ये 10 सीटें तय करेंगी बिहार 2025 की सरकार... कही जाती है 'सत्ता की कुंजी'! इन इलाकों में होगा हाईवोल्टेज मुकाबला
Bihar Election 2025: साल 2020 विधानसभा चुनाव में इन 10 सीटों पर जीत-हार का अंतर मात्र 1000 वोटों से भी कम था।
Bihar Election 2025 (PHOTO: SOCIAL MEDIA)
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है, जहां 121 सीटों पर वोट डाला गए। अब 11 नवंबर 2025 को दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होंगे। इस बीच पूरे बिहारियों की निगाहें उन 10 सीटों पर टिकी हुई है, जो इस चुनाव में 'सत्ता की कुंजी' कही जा रही है। साल 2020 विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर जीत-हार का अंतर मात्र 1000 वोटों से भी कम था। यही सब बड़ा कारण है कि इस बार NDA और इंडिया गठबंधन दोनों ने इन सीटों पर अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
1. हिलसा
नालंदा जिले की हिलसा सीट पर साल 2020 में बिहार की सबसे कांटे की टक्कर हुई थी। उस वक़्त JDU के कृष्णमुरारी शरण ने RJD के अतरी मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव को मात्र 12 वोटों से मात दिया था। अब 2025 में फिर वही दोनों उम्मीदवार आमने-सामने चुनावी मैदान में उतरे हैं और मुकाबला बेहद दिलचस्प होते देखा जा रहा है।
2. रामगढ़
बक्सर की रामगढ़ सीट पर साल 2020 में RJD के सुधाकर सिंह ने बसपा के अंबिका सिंह को केवल 189 वोटों से हराया था। अब 2025 में भाजपा के अशोक सिंह, RJD के अजीत कुमार और बसपा के सतीश यादव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। यहां भी बेहद करीबी टक्कर की संभावना बनी हुई है।
3. कुढ़नी
मुजफ्फरपुर की कुढ़नी सीट पर साल 2020 में RJD के अनिल कुमार सहनी ने भाजपा के केदार प्रसाद गुप्ता को तकरीबन 712 वोटों से शिकस्त दिया था। इस बार RJD ने उम्मीदवार बदल दिया है - जिनका नाम है सुनील कुमार सुमन, जो इस बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। जबकि सहनी निर्दलीय उतर गए हैं। इससे मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद रोमांचक हो गया है।
4. बरबीघा
नवादा के बरबीघा में साल 2020 में JDU के सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के गजानंद शाही को सिर्फ 113 वोटों से हराया था। इस बार JDU के कुमार पुष्पंजय और कांग्रेस के त्रिशूलधारी सिंह के बीच तगड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
5. डेहरी
रोहतास की डेहरी सीट पर साल 2020 में RJD के फतेह बहादुर सिंह कुशवाहा ने भाजपा के सत्यनारायण सिंह को लगभग 464 वोटों से करारी शिकस्त दिया था। लेकिन... इस बार NDA से लोजपा (रामविलास) के राजीव रंजन सिंह और RJD के गुड्डू चंद्रवंशी आमने-सामने हैं।
6. भोरे
गोपालगंज की सुरक्षित सीट भोरे पर साल 2020 में JDU के सुनील कुमार ने भाकपा (माले) के जीतेंद्र पासवान को करीब 462 वोटों से मात दिया था। अब 2025 में सुनील कुमार का हाई वोल्टेज मुकाबला माले के धनंजय से देखने को मिलेगा। जनसुराज पार्टी की प्रीति किन्नर ने इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
7. बछवाड़ा
बेगूसराय के बछवाड़ा में साल 2020 में भाजपा के सुरेंद्र मेहता ने CPI के अवधेश राय को लगभग 484 वोटों से मात दिया था। लेकिन... इस बार कांग्रेस, CPI और भाजपा के बीच कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
8. बखरी
बेगूसराय की बखरी सीट पर साल 2020 में भाकपा के सूर्यकांत पासवान ने भाजपा के रामशंकर पासवान को तकरीबन 777 वोटों से शिकस्त दिया था। अब 2025 में NDA से LJP (रामविलास) के संजय कुमार और कांग्रेस के विकास कुमार के बीच ज़ोरदार मुकाबला होगा।
9. परबत्ता
खगड़िया के परबत्ता में साल 2020 में JDU के डॉ. संजीव कुमार ने RJD के दिगंबर तिवारी को तकरीबन 951 वोटों से हराया था। अब डॉ. संजीव पार्टी बदलकर RJD में शामिल हो गए हैं और LJP के बाबूलाल शौर्य से सीधा मुकाबला कर रहे हैं।
10. चकाई
जमुई की चकाई सीट पर साल 2020 में निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने RJD की सावित्री देवी को लगभग 581 वोटों से मात दी थी। अबकी बार सुमित JDU से चुनाव लड़ रहे हैं और सावित्री देवी फिर से RJD से चुनावी मैदान में उतरी हैं।
अब परिणाम तय करेगा बिहार की सत्ता में कौन होगा?
इन 10 सीटों पर दोनों गठबंधन ने अपने स्टार नेताओं और रणनीतिक टीमों को पूरी तरह से झोंक दिया है। अब आगामी 14 नवंबर 2025 को जब परिणाम आएंगे, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या ये 10 सीटें वाकई में बिहार की 'सत्ता की कुंजी' साबित होती हैं या नहीं...
इस बार 2025 चुनाव में चकाई से सुमित कुमार सिंह JDU के उम्मीदवार हैं। उनका सिद्ध और तगड़ा मुकाबला RJD के सावित्री देवी से होगा। इस बार चकाई सीट पर RJD और NDA ने पूरी ताकत झोंक दिया है, देखा जाए तो... इस बार भी मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।
बिहार के सत्ता की कुंजी
बहरहाल 1000 से कम मतों से हार जीत वाली इन सीटों को दोनों ही गठबंधन के घटक दलों पहले ही चिन्हित कर लिया था और अब पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। क्योंकि सभी को लग रहा है कि सत्ता की कुंजी इन्हीं विधानसभा को अपने पाले में करने पर हासिल हो सकती है।