CJP का 'सीजन-2' शुरू! राजस्थान में आशुतोष रांका ने भरी हुंकार, अनिश्चितकालीन धरने किया ऐलान...जानिए क्यों?

CJP Rajasthan Protest: राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने 'सीजन-2' का ऐलान कर दिया है। अलवर के जोधावास स्कूल की जर्जर छत और सड़क की समस्या को लेकर आशुतोष रांका ने अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया।

Update:2026-08-14 19:52 IST

CJP Rajasthan Protest: जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अब राजस्थान में अपनी हलचल काफी तेज कर दी है। पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने राज्य में शिक्षा की बदहाली को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इस बार उनके सीधे निशाने पर अलवर का जिला प्रशासन और स्थानीय अव्यवस्थाएं हैं। सीजेपी की इस नई पहल से प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी मच गई है।

जोधावास स्कूल की छत ढहने पर भड़के आशुतोष रांका

कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट लिखकर अलवर की जिलाधिकारी पर तीखा प्रहार किया है। रांका ने थानागाजी के जोधावास स्थित सरकारी स्कूल की खस्ताहाल इमारत का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले 4 साल से जर्जर इस विद्यालय की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और प्रशासन जागा।

'अमित शाह की रैली होती तो भी लगता 1 साल?'

आशुतोष रांका ने कहा कि क्षेत्र की मासूम छात्राएं बिना सड़क के खतरनाक नदी पार करके स्कूल आने को मजबूर हैं। जब इस पर डीएम से बात की गई, तो उन्होंने स्कूल का कमरा बनने में 6 महीने और सड़क निर्माण में 1 साल का समय लगने की बात कही। इस पर रांका ने तंज कसते हुए पूछा कि परसों पास ही अमित शाह की रैली होने जा रही है, अगर वही रैली इस गांव में होती तो क्या तब भी सड़क बनने में 1 साल ही लगता? अधिकारियों के पास इसका कोई जवाब नहीं था।

'बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे'

सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पूरी टीम यहां धरने पर बैठी है। उन्होंने साफ कहा कि बच्चों के भविष्य को इस तरह बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। सरकार तुरंत तारीख तय करके बताए कि जर्जर स्कूल की इमारत का पुनर्निर्माण और पक्की सड़क का निर्माण कार्य कब तक पूरा किया जाएगा। पार्टी संघर्ष जारी रखेगी।

अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान: जल्द आएगा 'सीजन-2'

दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली के नारायणा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नए आंदोलन का ऐलान किया। दीपके ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा सुधार का 'सीजन-2' जल्द शुरू होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के दबाव में उनके कार्यक्रम के हॉल की बुकिंग रद्द कराई गई, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। कार्यकर्ता मजबूती से खड़े रहेंगे।

20 जुलाई की कार्रवाई पर अमित शाह से मांगी माफी

अभिजीत दीपके ने 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह को घेरा। उन्होंने कहा कि शाह को संसद के भीतर माफी मांगनी चाहिए। महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान में सीजेपी के इस आक्रामक रुख से साफ है कि आने वाले दिनों में देश में शिक्षा के मुद्दे पर राजनीति और गरमाएगी। आंदोलन और तेज होगा।

Tags:    

Similar News