CJP आंदोलन ने पार की सरहदें, 5 देशों में प्रदर्शन, दुनिया की मीडिया में भारत की चर्चा

CJP Protest 2026: CJP आंदोलन की गूंज ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा समेत कई देशों तक पहुंची। BBC, New York Times, The Guardian और अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी कवरेज दी।

Update:2026-07-23 16:13 IST

CJP Protest: Demonstrations Reported Abroad as Global Media Covers India Student Movement

CJP Protest 2026: दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ CJP के नेतृत्व वाला छात्र आंदोलन अब अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन की गूंज अब ब्रिटेन, जर्मनी, नीदरलैंड्स, आयरलैंड, कनाडा और अमेरिका तक पहुंच गई है। कई देशों में भारतीय समुदाय ने इस प्रोटेस्ट के समर्थन में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किए, जबकि न्यूयॉर्क टाइम्स, द गार्डियन, बीबीसी, फाइनेंशियल टाइम्स और अल जजीरा जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने भी इस आंदोलन को प्रमुखता से कवर किया। यानिवभारत की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा यह मुद्दा अब केवल देश के भीतर सीमित नहीं रहा बल्कि विदेशों में भी अपनी मजबूत पैठ बना चुका है।

दिल्ली से शुरू हुआ आंदोलन अब दुनिया के कई देशों तक बनाई अपनी पहुंच

दिल्ली में CJP के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग है। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई। भारत में चल रहे आंदोलन के समर्थन में ब्रिटेन, जर्मनी, नीदरलैंड्स, आयरलैंड और कनाडा सहित कई देशों में भारतीय मूल के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए। सबसे बड़ा प्रदर्शन लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने की मांग उठाई। आयरलैंड के डबलिन में भारतीय दूतावास के बाहर भी इसी तरह का प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारतीय छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए और सरकार को आंदोलनकारियों से बातचीत शुरू करनी चाहिए।

अमेरिका में भी न्यूयॉर्क और सैन जोस में दिखाई दिया समर्थन

अमेरिका में न्यूयॉर्क के यूनियन स्क्वायर और कैलिफोर्निया के सैन जोस में भी प्रदर्शन आयोजित किए गए। मानवाधिकार संगठन Hindus for Human Rights और भारतीय समुदाय के लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास एकत्र होकर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने पोस्टर और बैनर लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा सुधारों की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि युवाओं का भविष्य निष्पक्ष व्यवस्था पर निर्भर करता है और सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

विदेशी संगठनों ने भारत सरकार से संवाद शुरू करने की अपील की

प्रदर्शन आयोजित करने वाले संगठनों ने अपने बयानों में कहा कि भारत सरकार को आंदोलन कर रहे छात्रों और उनके प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू करनी चाहिए। उनका कहना है कि केवल आश्वासन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार को पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग बनी प्रमुख मुद्दा

विदेशों में हुए कई प्रदर्शनों के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग मुख्यरूप से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि परीक्षा प्रणाली को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। सरकार की ओर से इस मांग को स्वीकार करने के कोई संकेत नहीं मिले हैं और सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा- प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे

अमेरिका के प्रतिष्ठित अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि पुलिस कार्रवाई, लाठीचार्ज और आंसू गैस के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। अखबार के अनुसार संसद मार्च के अगले ही दिन हजारों छात्र दोबारा जंतर-मंतर पहुंचे और अपनी मांगों पर अड़े रहे। रिपोर्ट में आंदोलनकारी संगठनों के घायल प्रदर्शनकारियों के दावे और दिल्ली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों दोनों का उल्लेख किया गया।

द गार्डियन ने कहा- आंदोलन अब और मजबूत होता दिख रहा है

ब्रिटेन के अखबार द गार्डियन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद छात्र आंदोलन कमजोर नहीं पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार अगले ही दिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी फिर जंतर-मंतर पहुंचे और उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे। अखबार ने यह भी लिखा कि यह आंदोलन अब केवल शिक्षा सुधार का मुद्दा नहीं रह गया, बल्कि युवाओं के व्यापक असंतोष का प्रतीक बनता जा रहा है।

फाइनेंशियल टाइम्स ने राजनीतिक घटनाक्रम को प्रमुखता दी

ब्रिटेन के अखबार फाइनेंशियल टाइम्स ने छात्र आंदोलन के बाद सामने आए राजनीतिक घटनाक्रम पर विशेष ध्यान दिया। रिपोर्ट में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के विरोध प्रदर्शन, हिरासत और बाद में रिहाई का उल्लेख किया गया। अखबार ने यह भी लिखा कि सरकार की ओर से बातचीत के लिए पहुंचे प्रतिनिधियों ने शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को खारिज कर दिया।

BBC ने महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई का भी किया जिक्र

ब्रिटेन के सार्वजनिक प्रसारक BBC ने अपनी रिपोर्ट में उन प्रदर्शनकारियों के बयान शामिल किए, जिनका आरोप था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ भी सख्ती की गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि अगले दिन भी हजारों लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन जारी रखा। BBC ने विपक्षी नेताओं के समर्थन और सरकार से जवाब मांगने वाले बयानों का भी उल्लेख किया।

अल जजीरा ने जवाबदेही और लोकतंत्र पर उठाए सवाल

कतर के समाचार चैनल अल जजीरा ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि यह आंदोलन अब केवल परीक्षा सुधार तक सीमित नहीं रहा। रिपोर्ट में विशेषज्ञों के हवाले से लिखा गया कि इस आंदोलन ने सरकार की जवाबदेही, लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका और युवाओं की भागीदारी जैसे बड़े मुद्दों पर नई बहस शुरू कर दी है।

डॉन ने लिखा, विपक्ष को मिला सरकार को घेरने का नया मुद्दा

पाकिस्तान के अखबार डॉन ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि छात्र आंदोलन के बाद विपक्षी दलों को सरकार पर हमला बोलने का नया अवसर मिला है। रिपोर्ट में विश्लेषकों के हवाले से कहा गया कि आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने से शिक्षा सुधार का मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया है। हालांकि अखबार ने यह भी कहा कि इससे छात्रों के मूल मुद्दे राजनीतिक बहस के बीच पीछे छूटने का खतरा भी पैदा हो सकता है।

विदेशों में हुए प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की व्यापक कवरेज ने इस छात्र आंदोलन को वैश्विक पहचान दिलाई है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देशों में शामिल है। इसलिए यहां की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर पूरी दुनिया की पैनी नजर रहती है।

Tags:    

Similar News