो पा रहा था... हालत देख दंग हुए अफसर
Air India Pilot Drug Test: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की A320 फ्लाइट में करीब 300 फीट नीचे आने की घटना के बाद पायलट को लेकर चौंकाने वाला दावा सामने आया है।
Air India Pilot Drug Test: फुकेट से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट ए320 में सवार यात्रियों के लिए 4 अगस्त का दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं था। हवा में उड़ान भरते समय अचानक विमान बहुत तेजी से करीब 300 फीट नीचे आ गया। इस भयावह घटना के दौरान विमान में 8 क्रू सदस्यों के साथ 137 यात्री सवार थे। अचानक आए इस भयानक झटके की वजह से 20 यात्री और 4 केबिन क्रू मेंबर गंभीर रूप से घायल हो गए। विमान के भीतर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और यात्री अपनी जान की भीख मांगने लगे।
फर्श पर बेसुध पड़ा था पायलट इन कमांड
इस पूरे घटनाक्रम में अब एक बेहद चौंकाने वाला और नया मोड़ सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जब विमान तेजी से नीचे की तरफ गिरा, तब पायलट इन कमांड कॉकपिट के फर्श पर गिरा हुआ पाया गया था। हालांकि, अभी तक इस बात की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह झटके के कारण नीचे गिरा या फिर उड़ान भरने से पहले ही वह फर्श पर बेसुध पड़ा हुआ था। इस खुलासे के बाद विमानन क्षेत्र और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
डोप टेस्ट में गांजे के सेवन की पुष्टि
जांच रिपोर्ट में जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। लैब टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिससे साफ होता है कि पायलट ने उड़ान के दौरान या उससे ठीक पहले गांजे जैसे खतरनाक मादक पदार्थ का सेवन किया था। नई दिल्ली में लैंडिंग के बाद पायलट की स्थिति इतनी खराब थी कि वह खुद से सीधा खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। डोप टेस्ट के लिए जब उसका यूरिन सैंपल लिया जाना था, तब जांच अधिकारी को उसे सहारा देकर बैठाना पड़ा।
फुकेट में रखी थी पार्टी, क्रू से हुआ था विवाद
मामले की गहराई से जांच करने पर पता चला कि फुकेट में स्टे के दौरान पायलट ने क्रू मेंबर्स के लिए एक पार्टी आयोजित की थी। दरअसल, इससे पहली वाली फ्लाइट के दौरान जब पायलट वॉशरूम गया था, तब उसने नियमों के मुताबिक एक केबिन अटेंडेंट को अपनी सीट पर बैठने को कहा। अटेंडेंट से सीट सही से संभाली नहीं गई, जिस पर पायलट ने उसे काफी डांटा था। इसी आपसी मनमुटाव को खत्म करने के लिए उसने पार्टी दी थी। बाद में दिल्ली लौटते समय अटेंडेंट ने कॉकपिट के पास काम करने से साफ इनकार कर दिया था।
अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां कर रही हैं मामले की जांच
इस बेहद संवेदनशील और खतरनाक घटना की गंभीरता को देखते हुए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) पूरी तत्परता से जांच में जुटा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत फ्रांस की एविएशन एजेंसी और विमान निर्माता कंपनी एयरबस की तकनीकी टीम भी इस जांच में शामिल हो गई है। जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर विस्तृत रिपोर्ट जनता के सामने रखी जाएगी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर एक पहलू का बारीकी से विश्लेषण कर रही हैं ताकि भविष्य में यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ न हो सके।