BJP की नैय्या डुबाने निकले CM योगी के मंत्री OP Rajbhar, बिहार चुनाव में उतार दिये दमदार उम्मीदवार

बिहार विधानसभा चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 47 उम्मीदवारों की सूची जारी की, ओपी राजभर ने भाजपा को चुनौती दी

Update:2025-10-15 18:00 IST

Om Prakash Rajbhar News (Image From Social Media)

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर देश की राजनीति इस समय काफी गरमाई हुई है। बिहार पर कब्जा करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और विपक्षी महा गठबंधन के बीच तीव्र मुकाबला चल रहा है। इसी बीच, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भी अकेले चुनाव लड़ रही है। अब सुभासपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरविंद राजभर द्वारा जारी इस सूची में कुल 47 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। अरविंद राजभर ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार और समान अवसर की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार की जनता के समर्थन से पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बिहार में संगठन मजबूत हो रहा है, अरविंद राजभर ने बताया कि ओपी राजभर लगातार बिहार पर नजर बनाए हुए हैं और बिहार का संगठन लगातार मजबूत कर रहे हैं। उनके प्रयासों से पार्टी बिहार में मजबूती हासिल कर रही है। साथ ही, उन्होंने बताया कि जिन लोगों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में टिकट दिया है, वे सभी जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं जो जनता के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

बता दें, एनडीए ने हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा किया, जिसमें बीजेपी और जेडीयू को 101-101 सीटें, लोजपा (रामविलास) को 29 सीटें, और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) व राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को 6-6 सीटें दी गईं। लेकिन सुभासपा को एक भी सीट नहीं दी गई, जिससे पार्टी प्रमुख ओपी राजभर ने नाराज होकर अलग राह चुन ली।

ओपी राजभर ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि जब बीजेपी को उपचुनावों में मदद की जरूरत थी, तब उनके नेता उनके दरवाज़े पर गुहार लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि:

"बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने खुद मदद मांगी थी, हमारी बात जेपी नड्डा और अमित शाह तक पहुंची थी। हमने गृह मंत्री से मिलकर अपने कार्यक्रमों की जानकारी दी थी। उन्होंने आश्वासन भी दिया था कि चुनाव में बैठकर बात करेंगे। लेकिन अब हमें पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर दिया गया।"

वही, दो दिन सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने बलिया में मीडिया को बताया था कि पार्टी बिहार में 153 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

अरविंद राजभर ने एनडीए नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग कहते हैं कि हमारे पास 500 वोट भी नहीं हैं, उन्हें बिहार चुनाव में असली ताकत का अंदाज़ा तब होगा जब वे खुद 500 वोटों से हारेंगे।” उन्होंने यह भी दावा किया कि सुभासपा की भागीदारी से NDA और INDIA गठबंधन दोनों के समीकरण बदल सकते हैं, क्योंकि पार्टी का असर कई सीटों पर पड़ने वाला है।

Tags:    

Similar News